पश्चिम बंगाल: पुलिस ने विस्फोटक से लदी कार को जब्त किया, मालिक को हिरासत में लिया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दत्तापुकुर इलाके में पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। गुरुवार को अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने दत्तापुकुर इलाके में जेसोर रोड से विस्फोटकों से लदी एक कार जब्त की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार देर रात कार को जब्त कर लिया गया और इसके मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए), और बम डिस्पोजल स्क्वॉड के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की एक टीम भी मौके पर पहुंची है। मिली जानकारी के अनुसार, एनएसजी के जवान रात से ही उस जगह पर तैनात हैं। त्योहारों के इस मौसम में कार में बारूद और विस्फोटक सामग्री कहां ले जाई जा रही थी, इसकी जांच की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कार कोलकाता की ओर आ रही थी। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने यह भी बताया कि कार से बरामद विस्फोटक सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस जगह पर विस्फोटक से लदी गाड़ी मिली, वह भारत-बांग्लादेश सीमा के काफी करीब है। यही वजह है कि जांचकर्ताओं को इसमें विदेशी कनेक्शन होने का शक है। कार का मालिक रकीबुल इस्लाम है। उसका एक कार शोरूम भी है और उसके पास दो घर हैं। वह अपने परिवार के साथ एक घर में रहता है, जबकि दूसरा घर उसने किराए पर दे रखा है। इस्लाम के घर की भी जांच की गई और उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई। विजयादशमी की रात को बरामदगी होने से इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने इस्लाम के दो मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त कर लिया है। जानकारी सामने आई है कि इस्लाम पहले एक मोटर मैकेनिक के तौर पर काम करता था। वह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान आर्थिक रूप से बहुत तेजी से आगे बढ़ा। टीएमसी सरकार के दौरान उसने जल्दी ही एक कार शोरूम खोल लिया और दो आलीशान घरों का मालिक भी बन गया। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान इस्लाम ने विस्फोटक से लदी गाड़ी का मालिक होने से इनकार कर दिया। राज्य के पंचायत मामलों और ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान, अपराधी बेखौफ होकर राज्य के भीतर विस्फोटक लाते-ले जाते थे। लेकिन अब राज्य में एक राष्ट्रवादी सरकार है, और इसलिए इन तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा