यूजीसी-नेट जून 2026 की फाइनल आंसर-की जारी, एनटीए ने दी जानकारी

नई दिल्ली। यूजीसी-नेट जून 2026 के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की फाइनल आंसर-की जारी कर दी गई है। इन विषयों की पुनर्परीक्षा 9 और 10 सितंबर को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी संबंधित फाइनल आंसर-की जाकर देख सकते हैं। एनटीए ने एक बयान जारी कर बताया कि इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की फाइनल आंसर-की जारी कर दी गई है, जिसे वेबसाइट पर देखा जा सकता है। इंग्लिश और कॉमर्स विषयों की पुनर्परीक्षा 9 सितंबर को आयोजित की गई थी। इंग्लिश का पेपर पहली शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि कॉमर्स का पेपर दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक हुआ था। वहीं, सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को पहली शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई थी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्नपत्रों में कई गलतियां होने की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों की जांच के लिए एक समिति गठित की गई थी। समिति की सिफारिश के बाद एनटीए ने निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित करने का फैसला किया था। पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों से किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया गया था। साथ ही एनटीए ने स्पष्ट किया था कि इससे सीटों की संख्या पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा। यूजीसी-नेट जून 2026 की परीक्षा कुल 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी में शिकायतें सामने आने के बाद इन तीन विषयों की दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया, जबकि अन्य 84 विषयों की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखी गई। यूजीसी-नेट परीक्षा का आयोजन विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता, पीएचडी में प्रवेश और जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए पात्रता निर्धारित करने के उद्देश्य से किया जाता है। अब इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की फाइनल आंसर-की उपलब्ध होने के बाद उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर इसे देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा