शी चिनफिंग ने ट्रंप के स्वागत भोज में हिस्सा लिया, संबोधन दिया

बीजिंग। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और उनकी पत्नी फंग लियुआन ने व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप की ओर से आयोजित स्वागत भोज में हिस्सा लिया। इस मौके पर राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने संबोधन भी दिया। अपने संबोधन में शी चिनफिंग ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने अमेरिका में जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उन सभी लोगों को भी शुभकामनाएं दीं, जो चीन-अमेरिका संबंधों के विकास पर ध्यान देते हैं और उसका समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय चीन में मध्य शरद उत्सव मनाया जा रहा है। चीनी परंपरा में यह त्योहार परिवार के पुनर्मिलन का अवसर होता है। उन्होंने सभी को मध्य शरद उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए परिवार के साथ सुखद समय बिताने की कामना की। इसके साथ ही शी चिनफिंग ने इस साल मई में राष्ट्रपति ट्रंप की चीन यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने उनके निमंत्रण पर चीन का सफल दौरा किया था और दोनों पक्ष चीन-अमेरिका के बीच रचनात्मक और रणनीतिक रूप से स्थिर संबंध बनाने पर सहमत हुए थे। उस समय राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था और अब वे अपना वादा पूरा करते हुए अमेरिका पहुंचे हैं। शी चिनफिंग ने कहा कि छह महीने से भी कम समय में चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों ने एक-दूसरे के देश का दौरा किया है, जो दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने उसी दिन राष्ट्रपति ट्रंप के साथ खुलकर और गहराई से बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच कई नए समझौतों पर सहमति बनी है। इससे चीन-अमेरिका के बीच रचनात्मक, रणनीतिक और स्थिर संबंधों की दिशा में सहयोग का दायरा और बढ़ा है और द्विपक्षीय संबंधों के लिए नया रणनीतिक मार्गदर्शन मिला है। शी चिनफिंग ने हाल ही में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के भव्य समारोह का भी जिक्र किया। उन्होंने चीन सरकार और जनता की ओर से अमेरिका को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले 200 से अधिक वर्षों के इतिहास में चीन और अमेरिका के लोगों के बीच लगातार मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान हुआ है। दोनों देशों के बीच मानवीय और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से लोगों के बीच आपसी संवाद को बढ़ावा मिला है और चीन-अमेरिका के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग के लिए मजबूत जनमत की नींव तैयार हुई है। इसी संदर्भ में शी चिनफिंग ने कहा कि आज चीन-अमेरिका संबंध एक नए ऐतिहासिक मोड़ पर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की “मेक अमेरिका ग्रेट अगेन” पहल ने अमेरिकी लोगों के लिए महत्वपूर्ण विकास उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं, चीन अपने राष्ट्र के महान पुनरुत्थान को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और चीन का आधुनिकीकरण अभियान लगातार नए अवसर पैदा कर रहा है। उनके मुताबिक, दोनों देशों के ये महत्वाकांक्षी लक्ष्य एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं। शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका को प्रमुख शक्तियों के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, जनता की अपेक्षाओं और समय के रुझान के अनुरूप आगे बढ़ना चाहिए और प्रमुख शक्तियों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए नया रास्ता तलाशना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीनी और अमेरिकी लोगों के बीच दोस्ती का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों से मिलकर चीन-अमेरिका मित्रता को मजबूत करने और द्विपक्षीय संबंधों में नया अध्याय लिखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा