भोपाल। नेपाल में आई बाढ़ के चलते मध्य प्रदेश के भी कई लोग मुसीबत में हैं और वह वापस नहीं लौट पा रहे हैं। इन लोगों की मदद का राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नेपाल में फंसे प्रदेश के लोगों के साथ सरकार खड़ी है, इसके साथ ही कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। दरअसल, नेपाल में हुई भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। बड़ी संख्या में लोगों की मौत भी हुई है। इस बाढ़ की विभीषिका में देश के अन्य हिस्सों सहित मध्य प्रदेश से नेपाल गए पर्यटक भी फंसे हुए हैं। इन पर्यटकों के परिजन तो चिंता कर ही रहे हैं, राज्य सरकार ने भी इस दिशा में पहल की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नेपाल त्रासदी पर दुख व्यक्त किया है। इस त्रासदी के बीच मध्य प्रदेश के कई निवासी भी वहां फंसे हुए हैं। सीएम यादव का कहना है कि राज्य सरकार संकट के समय अपने नागरिकों के साथ खड़ी है। सरकार जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए सरकार ने जनता की सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था की है। बता दें कि राज्य सरकार ने नेपाल में आई आपदा के बीच मध्य प्रदेश वासियों की मदद के लिए नई दिल्ली में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावितों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर 011-26772005 और व्हाट्सएप नंबर 9818963273 हैं। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि नेपाल में फंसे नागरिक या उनके परिजन सहायता और जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।