पंजाब: लुधियाना विजयदशमी उत्सव में शामिल हुए गृह मंत्री अमित शाह, ‘चिट्टे’ के रावण का किया दहन

लुधियाना। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लुधियाना पंजाब में विजयदशमी उत्सव में भाग लिया और ‘चिट्टे के प्रतीकात्मक रावण’ का दहन किया। अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारी परंपरा में रावण के पुतले का दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। विजयदशमी का दिन हर व्यक्ति को अपने अंदर के अहंकार, मद, लोभ और अन्य बुराईयों को समाप्त करने का दिन है। आज ही के दिन हजारों साल पहले प्रभु श्री राम ने रावण पर विजय प्राप्त की थी और तब से पूरी दुनिया बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में प्रभु श्री राम की विजय को मनाती है। उन्होंने कहा कि वह बचपन से सुनते आए थे कि रावण दहन देखना है तो लुधियाना में जाकर देखो, 200 साल से यहां पर रामलीला कमेटी रावण दहन का कार्यक्रम करती है। अमित शाह ने कहा कि उन्होंने पंजाब के तीन स्थानों पर नशे के खिलाफ लड़ाई में अपने बेटों को खोने वाले परिवारों से आज मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उन परिजनों की आंखों के आंसू, उनके सवाल और वेदना किसी भी व्यक्ति को झंझोड़ कर रख देने वाली है। गृह मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने एक हत्या की जांच सीबीआई को सौंपी है। उन्होंने पंजाब सरकार से कहा कि बाकी दो हत्याओं की जांच भी सीबीआई को सौंप दे। गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मामलों में न्याय होकर रहेगा। एक बार सीबीआई को जांच सौंपने के बाद इन हत्याओं में कितना भी बड़ा व्यक्ति संलिप्त हो, मोदी सरकार उसे ढूंढकर जेल की सलाखों के पीछे डाल देगी। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज विजयदशमी के दिन ही यह संकल्प लेते हैं कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पूरे पंजाब को नशे के कारोबार से मुक्त कर एक नशामुक्त पंजाब बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अपनी जान गंवाने वाले तीनों बहादुरों को इससे बड़ी श्रद्धांजलि कोई नहीं हो सकती। गृह मंत्री शाह ने कहा कि पंजाब की जनता एनसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन पर नशे के कारोबार की सूचना देगी तो मोदी सरकार उस पर कार्रवाई करेगी। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार का रिकॉर्ड है कि हमने जो कहा है, वह करके दिखाया है। धारा 370 और 35 ए चली गई, आतंकवाद समाप्ति की कगार पर है, और नक्सलवाद को हमने समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब हम नशे के कारोबार को भी समाप्त कर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा