गाजियाबाद के विकास को मिली नई रफ्तार

गाजियाबाद। गाजियाबाद आज तेजी से विकसित होते आधुनिक शहर के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। शहर में बढ़ती विकास गतिविधियों, आवासीय एवं अवस्थापना विकास की गति तथा निवेश और निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार का सकारात्मक प्रभाव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के राजस्व संग्रहण पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के विकास शुल्क मद से चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त तक 7,111.24 लाख (लगभग 71.11 करोड़) की राजस्व प्राप्ति हुई है, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 की समान अवधि में 3,950.33 लाख (लगभग 39.50 करोड़) प्राप्त हुए थे। इस प्रकार एक वर्ष की समान अवधि में 3,160.91 लाख (लगभग 31.61 करोड़) की अतिरिक्त प्राप्ति हुई है, जो लगभग 80.02 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती है। इस वृद्धि की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान लगातार कई महीनों में विकास शुल्क की प्राप्ति में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया है। मई में राजस्व प्राप्ति में लगभग 169 प्रतिशत वृद्धि, जून में लगभग 109 प्रतिशत वृद्धि, जुलाई में लगभग 510 प्रतिशत की असाधारण वृद्धि, अगस्त में लगभग 499 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि। विशेष रूप से जुलाई एवं अगस्त माह में हुई भारी वृद्धि यह दर्शाती है कि गाजियाबाद में विकास एवं निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में तेजी आई है तथा विकास संबंधी अनुमतियों,प्रक्रियाओं के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। विकास शुल्क से राजस्व में 80 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि महज राजस्व संग्रहण का आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह गाजियाबाद में बढ़ती विकास गतिविधियों और निर्माण क्षेत्र की सक्रियता का एक महत्वपूर्ण संकेतक भी है। शहर में सुनियोजित विकास के साथ-साथ नई आवासीय एवं अन्य विकास गतिविधियों के बढऩे से प्राधिकरण की विकासोन्मुख भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो रही है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा, लंबित देयों की प्रभावी वसूली, प्रक्रियाओं की निगरानी तथा विकास शुल्क की प्राप्तियों को बढ़ाने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति मजबूत हो रही है। राजस्व में हुई यह उल्लेखनीय वृद्धि प्राधिकरण को अपने विकास कार्यों के लिए और अधिक वित्तीय क्षमता प्रदान करेगी। मजबूत राजस्व आधार के माध्यम से सडक़ एवं परिवहन अवस्थापना,जल निकासी,स्ट्रीट लाइट,हरित क्षेत्र,आवासीय योजनाओं तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति देने में सहायता मिलेगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का प्रयास है कि बढ़ते शहरीकरण को सुनियोजित विकास में परिवर्तित करते हुए गाजियाबाद को आधुनिक सुव्यवस्थित बेहतर अवस्थापना सुविधाओं से युक्त और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक शहर बनाया जाए। विकास शुल्क मद में 80.02 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का सकारात्मक संकेत है कि गाजियाबाद में विकास की गति तेज हो रही है और उसके साथ-साथ विकास प्राधिकरण की वित्तीय एवं कार्यान्वयन क्षमता भी निरंतर सुदृढ़ हो रही है।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा राजस्व वृद्धि को केवल वित्तीय उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि गाजियाबाद के सतत सुनियोजित एवं जनोन्मुख विकास के लिए एक मजबूत आधार के रूप में देखा जा रहा है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि शहर में हो रही विकास गतिविधियों की इस सकारात्मक गति को आगे भी बनाए रखते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग जनहित एवं गाजियाबाद के समग्र विकास में सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा