शिक्षा समिति के चुनाव में योगेश वर्मा एडवोकेट अध्यक्ष एवं अमित खड़खड़ी उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

नई दिल्ली।दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के संपन्न हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से योगेश वर्मा एडवोकेट को अध्यक्ष तथा अमित खड़खड़ी को उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकित किया गया था। आम आदमी पार्टी की ओर से इन दोनों पदों के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया। जिसके पश्चात  योगेश वर्मा एवं अमित खड़खड़ी दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर दोबारा विश्वास व्यक्त किया है, जिसके लिए वे पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं।उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के लगभग 1500 प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करना तथा विद्यालयों के शैक्षणिक एवं भौतिक स्तर में सुधार करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में कई नए एवं महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, ताकि निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर वातावरण और बेहतर अवसर मिल सकें। योगेश वर्मा ने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल स्कूलों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। निगम के स्कूलों में पढ़ने वाला हर बच्चा हमारी जिम्मेदारी है और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।उन्होंने अपने निर्विरोध निर्वाचन पर सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, शिक्षा समिति के सदस्यों तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद किया और कहा कि सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य किए जाएंगे।नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी ने भी पार्टी नेतृत्व एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अध्यक्ष के साथ मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का विश्वास दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा