नोएडा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का भव्य शुभारंभ, दीपोत्सव और स्वच्छता कार्यक्रमों से दिया स्वच्छता का संदेश

नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में शुरू किए गए ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का नोएडा में भी उत्साह और गरिमा के साथ शुभारंभ किया गया। नोएडा प्राधिकरण की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने सहभागिता की। अभियान के माध्यम से शहर में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने जनसामान्य के साथ सहभागिता की। स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों और नागरिकों को वेस्ट मैनेजमेंट तथा पर्यावरण संरक्षण की प्रक्रिया से रूबरू कराने के लिए शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। इसके अंतर्गत सेक्टर-34 स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सेक्टर-54 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों को कचरे के प्रबंधन, उसके निस्तारण तथा सीवेज के उपचार की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्वच्छता व्यवस्था में आम नागरिकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर शाम के समय दीपोत्सव का आयोजन किया गया। सेक्टर-54 स्थित वेटलैंड और सेक्टर-33 स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में दीप जलाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक नागरिक सहभागिता का संदेश दिया गया। दीपोत्सव के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छ और सुंदर नोएडा के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया गया। इसी क्रम में सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक पंकज सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता अभियान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के ऑडिटोरियम में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की उपस्थिति रही। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्प राज सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप जलाकर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके अलावा पूरे दिन शहर के विभिन्न स्थानों और अवस्थापना से संबंधित प्रमुख स्थलों पर सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। प्राधिकरण की ओर से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर नागरिकों को जागरूक किया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की पूर्व संध्या पर नोएडा के प्रमुख मार्गों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। रोशनी से शहर के प्रमुख मार्ग और सार्वजनिक स्थल आकर्षक नजर आए। प्राधिकरण का कहना है कि नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। अधिकारियों ने कहा कि शहर को साफ और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने में प्राधिकरण के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा