फीफा वर्ल्ड कप: जीत के साथ स्पेन ने नॉकआउट स्टेज में बनाई जगह, उरुग्वे का सफर समाप्त

गुआडालाहारा,। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप एच के मुकाबले में स्पेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उरुग्वे को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ ही स्पेन ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। स्पेन के खिलाफ मिली हार के साथ ही उरुग्वे का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है। स्पेन की ओर से इस मुकाबले में एकमात्र गोल एलेक्स बेना ने किया। स्पेन अपनी दो जीत और एक ड्रॉ से 7 प्वाइंट्स के साथ ग्रुप में टॉप पर रहा, जबकि वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाली केप वर्डे की टीम तीन ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रही। उरुग्वे ग्रुप स्टेजमें सिर्फ दो प्वाइंट्स अर्जित कर सका। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उरुग्वे ने शुरुआत में अच्छा खेल दिखाया और स्पेन पर दबाव बनाने की कोशिश की। स्पेन की ओर से भी कई हमले हुए, खासकर सेट पीस पर, जहां पाउ क्यूबार्सी को गोल करने के मौके मिले, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उरुग्वे की तरफ से फेडेरिको वाल्वरडे और डार्विन नुनेज ने भी एक अच्छा मौका बनाया, लेकिन टीम उसे गोल में तब्दील नहीं कर सकी। पहले हाफ में दोनों टीमों के गोलकीपरों ने दमदार प्रदर्शन किया। हालांकि, मैच के 42वें मिनट में स्पेन की टीम आखिरकार 1-0 की बढ़त हासिल करने में सफल रही। बेना ने बॉक्स के किनारे से जगह बनाते हुए तेज शॉट लगाया, जो उरुग्वे के अनुभवी गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा को चकमा देकर गोल पोस्ट में पहुंचा। यह थोड़ा अजीब गोल था, क्योंकि खेल जारी रहने के दौरान मैनुअल उगार्टे और लैमिन यामल दोनों का मैदान पर इलाज चल रहा था, लेकिन बेना ने कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई। दूसरे हाफ में उरुग्वे ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखने की कोशिश की, लेकिन वह स्पेन के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सके। उरुग्वे के सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी फेडेरिको विनास को स्कोर बराबर करने का अच्छा मौका मिला,लेकिन उनका शॉट गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गया। स्पेन की ओर से डैनी ओल्मो और फेरान टोरेस ने भी गोल करने का प्रयास किया, लेकिन उरुग्वे के गोलकीपर और डिफेंडरों ने उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया। मैच के अंतिम समय में उरुग्वे ने कई हमले किए, लेकिन स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन ने शानदार बचाव किए और टीम की बढ़त को बनाए रखा। स्टॉपेज टाइम में उरुग्वे के खिलाड़ी अगस्टिन कैनोबियो को रेड कार्ड मिला, जिसने टीम की निराशा को और बढ़ाने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा