गृह मंत्री अमित शाह भोपाल में गौपालक सम्मेलन को करेंगे संबोधित, न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का भी होगा उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश के सहकारिता क्षेत्र को सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। सहकारी संस्थाओं को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि का प्रभावी माध्यम बनाने के साथ-साथ डेयरी सहकारिता के माध्यम से पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और विशेष रूप से महिला सदस्यों की आय एवं आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी दिशा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित दशहरा मैदान में आयोजित गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह न्याय संहिता पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे नवीन न्यायिक संहिता के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी खंडों का भी अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान भोपाल में ‘मोरवन प्रोजेक्ट’ के तहत नगर वन विकसित करने के लिए कृषक भारती को-ऑपरेटिव लिमिटेड और मध्य प्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इसके साथ साथ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे तथा विभिन्न हितलाभों का वितरण करेंगे। इस अवसर पर अमित शाह उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित किए जाने वाले 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल माध्यम से भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही भोपाल में 16.5 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री भोपाल में 12.42 करोड़ रुपए की लागत से तैयार अत्याधुनिक राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का भी लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा शिवपुरी में 6.5 करोड़ रुपए की लागत से मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का डिजिटल माध्यम से लोकार्पण किया जाएगा। ये परियोजनाएं मध्य प्रदेश में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता और डेयरी क्षेत्र से जुड़े बुनियादी ढाँचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। कार्यक्रम के दौरान भोपाल एवं इंदौर दुग्ध संघ के सदस्यों को सिंगल क्लिक के माध्यम से बोनस का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही गौशालाओं को भी सिंगल क्लिक के माध्यम से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों का सम्मान किया जाएगा और सदस्यों को कुल 15.10 करोड़ रुपए का लाभांश वितरित किया जाएगा। गौपालक सम्मेलन में महिला पशुपालकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए ‘गौपालक दीदियों’ को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत दो स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा