पक्ष एवं विपक्ष के सभी पार्षदों को अपने मुद्दे एवं सुझाव रखने का पूरा अवसर दिया गया : सत्या शर्मा

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक आज सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक के दौरान पक्ष एवं विपक्ष दोनों के पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याएं, मुद्दे एवं सुझाव रखने का पूरा अवसर दिया गया।स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति लोकतांत्रिक संवाद और जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक में पार्षदों द्वारा मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम, स्वाइन फ्लू, अवैध प्ले स्कूल, सड़कों पर अवैध अतिक्रमण,बेसहारा पशुओं की समस्या, पार्कों के रखरखाव, प्रदूषण तथा स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित के विषय प्रमुखता से उठाए गए।मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के संबंध में श्रीमती सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराने के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इन अभियानों में संबंधित क्षेत्र के पार्षदों को भी सक्रिय रूप से शामिल किया जाए,सत्या शर्मा ने दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सावधानियों के संबंध में जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।स्थायी समिति अध्यक्ष ने दिल्ली में संचालित किए जा रहे अवैध प्ले स्कूलों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे संस्थानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से संचालित हो रहे खाने के ठेलों तथा खुले में तंदूर का इस्तेमाल किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। श्रीमती सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।सत्या शर्मा ने दिल्ली में आवारा एवं बेसहारा गायों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सड़कों पर पशुओं की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर नई गौशालाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति का उद्देश्य केवल प्रस्ताव पारित करना नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में उठाए गए जनहित के विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए।उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, अतिक्रमण एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विषय सीधे दिल्लीवासियों के दैनिक जीवन को प्रभावित करते हैं। इन सभी विषयों पर निगम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा