‘ सत्ता में बैठी राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाती हैं’, एआई वीडियो वार पर बोले चंद्रशेखर

अयोध्या। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद चंद्रशेखर एक कार्यक्रम में अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों के बीच एआई वीडियो के जरिए चल रहे आरोप-प्रत्यारोप पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एआई से बना ‘अजय सेठ’ वाला वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में महंगाई, बेरोजगारी और सरकार के दावों पर तंज कसा गया था। इसके बाद से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एआई वीडियो के जरिए पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस एआई वीडियो को कई बार चलाकर सरकार पर हमला बोला था। इसी मुद्दे पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “अगर अब आरोप लग रहे हैं, तो कुछ हुआ जरूर होगा, तभी उन्होंने आरोप लगाए हैं। और इसमें कोई शक नहीं है, यह सच भी है। सत्ता में बैठी सभी राजनीतिक पार्टियां ऐसा करती हैं, वे एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाती हैं। भाजपा इसमें आगे है क्योंकि वह सत्ता में है और उसके पास ज्यादा संसाधन हैं, इसलिए वे ज्यादा कर रहे हैं। वरना वे भी करते हैं, वे साजिश रचते हैं और ऐसे सभी काम करते हैं। यह सब हमारे सामने है। हमारे पास कई अन्य पार्टियों के बारे में भी जानकारी है जो इस तरह से साजिश कर रही हैं। लेकिन जब समय आएगा तो जनता उन्हें जवाब देगी।” बता दें कि अखिलेश यादव ने हाल ही में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एआई द्वारा बनाया गया एक वीडियो दिखाया था। मीडिया रिपोर्ट्स में इसे ‘अजय सेठ’ का एआई वीडियो बताया जा रहा है। इस वीडियो में सरकार की नीतियों, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को उठाया गया है। अखिलेश के इस वीडियो को दिखाने के बाद यूपी की सियासत में एआई वीडियो वार शुरू हो गया है। सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर एआई के जरिए भ्रामक वीडियो बनाने और साजिश रचने के आरोप लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा