वाराणसी की मिट्टी से महका आनंद विहार का शिव मंदिर, संत रविदास जयंती पर कलश स्थापित

नई दिल्ली। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आनंद विहार में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शाहदरा जिला भाजपा की ओर से संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी की पावन मिट्टी से भरा कलश आनंद विहार मंडल के डी-ब्लॉक स्थित शिव मंदिर में स्थापित किया गया। कलश स्थापना के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।इससे पहले कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक विवेक विहार स्थित अग्रसेन भवन में एकत्रित हुए। यहां संत रविदास जी के जीवन और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया गया। इसके बाद वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी के कलश को श्रद्धापूर्वक शिव मंदिर लाया गया, जहां विधि-विधान से पूजन के बाद उसे स्थापित किया गया।
भाजपा शाहदरा जिलाध्यक्ष दीपक गाबा और भाजपा आनंद विहार वार्ड अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी ने अपना पूरा जीवन समानता, भाईचारे और मानवता के लिए समर्पित किया। उनकी जन्मस्थली की मिट्टी का कलश आनंद विहार में स्थापित होना क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम, उपमहापौर मोनिका पंत, महेश माखीजा, कुलदीप, प्रकाश, मंदिर प्रधान अशोक गुप्ता, प्रेम गंभीर सहित मंडल के पदाधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य, पंडितगण और डी-ब्लॉक के बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के भजनों का गायन कर उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा