पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार की शाम पटना स्थित जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचकर जदयू नेता और विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके इलाज के संबंध में बातचीत की और नीरज कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती नीरज कुमार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को नीरज कुमार का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी प्राप्त करते हुए इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने पर जोर दिया। उन्होंने नीरज कुमार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और वरिष्ठ चिकित्सक भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीरज कुमार को एनडीए ने अपना प्रत्याशी बनाया हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई है। दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज ने अनुज सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जिसके प्रचार की कमान जदयू के विधायक अनंत सिंह संभाल रहे हैं। इससे पहले नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई थी। जानकारी के अनुसार उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पटना के जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद उनके समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों के बीच चिंता का माहौल है।