गाजियाबाद। डॉ. एस.पी. पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, गाजियाबाद ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित बैकयार्ड पोल्ट्री योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद में अनुसूचित जाति वर्ग के निर्बल एवं पात्र व्यक्तियों के लोककल्याण तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योजना का संचालन किया जा रहा है।योजनान्तर्गत कुक्कुट पालन में रुचि रखने वाले 500 पुरुष एवं 300 महिला अभ्यर्थियों, कुल 800 लाभार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पात्र एवं योग्य लाभार्थियों का चयन ग्रामीण एवं जनपद स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु इच्छुक आवेदक को अपने ग्राम प्रधान/ग्राम प्रशासक एवं संबंधित पशु चिकित्साधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करना होगा। ग्रामीण स्तर पर लाभार्थियों का चयन ग्राम प्रधान एवं संबंधित पशु चिकित्साधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत जनपद स्तर पर अनुसूचित जाति वर्ग के निर्बल एवं पात्र व्यक्तियों का चयन मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
-योजना के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सुविधाएं
चयनित लाभार्थियों को निम्नलिखित सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जाएंगी
50 चूजे, छप्पर की व्यवस्था हेतु रुपए 900 की धनराशि, कुक्कुट पालन हेतु आवश्यक दवा/औषधि, 50 किलोग्राम कुक्कुट आहार व 03 दिवसीय कुक्कुट पालन प्रशिक्षण।
आवेदन हेतु पात्रता
आवेदक जनपद गाजियाबाद का निवासी होना चाहिए। आवेदक के पास निवास एवं कुक्कुट पालन हेतु उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए। आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना चाहिए। आवेदक के पास केवाईसी अद्यतन बैंक खाता होना अनिवार्य है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ प्राप्त करें।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति अपने ग्राम प्रधान/ग्राम प्रशासक, निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा कार्यालय मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, गाजियाबाद से संपर्क कर सकते हैं।