रणवीर-दीपिका को दूसरी बेटी के जन्म पर लगा बधाइयों का तांता, आदित्य धर ने कहा- पहले लक्ष्मी, अब सरस्वती

मुंबई। बॉलीवुड कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने शनिवार को अपने दूसरे बच्चे का स्वागत किया। जैसे ही यह खुशी की खबर आई कि वे दूसरी बेटी के माता-पिता बन गए हैं, चारों तरफ से उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं मिलने लगीं। हालांकि, रणवीर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के डायरेक्टर आदित्य धर का कमेंट सबसे खास रहा। फिल्ममेकर ने कहा, “पहले लक्ष्मी आईं, अब सरस्वती भी आ गईं!! आप लोगों के लिए बहुत-बहुत खुशी है। परिवार में एक और नन्ही परी आ गई है। भगवान उसे दुनिया का सारा प्यार और खुशियां दें।” 19 सितंबर को रणवीर और दीपिका ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए खुशी-खुशी यह खबर शेयर की। इस पोस्ट में बच्चे के छोटे से पैरों के निशान के साथ लिखा था, “बेबी गर्ल का स्वागत है…19/9/2026…दुआ, दीपिका, रणवीर”। नए माता-पिता को उनकी इस नई यात्रा के लिए बधाई देते हुए एक्टर विक्की कौशल ने कमेंट किया, “भगवान का आशीर्वाद बना रहे! बधाई हो।” आलिया भट्ट ने रेड हार्ट, बुरी नजर से बचाने वाले इमोजी, सूरज और डांस वाले इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की। कृति सेनन ने लिखा, “अरे वाह!! आप दोनों को बधाई!!! (रेड हार्ट इमोजी)। दुआ को एक छोटी बहन मिल गई!!! यह सच में एक आशीर्वाद है।” दिग्गज एक्टर अनिल कपूर ने लिखा, “बधाई हो, बेटियां सबसे अच्छी होती हैं।” एक्टर रितेश देशमुख ने कमेंट सेक्शन में लिखा, “बहुत अच्छी खबर है… बहुत-बहुत बधाई!!!!!! दुआ और दुआ की छोटी बहन को ढेर सारा प्यार।” सोनम कपूर ने लिखा, “क्या शानदार खबर है… बधाई हो।” आयुष्मान खुराना ने कहा, “ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद।” डिलीवरी से एक दिन पहले शुक्रवार को रणवीर और दीपिका मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में आशीर्वाद लेते हुए दिखे। इस कपल ने अपनी बड़ी बेटी दुआ के जन्म से ठीक पहले भी इसी मशहूर मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। दीपिका और रणवीर ने इस साल अप्रैल में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। उन्होंने अपनी बेटी दुआ की एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वह प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े हुए थी, जिसका रिजल्ट पॉजिटिव था। कई सालों तक रिलेशनशिप में रहने के बाद, दीपिका और रणवीर ने आखिरकार नवंबर 2018 में इटली के लेक कोमो में एक निजी लेकिन शानदार समारोह में शादी की। दीपिका और रणवीर ने 8 सितंबर, 2024 को अपनी पहली बेटी दुआ का स्वागत किया था।

हाई ब्लड प्रेशर को न करें नजरअंदाज, इन आसान आदतों से रखें इसे कंट्रोल

नई दिल्ली। हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) ऐसी समस्या है, जो कई बार बिना किसी स्पष्ट लक्षण के लंबे समय तक शरीर में बनी रह सकती है। व्यक्ति रोजमर्रा का काम सामान्य तरीके से करता रहता है और उसे महसूस भी नहीं होता कि बढ़ा हुआ रक्तचाप धीरे-धीरे उसके दिल, रक्त वाहिकाओं और किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल रहा है। यही वजह है कि हाई ब्लड प्रेशर को अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है। हाई ब्लड प्रेशर का पता लगाने का सबसे आसान तरीका नियमित रूप से रक्तचाप की जांच करना है। खासकर जिन लोगों को पहले से उच्च रक्तचाप है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसकी निगरानी करते रहना चाहिए। नियमित जांच से ब्लड प्रेशर में होने वाले बदलावों पर समय रहते ध्यान दिया जा सकता है। शारीरिक रूप से सक्रिय रहना स्वस्थ रक्तचाप बनाए रखने में मदद कर सकता है। रोज करीब 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि, जैसे तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना या अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम, दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है। लंबे समय तक बैठे रहने की आदत को भी कम करने की कोशिश करें। ज्यादा नमक का सेवन रक्तचाप बढ़ सकता है। इसलिए खाने में नमक की मात्रा कम करना जरूरी है। संतुलित और पौष्टिक आहार लें तथा संतृप्त और ट्रांसफैट वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। फल, सब्जियां और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। अगर डॉक्टर ने हाई ब्लड प्रेशर की दवा लिखी है, तो उसे अपनी मर्जी से बंद या कम नहीं करना चाहिए। दवा निर्धारित समय और मात्रा में लेना जरूरी है। कई बार ब्लड प्रेशर सामान्य आने पर लोग दवा छोड़ देते हैं, लेकिन ऐसा करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। इसके अलावा, धूम्रपान और अन्य तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाना दिल और रक्त वाहिकाओं की सेहत के लिए महत्वपूर्ण है। शराब का सेवन करते हैं तो उसे कम करना भी जरूरी है। इसके साथ ही तनाव को कम करने के लिए पर्याप्त नींद, आराम और अपनी पसंद की स्वस्थ गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है।

साप्ताहिक राशिफल 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक

साप्ताहिक राशिफल 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक लग्नराशि पर आधारित कलाशांति ज्योतिष साप्ताहिक राशिफल में जानिए इस सप्ताह आपका पारिवारिक जीवन, आर्थिक दशा, स्वास्थ्य और कार्यक्षेत्र में आपकी स्थिति कैसी रहेगी, इस सप्ताह आपको क्या-कुछ मिलने वाला है, आपके लिए क्या-क्या करना फायदेमंद रहेगा और परेशानियों से बचने के लिए आपको कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए। मेष लग्नराशि : इस सप्ताह मेष राशि के जातक के लिए नौकरी और व्यापार तथा छात्रों को पढ़ाई से जुड़ी यात्रा के योग बन सकते है। राजनीति क्षेत्र से जुड़े जातकों के लिए हफ्ता लाभ देने बाला बना रहेगा। आपकी प्रतिभा में निखार आएगा। धन से जुड़ी समस्याओं का अंत होगा। स्वास्थ्य के लिहाज से सर्दी जुकाम या मौसमी बीमारियां परेशान कर सकती है। नौकरी तथा व्यापार में किये जा रहे प्रयास सफल होंगे। आखिरी दिनों में परिवार में खुशियों का माहौल बन सकता है। वृषभ लग्नराशि : इस सप्ताह वृषभ राशि के जातकों को अपनी चल रही परेशानियों का समाधान प्राप्त होगा। इस हफ्ते आपको सभी कार्यों में मानसिक सुख की प्राप्ति हो सकती है। स्वास्थ्य में उतार चढ़ाव बने रहेंगे। वाहन इत्यादि चलाते समय सावधानी रखें ,चोट चपेट आशंका बन सकती है। मकान जमीन के कार्यों से धन लाभ की प्राप्ति के योग बन सकते है। छात्रों के लिए समय अनुकूल बना रहेगा। जीवन साथी से संबंध मधुर होंगे,ननिहाल पक्ष से फायदा मिल सकता है। मिथुन लग्नराशि: इस सप्ताह मिथुन राशि के जातकों को अपने पराक्रम के बल पर धन लाभ की प्राप्ति होगी। स्वास्थ्य ठीक ठाक बना रहेगा,लेकिन पेट से सम्बन्धित कोई विकार परेशान कर सकता है। नौकरी कर रहे जातकों को प्रमोशन की प्राप्ति हो सकती है। सरकारी कार्य बिना अवरोध के पूर्ण होंगे। संतान पक्ष से खुशखबरी मिल सकती है। नया वाहन की खरीदारी कर सकते है। जीवन साथी के साथ तालमेल बना कर चले उचित रहेगा। कर्क लग्नराशि : इस सप्ताह कर्क राशि के जातकों की आर्थिक स्थिति मजबूत बन सकती है। इस हफ्ते आपको कोई परेशानी और चिंता तो बनी रहेगी, लेकिन जल्द ही उसका समाधान भी प्राप्त हो सकता है। धन को लेकर कोई आपकी मदद के लिए आगे आ सकता है। व्यापारी वर्ग के लिए हफ्ता लाभ देने वाला बना रहेगा। भाई बहनों का सहयोग मिलेगा। सेहत को लेकर कोई लापरवाही न बरते ,प्रेम प्रसंग को लेकर स्थितियां अच्छी बनी रहेगी। सिंह लग्नराशि : यह सप्ताह सिंह राशि के जातकों के लिए अच्छा रहेगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आपकी आय तथा जमा धन राशि में बढ़ोतरी के योग बने रहेंगे। नौकरी में स्थितियां पहले से और अच्छी होगी अगर नौकरी की तलाश में तो वह प्राप्त हो सकती है। इस हफ्ते व्यापारिक क्षेत्र से अधिक मुनाफा प्राप्त कर सकते है। पारिवारिक लोगों के साथ आनंद और खुशियों के पल व्यतीत करेंगे। सेहत ठीक रहेगी लेकिन फिर भी खान पान का ध्यान रखे। कन्या लग्नराशि : इस सप्ताह कन्या राशि के जातकों की शुरुआत खर्चो से हो सकती है। आपके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना होगी तथा सामाजिक क्षेत्र में मान सम्मान की प्राप्ति हो सकती है। सरकारी कार्यों से जुड़े व्यापारियों को अधिक लाभ की प्राप्ति हो सकती है। कोई अच्छी खबर आपकी ख़ुशी बड़ा सकती है। सेहत ठीक रहेगी अगर कोई ब्लड प्रेसर के मरीज है तो दवाई समय से ले। क्रोध तथा चीड़ चिडेपन से दूर रहे अच्छा रहेगा। तुला लग्नराशि : इस सप्ताह तुला राशि के जातकों अचानक धन की प्राप्ति हो सकती है। अपनी जमा पूंजी को लेकर कोई निर्णय ले सकते है। आपके द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा होगी। आपका मान सम्मान बढ़ेगा। इस हफ्ते आप अपनी सुख सुविधाओं को और अच्छा करने पर खर्च कर सकते है। नौकरी तथा व्यापार को लेकर स्थितिया और मजबूत होगी। छात्रों के लिए हफ्ता अच्छा बना हुआ है। पारिवारिक जिम्मेदारियां का निर्वाह मन से करेंगे। वृश्चिक लग्नराशि: यह सप्ताह वृश्चिक राशि के जातकों के लिए ठीक-ठाक बना रहेगा। मान सम्मान में वृद्धि होगी। नौकरी में उच्च पद की प्राप्ति के योग बन सकते है। धन को लेकर स्थितियां सुधरेगी तथा अचानक धन लाभ की प्राप्ति के योग बनेगे। किसी मांगलिक कार्यक्रम में भागीदारी हो सकती है। वैवाहिक तथा पारिवारिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी। हफ्ते का अंत में कुछ खर्च बढ़ सकता है। सेहत ठीक-ठाक बनी रहेगी। धनु लग्नराशि : इस सप्ताह धनु राशि के जातकों के भाग्य का विकास होगा तथा किये जा रहे कार्य सफल होंगे। किस्मत का भरपूर साथ होने से आपको कार्यक्षेत्र में सफलता जल्दी प्राप्त होगी। नौकरी पेशा वर्ग के लोगो को अपने बॉस से तारीफ मिल सकती है। जॉब से सम्बन्धित कोई अच्छी खबर प्राप्त हो सकती है। निजी सुखों में वृद्धि संभव है। अचानक गुप्त धन लाभ होगा। किसी धार्मिक संस्था से जुड़ सकते है तथा धार्मिक कार्यों पर खर्च होगा। मकर लग्नराशि : इस सप्ताह मकर राशि के नौकरी कर रहे जातकों के लिए समय अच्छा रहेगा। व्यापारी वर्ग को अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। शुरुआत में स्वास्थ्य गड़बड़ बना रह सकता है। जीवन साथी का स्वास्थ्य बिगड़ेगा तथा उस पर खर्च भी हो सकता है। व्यावसायिक लाभ के लिए नए श्रोत उपलब्ध हो सकते है। अहंकार का त्याग करें अन्यथा कार्यक्षेत्र में समस्या उत्पन्न हो सकती है। व्यर्थ के खर्चे हो सकते है अतः खर्च पर ध्यान दे। कुंभ लग्नराशि : यह सप्ताह कुंभ राशि वालों के लिए जो निजी व्यापार करते है के लिए अच्छा साबित सिद्ध होगा। व्यापारिक वर्ग को धन लाभ होने से संचय धन में वृद्धि होगी। करियर के लिहाज से यह हफ्ता अच्छा जा सकता है। नयी जॉब अप्लाई के लिए हफ्ता अच्छे रिजल्ट दे सकता है पूर्ण लाभ उठाये। सरकार से जुड़े कार्य लाभ दे सकते है। स्वास्थ्य का ध्यान रखे सिरदर्द की समस्या हो सकती है। छात्रों को अधिक परिश्रम से सफलता मिलेगी। मीन लग्नराशि : यह सप्ताह मीन राशि के जातकों को शत्रुओं से सावधान रहना पड़ेगा। कोई आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकता है। नौकरी तथा व्यापरिक क्षेत्र में आपको अधिक परिश्रम करना पड़ेगा तभी सफलता प्राप्त होगी। व्यर्थ के वाद विवाद से दूर रहे। इस हफ्ते आप अपने जीवन साथी तथा लव पार्टनर के साथ कहीं घूमने का प्लान बना सकते है। छोटी दूरी की यात्राएं होती

एशियन गेम्स: भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराया, फाइनल में श्रीलंका से सामना

निशिन। एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट इवेंट में महिला एशिया कप 2026 की पुनरावृत्ति हो गई है। महिला एशिया कप 2026 की तरह ही एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट का फाइनल मुकाबला भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच होगा। रविवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम इंडिया ने सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के विस्फोटक शतक की बदौलत 4 विकेट पर 195 रन बनाए थे। शेफाली ने मात्र 49 गेंदों पर शतक लगाया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का पहला शतक था। शेफाली ने 49 गेंदों पर 9 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन की पारी खेली। इस शतक के साथ ही शेफाली ने मंधाना के सबसे तेज टी20 शतक के भारतीय महिला क्रिकेटर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मंधाना ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों में ही शतक लगाया था। शेफाली के अलावा, स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 37 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 40 रन की पारी खेली। बांग्लादेश के लिए मारूफा अख्तर, संजीदा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर ने 1-1 विकेट लिए। 196 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। सर्वाधिक 24 रन ओपनर दिलारा अख्तर ने बनाए। भारतीय टीम की तरफ से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। श्री चरणी को 2 विकेट मिला। क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने 1-1 विकेट लिए। भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी। फाइनल मंगलवार को भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 से खेला जाएगा। श्रीलंका ने रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराया था। एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट में कांस्य पदक के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा। ये मुकाबला भी मंगलवार को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 से खेला जाएगा।

जब किशोर कुमार के गानों को एक साल के लिए ऑल इंडिया रेडियो से बैन कर दिया गया था

मुंबई। क्या आप जानते हैं कि मशहूर गायक किशोर कुमार को एक साल के लिए ऑल इंडिया रेडियो पर बैन कर दिया गया था? जब इंदिरा गांधी की सरकार ने 1975-1977 के दौरान इमरजेंसी लगाई थी, तब किशोर कुमार के गानों को सरकारी ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन पर प्रसारित करने से रोक दिया गया था। किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार से एक्टर और कॉमेडियन कपिल शर्मा ने उनके शो पर इस बारे में पूछा था। असल में क्या हुआ था, यह बताते हुए अमित कुमार ने कहा, “जब 1975 में इमरजेंसी लगी थी, तब किशोर कुमार एक प्लेबैक सिंगर के तौर पर टॉप पर थे। उन्हें दिल्ली से एक कॉल आया। मिनिस्ट्री से किसी ने फोन किया और मेरे पिता ने फोन उठाया।” उस व्यक्ति ने कहा, “किशोर साहब, हम आपका टिकट भेज रहे हैं। आप कल शाम की फ्लाइट से आ जाइए। परसों आपका एक शो है।” हालांकि, किशोर कुमार ने उनसे कहा कि वे बात करने के लिए अपना कोई प्रतिनिधि भेजें। उन्होंने कहा, “तभी मैं आ पाऊंगा, वरना नहीं। अगर भगवान भी आकर मुझसे कहें, तो भी मैं नहीं आ पाऊंगा।” मशहूर गायक के इस जवाब से अधिकारी बहुत नाराज हो गए और उन्होंने उन पर बैन लगाने की धमकी दी। अपनी बात पर कायम रहते हुए उस फोन कॉल के दो घंटे के अंदर ही किशोर कुमार पर बैन लगा दिया गया। हालांकि, बैन के बावजूद किशोर कुमार की लोकप्रियता पर कोई असर नहीं पड़ा। लगभग एक साल बाद जब इमरजेंसी हटाई गई, तो उनके गाने ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर फिर से बजने लगे। संगीत प्रेमी आज भी उनके गानों को बहुत पसंद करते हैं, जो उनके दिलों में एक खास जगह रखते हैं। किशोर कुमार को गायन का पहला मौका संगीत निर्देशक खेमचंद प्रकाश से मिला, जिन्होंने उन्हें फिल्म ‘जिद्दी (1948)’ के लिए ‘मरने की दुआएं क्यों मांगू’ गाने का मौका दिया। उन्होंने ‘एक लड़की भीगी भागी सी’, ‘मेरे सपनों की रानी’, ‘ये शाम मस्तानी’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘हमें तुमसे प्यार कितना’, ‘पल पल दिल के पास’ और ‘जिंदगी एक सफर है सुहाना’ जैसे कई मशहूर गाने गाए।

राजस्थान : अजमेर में एक ही परिवार के 3 लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की सामूहिक आत्महत्या से सनसनी फैल गई है। आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मलियान इलाके में शनिवार रात एक परिवार ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी 20 साल की बेटी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने सल्फास की गोलियां पानी में मिलाकर पी लीं। घटना रात करीब साढ़े 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना सीआई ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी कमरे में मौजूद था। बताया जा रहा है कि गौरव जयपुर में रहता है और करीब दो दिन पहले ही अजमेर आया था। परिवार की बहू फिलहाल मायके गई हुई थी। अशोक शर्मा फर्नीचर का काम करते थे। सामूहिक आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। क्या कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, और सल्फास का सेवन किस परिस्थिति में किया गया, इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। एक ही परिवार के माता-पिता और बेटी की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। आर्थिक तंगी, पारिवारिक कलह या अन्य कोई कारण, इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

प्रतीभा रांटा ने ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में अपने किरदार को लेकर की बात, कहा- ‘जिज्ञासु थी प्रतिभा लाहिड़ी और पढ़ने की थी शौकीन’

मुंबई। ‘द रेवोल्यूशनरीज़’ में स्वतंत्रता सेनानी प्रतिभा लाहिड़ी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस प्रतिभा रांटा ने सीरीज में अपने किरदार के बारे में जानकारी दी है। अभिनेत्री ने मुंबई में शो के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ निखिल आडवाणी, भुवन बाम, रोहित सराफ और गुरफतेह पीरजादा भी मौजूद थे। प्रतीभा रांटा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हमें सार्वजनिक तौर पर प्रतिभा लाहिड़ी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिलती है और यही बात निखिल सर ने भी मुझसे कही थी, जब हम प्रतिभा लाहिड़ी के बारे में चर्चा किया करते थे। जब चंद्रशेखर आजाद अंग्रेजों से लड़ रहे थे, तब उनकी बंदूक में एक आखिरी गोली बची थी। उसी समय उन्होंने खुद को गोली मार ली, ताकि अंग्रेज उन्हें पकड़कर मुठभेड़ में न मार सकें। इसके बाद प्रतिभा लाहिड़ी ने उनके अस्थि-अवशेषों की राख युवा क्रांतिकारियों के माथे पर लगाई थी। अब आप ऐसे व्यक्ति के बारे में सोचिए, जो यह समझने में सक्षम हो कि यह एक युवा पीढ़ी है।” उन्होंने आगे कहा, “उन्हें यह बताना जरूरी था कि देश को आजादी दिलाने के लिए किस तरह का बलिदान दिया जा रहा है। यह सुनिश्चित करना कि उस संदेश को आगे पहुंचाया जाए। तो जब वह 17 साल की रही होंगी, तब वह कैसी रही होंगी? उस समय उन्हें किन सामाजिक मानदंडों से लड़ना पड़ता होगा? वह दुनिया को किस नजरिए से देखती होंगी? मेरे लिए प्रतिभा लाहिड़ी एक जिज्ञासु लड़की थीं। वह अपने आसपास हो रही हर चीज के बारे में जानना चाहती थीं।” अभिनेत्री ने आगे बताया, “वह पढ़ने की बहुत शौकीन थीं। उनकी पढ़ाई में भी काफी दिलचस्पी थी। दरअसल, प्रतिभा और सचिंद्र नाथ सान्याल के बीच जिन पत्रों का आदान-प्रदान हुआ था, उन सभी को वह हल कर लेती थीं, क्योंकि वह बहुत होशियार और तेज-तर्रार थीं। वह कोडेड पत्रों को समझ लेती थीं। यह वाकई बिल्कुल अद्भुत था।” ‘द रेवोल्यूशनरीज’ चार स्वतंत्रता सेनानियों रास बिहारी बोस, प्रतिभा लाहिड़ी, सचिंद्र नाथ सान्याल और बाघा जतिन की कहानी है, जिन्होंने ब्रिटिश राज के खिलाफ मोर्चा संभाला था। यह सीरीज सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है। सीरीज में रोहित सराफ, प्रतीभा रांटा, गुरफतेह पीरजादा और जेसन शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह शो उन भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की कहानी बताता है, जो मानते थे कि ब्रिटिश राज को खत्म करने के लिए सशस्त्र प्रतिरोध न केवल जरूरी था, बल्कि अपरिहार्य भी था। इन क्रांतिकारियों के लगातार प्रयासों के कारण ही ब्रिटिश साम्राज्य को अपनी राजधानी को कोलकाता से दिल्ली स्थानांतरित करना पड़ा था। ‘द रेवोल्यूशनरीज’ को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जा सकता है।

‘ सत्ता में बैठी राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाती हैं’, एआई वीडियो वार पर बोले चंद्रशेखर

अयोध्या। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद चंद्रशेखर एक कार्यक्रम में अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों के बीच एआई वीडियो के जरिए चल रहे आरोप-प्रत्यारोप पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एआई से बना ‘अजय सेठ’ वाला वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में महंगाई, बेरोजगारी और सरकार के दावों पर तंज कसा गया था। इसके बाद से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एआई वीडियो के जरिए पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस एआई वीडियो को कई बार चलाकर सरकार पर हमला बोला था। इसी मुद्दे पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “अगर अब आरोप लग रहे हैं, तो कुछ हुआ जरूर होगा, तभी उन्होंने आरोप लगाए हैं। और इसमें कोई शक नहीं है, यह सच भी है। सत्ता में बैठी सभी राजनीतिक पार्टियां ऐसा करती हैं, वे एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाती हैं। भाजपा इसमें आगे है क्योंकि वह सत्ता में है और उसके पास ज्यादा संसाधन हैं, इसलिए वे ज्यादा कर रहे हैं। वरना वे भी करते हैं, वे साजिश रचते हैं और ऐसे सभी काम करते हैं। यह सब हमारे सामने है। हमारे पास कई अन्य पार्टियों के बारे में भी जानकारी है जो इस तरह से साजिश कर रही हैं। लेकिन जब समय आएगा तो जनता उन्हें जवाब देगी।” बता दें कि अखिलेश यादव ने हाल ही में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एआई द्वारा बनाया गया एक वीडियो दिखाया था। मीडिया रिपोर्ट्स में इसे ‘अजय सेठ’ का एआई वीडियो बताया जा रहा है। इस वीडियो में सरकार की नीतियों, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को उठाया गया है। अखिलेश के इस वीडियो को दिखाने के बाद यूपी की सियासत में एआई वीडियो वार शुरू हो गया है। सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर एआई के जरिए भ्रामक वीडियो बनाने और साजिश रचने के आरोप लगा रहे हैं।

पाकिस्तान: पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे पीटीआई सदस्यों को पकड़ा, वित्त मंत्री बोले ‘धरने से देश को नुकसान’

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में हालात ठीक नहीं हैं; बलूचिस्तान और पीओके जल रहा है, तो पूर्व वजीर-ए-आजम जेल में कैद हैं। अर्थव्यवस्था भी विश्व बैंक के सहारे घिसट-घिसट कर चल रही है। इस बीच प्रमुख विपक्षी पार्टी पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ और जमात-ए-इस्लामी (जेआई) ने अलग-अलग धरना प्रदर्शन का ऐलान कर दिया। पीटीआई ने अपने नेता इमरान खान की रिहाई, संविधान और देश में कानून के राज को लेकर 27 सितंबर को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन तो जेआई ने इससे इतर इस्लामाबाद मार्च की घोषणा की है। इस बीच, इस्लामाबाद पुलिस ने पीटीआई के चार कार्यकर्ताओं और सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। पाकिस्तान के प्रमुख अंग्रेजी दैनिक ‘डॉन’ ने बताया कि एक सब-इंस्पेक्टर की शिकायत पर इन कार्यकर्ताओं को अलग-अलग आरोपों में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि पीटीआई कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में बैठक कर रहे हैं। दावा है कि जब पुलिस ने बैठक स्थल पर छापा मारा, तो कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और उन्हें बंधक बना लिया। पुलिस और राजधानी प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने पीटीआई के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का मुकाबला करने की तैयारी शुरू कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और विरोध प्रदर्शन को रोकने की योजना बनाने के लिए इस्लामाबाद के सेंट्रल पुलिस ऑफिस में एक बैठक हुई। पुलिस विरोध प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी भी इकट्ठा कर रही थी, जिसमें राजनीतिक पार्टी की तैयारियां और उसके नेताओं, कार्यकर्ताओं और सदस्यों की गतिविधियां शामिल थीं। गेस्ट हाउस, सराय, बस टर्मिनल और उन संभावित ठेकेदारों पर नजर रखी जा रही थी जो विरोध प्रदर्शन के लिए भोजन, पानी, रहने की जगह और परिवहन की व्यवस्था कर सकते थे। पुलिस की खुफिया शाखाएं/इकाइयां – स्पेशल ब्रांच और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट भी सतर्क हैं। वे पीटीआई के उन नेताओं, सदस्यों और कार्यकर्ताओं की जानकारी भी इकट्ठा कर रहे हैं जिनका विवरण उनके पास उपलब्ध है। उन नेताओं, सदस्यों और कार्यकर्ताओं के घरों और अन्य जगहों के आसपास भी निगरानी रखी जा रही है जहां वे गिरफ्तारी से बचने के लिए रह रहे हैं या ठहरे हुए हैं। दूसरी ओर देश के वित्त मंत्री औरंगजेब का तर्क है कि धरना-प्रदर्शन से देश के सरकारी खजाने को रोजाना 120 अरब रुपये का नुकसान हो सकता है। जियो न्यूज के अनुसार, रविवार को अपने संदेश में औरंगजेब ने कहा कि ऐसे विरोध-प्रदर्शनों को समझना मुश्किल है, खासकर तब जब पाकिस्तान ने आर्थिक स्थिरता हासिल करने के लिए काफी कोशिशें की हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आर्थिक गतिविधियों में रुकावट से देश की स्थिरता से आर्थिक विकास की ओर बढ़ने की प्रक्रिया कमजोर हो सकती है। \

एआई के बढ़ते इस्तेमाल से चीन में युवाओं की नौकरियों पर मंडराया खतरा

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल से काम करने के तौर-तरीके बदल रहे हैं। इससे प्रोडक्टिविटी तो बढ़ रही है, लेकिन नौकरियां जाने का डर भी बढ़ गया है, खासकर युवाओं में। क्वार्ट्ज की रिपोर्ट के अनुसार, जैसे-जैसे बीजिंग अर्थव्यवस्था के लगभग हर सेक्टर में एआई को शामिल करने की कोशिश कर रहा है, इसका असर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से लेकर डिलीवरी सर्विस तक हर क्षेत्र में कर्मचारियों पर दिखने लगा है। इनमें से एक हैं बीजिंग के प्रोग्रामर फेई झाओजुन, जिन्होंने अपनी नौकरी तब गंवा दी जब उनकी कंपनी ने यह देखना शुरू किया कि क्या एआई इंसानों वाले कोडिंग के काम कर सकता है। फेई उन करीब 160 कर्मचारियों में से थे जिनकी कंपनी में छंटनी के दौरान नौकरी चली गई। उन्होंने कहा कि एआई की क्षमता लगातार बेहतर हो रही है और कई मिड-लेवल प्रोग्रामिंग की नौकरियां अब आसानी से बदली जा सकती हैं। नौकरी जाने के बाद फेई ने टेक इंडस्ट्री से दूरी बना ली है और अब शॉर्ट वीडियो बना रहे हैं, साथ ही अगले करियर के बारे में सोच रहे हैं। चीन में एआई अपनाने की रफ्तार हैरान करने वाली है। मार्केट इंटेलिजेंस फर्म आईडीसी के अनुसार, 2024 में 10 प्रतिशत से भी कम चीनी औद्योगिक कंपनियां एआई मॉडल और एजेंट का इस्तेमाल कर रही थीं। पिछले साल यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 50 प्रतिशत हो गया। यह दिखाता है कि कंपनियां कितनी तेजी से खर्च कम करने और काम तेज करने के लिए इस तकनीक को अपना रही हैं। इस बदलाव का असर रोजमर्रा की जिंदगी में भी दिख रहा है। लॉजिस्टिक्स में ह्यूमनॉइड रोबोट लगाए जा रहे हैं, जिनमें पार्सल छांटने की सुविधा भी शामिल है, जबकि स्वायत्त मशीनें ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे काम करने लगी हैं। शहरों में फूड डिलीवरी रोबोट भी आम होते जा रहे हैं, जिससे डिलीवरी से जुड़ी सेवाओं में लगे लाखों कर्मचारियों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है। लेबर मार्केट पर इसका असर ऐसे समय में हो रहा है, जब चीन के युवाओं के लिए पहले से ही मुश्किलें हैं। देश में शहरी बेरोजगारी दर लगभग 5 प्रतिशत है, लेकिन 16 से 24 साल के उन युवाओं में बेरोजगारी काफी ज्यादा है जो पढ़ाई नहीं कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय औसत से लगभग तीन गुना है। जानकारों का कहना है कि बड़े पैमाने पर ऑटोमेशन से युवाओं के लिए स्थिर नौकरी पाना और भी मुश्किल हो सकता है। अर्थशास्त्रियों का कहना है कि एआई के फायदे तो साफ हैं, लेकिन यह बदलाव बड़े सामाजिक परिणाम ला सकता है। ऑटोमेशन से प्रोडक्टिविटी बढ़ेगी और आर्थिक विकास को मदद मिलेगी, लेकिन अगर नई नौकरियां जल्दी नहीं बनीं तो बड़े पैमाने पर नौकरियां जाने से बेरोजगारी का दबाव और बढ़ सकता है और सामाजिक अस्थिरता भी पैदा हो सकती है।