रोज सुबह नाश्ते में खाएं भीगे मेवों का मिश्रण, स्वाद के साथ मिलेगी अच्छी सेहत

नई दिल्ली। दिन की शुरुआत अगर पौष्टिक खानपान से हो तो शरीर को जरूरी पोषक तत्व आसानी से मिल सकते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सुबह की डाइट में मेवों को शामिल करने की सलाह दी है। पोस्ट में बादाम, अखरोट और किशमिश जैसे मेवे से मिलने वाले कई जरूरी पोषक तत्वों के बारे में भी बताया गया है। सुबह के समय भीगे हुए मेवों का मिश्रण लेना एक आसान और पौष्टिक विकल्प हो सकता है। रात में मेवों को भिगोकर रखने और सुबह खाने का चलन भारतीय घरों में लंबे समय से देखा जाता है लेकिन अगर आप मेवों को भिगोना भूल जाते हैं तो इन्हें सामान्य रूप से भी संतुलित मात्रा में खा सकते हैं। बादाम पोषण से भरपूर मेवों में शामिल है। इसमें विटामिन-ई, मैग्नीशियम, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं। विटामिन-ई शरीर के लिए एक महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट है, जबकि मैग्नीशियम शरीर की कई सामान्य जैविक प्रक्रियाओं में भूमिका निभाता है। सुबह के नाश्ते में सीमित मात्रा में बादाम शामिल करना डाइट को पौष्टिक बनाने का एक सरल तरीका हो सकता है। वहीं, अखरोट को ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसे सीधे खाया जा सकता है या फिर ओट्स, दलिया, दही अथवा फलों के साथ भी शामिल किया जा सकता है। किशमिश स्वाद में मीठी होने के साथ पोटैशियम, आयरन और फाइबर जैसे पोषक तत्व भी देती है, हालांकि इसमें प्राकृतिक शर्करा की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक होती है। इसलिए इसे भी संतुलित मात्रा में खाना बेहतर है। खासकर डायबिटीज या ब्लड शुगर से जुड़ी समस्या वाले लोगों को अपनी व्यक्तिगत डाइट के अनुसार मात्रा तय करनी चाहिए। भीगे बादाम, अखरोट और किशमिश को मिलाकर लिया जाए तो सुबह के आहार में अलग-अलग पोषक तत्व शामिल किए जा सकते हैं, लेकिन यह याद रखना जरूरी है कि कोई एक खाद्य पदार्थ संपूर्ण पोषण का विकल्प नहीं है। स्वस्थ रहने के लिए मेवों के साथ फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और पर्याप्त पानी को भी रोजमर्रा की डाइट में शामिल करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा