थान सिंह यादव बने श्री कृष्णा यादव महासभा के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर

नई दिल्ली। श्री कृष्णा यादव महासभा (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार के पूर्व ओबीसी आयोग अध्यक्ष जगदीश यादव तथा महासभा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव हेमंत यादव, अधिवक्ता ने थान सिंह यादव को श्री कृष्णा यादव महासभा (रजि.) का राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर (National Media Coordinator) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महासचिव हेमंत यादव, अधिवक्ता ने कहा कि थान सिंह यादव सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहकर विभिन्न संगठनों के माध्यम से समाज और आम लोगों की आवाज उठाते रहे हैं। उनकी कार्यक्षमता, अनुभव और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।थान सिंह यादव ने अपनी नियुक्ति पर कृष्णा यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव एवं राष्ट्रीय संगठन महासचिव हेमंत यादव, अधिवक्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अलग-अलग सामाजिक संगठनों के साथ कार्य करना हमेशा अच्छा लगता है। विभिन्न संगठनों में काम करने से नए अनुभव प्राप्त होते हैं और बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है।जगदीश यादव पूर्व अध्यक्ष ओबीसी आयोग दिल्ली सरकार व राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा यादव महासभा ने कहा कि थान सिंह यादव ने भाजपा दिल्ली प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी सेवा की। इसके अलावा खेलकूद के क्षेत्र में दिल्ली एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन, दिल्ली प्रदेश के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहें है, दूसरा सबसे बड़ा कार्य दिल्ली देहात गांव-ग्रामीणों की समस्याओं एवं उनकी आवाज को मजबूती देने के लिए दिल्ली पंचायत संघ प्रमुख के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। ओर समाज के लिए भी कुछ करने के लिए इनको नर्ई जिम्मेवारी निभानी होगी।राष्ट्रीय संगठन महासचिव हेमंत यादव, अधिवक्ता ने थान सिंह यादव को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और सक्रियता से कृष्णा यादव महासभा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
दिल्ली कला महोत्सव में शास्त्रीय नृत्य नाटक परिजात हरण का विशेष मंचन

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुचाने के उद्देश्य से दिल्ली कला महोत्सव 2026 में श्रीमंत शंकरदेव के शास्त्रीय नृत्य नाटक परिजात हरण का विशेष मंचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए। 31 अगस्त तक चल रहे दिल्ली कला महोत्सव का आयोजन कला और संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं निश्रेयस और वाग्भामिनी द्वारा दिल्ली पर्यटन दिल्ली सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव में सत्रीया, भरतनाट्यम, कथकली, ओडिसी, कथक, छऊ और मणिपुरी जैसी भारत की प्रमुख शास्त्रीय नृत्य शैलियों को प्रस्तुत किया जा रहा है। सुमन्या कश्यप और डॉ. सुकन्या बरुआ के निर्देशन में तैयार परिजात हरण में रुक्मिणी और सत्यभामा के अलग-अलग भावों के माध्यम से भगवान कृष्ण की दिव्य लीला को प्रस्तुत किया गया। संगीत,नृत्य और अभिनय के माध्यम से प्रेम, ईष्या, गर्व, भक्ति और समर्पण जैसे भावों को खूबसूरती से मंच पर उतारा गया। प्रस्तुति ने श्रीमंत शंकरदेव की विरासत के साथ-साथ असम की सत्रीया और अंकिया नाट परंपरा को भी दर्शाया। प्रस्तुति की सराहना करते हुए केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा यह खुशी की बात है कि इस वर्ष के महोत्सव में देश की अलग-अलग शास्त्रीय नृत्य शैलियों को प्रस्तुत किया जा रहा है और असम की सत्रीया पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रो. रजनीश कुमार मिश्रा, अध्यक्ष, आयोजन समिति, कला-तरंगिणी ने कहा कला-तरंगिणी दिल्ली कला महोत्सव 2026 दिल्ली पर्यटन के सहयोग से भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने का प्रयास है। यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक परंपराओं की निरंतरता को दिखाता है। आज हमें असम की उस समृद्ध परंपरा को देखने का अवसर मिला जो भागवत पुराण और हरिवंश की कहानियों से जुड़ी है। भरत गुप्त, एनएसडी सोसाइटी के उपाध्यक्ष ने कहा मैं कला-तरंगिणी में प्रसिद्ध नृत्य-नाटिका पारिजात हरण का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। हमें ऐसे और अधिक उत्सवों की आवश्यकता है, जो न केवल हमारे देश की समृद्ध विरासत को उजागर करें, बल्कि हमारी जीवंत परंपराओं और इतिहास को संरक्षित करने में भी योगदान दें। कार्यक्रम पर चित्तरंजन त्रिपाठी, निदेशक एनएसडी ने कहा हमें कला-तरंगिणी की मेजबानी करते हुए गर्व है। यह महोत्सव देश की अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं और उनकी कला को एक मंच पर लाता है और भारतीय प्रदर्शन कलाओं की विविधता को दर्शाता है।
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर शाहदरा जिला भाजपा का भव्य आयोजन

नई दिल्ली। संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें जन्म जयंती वर्ष के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सामाजिक समरसता, समानता, मानवता एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तालकटोरा स्टेडियम नई दिल्ली में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की गरिमामयी उपस्थिति में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र माटी का कलश शाहदरा जिला टीम को सम्मानपूर्वक सौंपा गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिलाध्यक्ष दीपक गाबा तथा जिला महामंत्री अनिल शर्मा, गीता शर्मा एवं सुन्दर चौधरी ने संयुक्त रूप से पवित्र माटी कलश प्राप्त किया। यह पवित्र कलश शाहदरा जिले के माध्यम से मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु संत रविदास की पावन जन्मभूमि से जुड़ सकें और उनके सामाजिक समरसता, समानता, मानवता एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। इसके बाद शाहदरा जिला भाजपा द्वारा विज्ञान लोक आनंद विहार से महाकात्यायनी मंदिर जागृति एंकलेव तक भव्य पदयात्रा निकाली गई। पवित्र माटी कलश को श्रद्धापूर्वक पदयात्रा के माध्यम से मंदिर तक ले जाया गया। पदयात्रा में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रीय निवासियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह श्रद्धा एवं उमंग के साथ भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संत रविदास के आदर्शों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया पदयात्रा के उपरांत पवित्र माटी कलश को महाकात्यायनी मंदिर, जागृति एंकलेव में विधिवत एवं श्रद्धापूर्वक विराजमान किया गया।पवित्र कलश को श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं के दर्शन और श्रद्धा अर्पित करने के लिए आगामी दो से तीन दिनों तक मंदिर में रखा जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के निवासी एवं श्रद्धालु पवित्र कलश के दर्शन कर संत रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकेंगे। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन समाज को समानता, प्रेम, सामाजिक समरसता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से मुक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिलाध्यक्ष दीपक गाबा, जिला महामंत्री अनिल शर्मा, गीता शर्मा एवं सुन्दर चौधरी सहित जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित प्रकरणों, योजनाओं की प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में निराश्रित महिला पेंशन योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जन्मी सभी पात्र नवजात बालिकाओं को योजना से आच्छादित किया जाए। साथ ही, जिन बालिकाओं का एक वर्ष तक का टीकाकरण पूर्ण हो चुका है, उन्हें भी योजना का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षा 1, कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में वित्तीय वर्ष के दौरान प्रवेश लेने वाली सभी पात्र बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से जोड़ा जाए। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि वह पात्र बालिकाओं की सूची तैयार करें तथा उनके आवेदन पत्र समयबद्ध रूप से भरवाना सुनिश्चित करें।बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद के विकास खंड भोजपुर में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, जिसके कारण पर्याप्त संख्या में आवेदन पत्र प्राप्त नहीं हो रहे हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी, भोजपुर को निर्देशित किया कि क्षेत्र में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरवाना सुनिश्चित करें।बैठक में मुख्यमंत्री रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बालसम्मान कोष से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा लंबित 15 प्रकरणों में संबंधित लाभार्थियों के बैंक खाते शीघ्र खुलवाकर उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री बालसेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक एवं प्रभावी सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। ऐसे परिवारों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए, जिनमें वर्ष 2020 के बाद किसी कारणवश परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु हुई है, ताकि पात्र बच्चों को चिन्हित कर उन्हें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जोड़ा जा सके। सर्वेक्षण से संबंधित संपूर्ण सूचना जिला प्रोबेशन अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागीय योजनाओं में लंबित प्रकरणों का निस्तारण दिनांक 28 अगस्त, 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए, ताकि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभावन पड़े।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पूर्ण गंभीरता, तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
जिला पोषण समिति की बैठक में सीडीओ ने पोषण सेवाओं की प्रगति में सुधार के दिए निर्देश

गाजियाबाद। जिला पोषण समिति एवं जिला निगरानी समिति की बैठक का आयोजन दुर्गावती देवी सभागार में श्री कुमार सौरभ, मुख्य विकास अधिकारी महोदय अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी, गाजियाबाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी,डॉ0 प्रिया, एम0ओ0आई0सी, एन0आर0सी0, खण्ड विकास अधिकारी, लोनी, मुरादनगर, रजापुर एवं भोजपुर, अधिशासी अभियन्ता नगर निगम गाजियाबाद एवं समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी के साथ-साथ पोषण अभियान के सहयोगी विभागों तथा जिला निगरानी समिति के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कार्यक्रम अधिकारी, श्रीमती विनीता चन्द्रा द्वारा बैठक में आंगनबाडी केन्द्रो का संचालन, पोषण टैªकर ऐप पर फीडिंग की स्थिति, ग्रोथ मॉनीटरिंग की उपलब्धता, आंगनबाडी केन्द्रो के कायाकल्प, पोषण टैªकर, आंगनबाडी केन्द्रो के निरीक्षण,, एन.आर.सी. एडमिशन, एनिमिया, ई.सी.सी.ई. किट की उपलब्धता एवं ई-कवच एवं सम्भव 6.0 अभियान इत्यादि विभागीय योजनाओं से बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को अवगत कराते हुए उक्त के सम्बन्ध मे चर्चा की गयी। बैठक में पोषण टैªकर एप पर वजन/लम्बाई एवं ऊॅंचाई फींिडंग की समीक्षा की गयी, जिसमें जनपद गाजियाबाद में माह जुलाई 2026 में पोषण टैªकर पर Measuring Efficiency 99.3% फीडिंग की गयी थी, जो माह जून से अपेक्षाकृत 0.72 प्रतिशत अधिक थी, जिसे माह सितम्बर, 26 तक 100 प्रतिशत किये जाने हेतु मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया। पोषण टैªकर ऐप पर टेक होम राशन/मॉनिग स्नैक वितरण की फीडिंग अपेक्षाकृत कम पायी गयी, जिसके लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 100 प्रतिशत वितरण की फीडिंग पोषण टैªकर पर कराये जाने हेतु नैफेड द्वारा ससमय आपूर्ति प्रेषित किये जाने के लिए निदेशालय को पत्र प्रेषित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा समस्त आं0 केन्द्रों पर ग्रोथ मॉनिंटरिंग डिवासेज की उपलब्धता की जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी से ली गयी तथा निर्देश दिये गये कि जिन आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वजन मशीन उपलब्ध नही है की सूची बनाकर कन्वर्जेन्स के द्वारा पंचायत राज विभाग के माध्यम से आपूर्ति प्राप्त किया जाना सुनिश्चित करे।गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं के वजन में ग्रोथ किये जाने के सन्दर्भ में समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को गृहभ्रमण किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये तथा सैम मैम बच्चों के प्रबन्धन की समीक्षा की गयी जिसमें पोषण टैªकर ऐप पर आंगनबाडी कार्यकत्री के द्वारा माह जुलाई में कुल 352 सैम बच्चो का चिन्हांकन किया गया है, जिनके स्वास्थ्य सुधार शतप्रतिशत कराये जाने हेतु वजन दिवस के अवसर पर व्यापक मापन अभियान एवं वृद्धि निगरानी अभियान के निर्देश प्रदान किये गये। उक्त के सम्बन्ध में जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया गया कि समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियो तथा बाल विकास परियोजना अधिकारियांे का समन्वय स्थापित करवाते हुए सैम बच्चो की सूची प्रतिमाह तैयार कर बच्चो को लाभान्वित करे। चिन्हित सैम बच्चों को पोषाहार मानक के अनुरूप खिलाये जाने हेतु परियोजना स्तर पर आंगनबाड़ी को प्रशिक्षित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। आहार से उपचार फाउंडेशन द्वारा चिन्हित सैम बच्चों को प्रदान किये गये पोषण पोटली के उपयोग से बच्चों में होने वाली ग्रोथ की मॉनिटरिंग नियमित रूप से किये जाने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी अधिकारी को प्रदान किये गये। चिन्हित मैम बच्चों में आपूर्तित पोषाहार के द्वारा स्वास्थ्य सुधार कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। सम्भव 6.0 अभियान के अन्तर्गत माह सितम्बर 2026 में जनपद में सैम बच्चो का चिन्हांकन निर्धारित मानको कें अनुसार कराये जाने हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी/अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि उन क्षेत्रो का चिन्हांकन जहॉ सबसे कम बच्चे सैम पाये जा रहे है, सही प्रकार से कराया जाये । चिन्हांकन के उपरान्त उन क्षेत्रो में टीम तैयार कर पोषण स्थिति का आंकलन किया जाये। स्वास्थ्य विभाग को कुल डिलीवरी के सापेक्ष कितने बच्चे Underweight हुए से सम्बन्धित रिर्पोट की समीक्षा आगामी माह में किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। सम्भव 6.0 अभियान रिर्पोट कार्ड माह अगस्त 2026 के अनुसार जनपद गाजियाबाद कीGestational Weight of PW Percentage प्रगति अपेक्षाकृत अत्याधिक कम पायी गयी जिसके लिए समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, को चेतावनी दी गयी कि उपरोक्त प्रगति में ससमय सुधार कराये। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया उपरोक्त गर्भावस्था अवधि में वजन प्रतिशत बढ़ाये जाने हेतु आवश्यक गतिविधियों का आयोजन कराते हुए सुधार कराया जाये। जिससे सम्भव 6.0 के लक्ष्य को माह सितम्बर 2026 शतप्रतिशत प्राप्त किया जा सके।जनपद गाजियाबाद में माह जुलाई 2026 में 31 बच्चों को एन0आर0सी0 सन्दर्भित किया गया। सम्भव 6.0 अभियान के अन्तर्गत चिन्हित समस्त सैम बच्चों के पोषण पुनर्वास केन्द्रों के माध्यम से आवश्यक चिकित्सीय हस्तक्षेप,मासिक फालोअप के द्वारा समुचित पोषण प्रबंधन सुनिश्चित कराये जाने हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया। जनपद में चिन्हित शतप्रतिशत सैम बच्चों को एनआरसी में संदर्भन कराये जाने हेतु आर.बी.एस.के टीम को निर्देशित किया गया। ई-कवच पर डाटा फीडिंग की समीक्षा में SAM Children Due for Follow up and SAM Children Came For Follow में प्रदर्शित Gap के लिए अत्यंत रोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रत्येक बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए पोषण स्थिति में सुधार कराया जाये।जनपद गाजियाबाद में लक्षित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र का कार्य ससमय पूर्ण न किये जाने पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा रोष व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय में कार्य को पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करे।
अतिदोहित विकास खण्डों भोजपुर एवं रजापुर में भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार, पांच वर्षों में 7.32 मीटर तक बढ़ा भूजल स्तर

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद के विकास खण्ड भोजपुर एवं रजापुर में प्री-मानसून 2021 की तुलना में प्री-मानसून 2026 के दौरान भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी महोदय के सफल नेतृत्व में भूजल संरक्षण एवं जल संचयन के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।प्री-मानसून 2021 में विकास खण्ड भोजपुर में भूजल स्तर 11.61 मीटर था, जो प्री-मानसून 2026 में 1.06 मीटर ऊपर उठकर 10.56 मीटर हो गया है। इसी प्रकार विकास खण्ड रजापुर में प्री-मानसून 2021 में भूजल स्तर 20.10 मीटर था, जो प्री-मानसून 2026 में 7.32 मीटर ऊपर उठकर 12.78 मीटर हो गया है।भूजल स्तर में इस सुधार के लिए जनपद में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 से अब तक 104 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है। साथ ही, भूगर्भ जल विभाग द्वारा निर्गत अनापत्ति प्रमाण-पत्रों के सापेक्ष किए जाने वाले भूजल रिचार्ज के लिए सीएसआर के माध्यम से विभिन्न विकास खण्डों में 201 तालाबों जिनमें मोदीनगर तहसील के भोजपुर 66 एवं मुरादनगर 69, सदर तहसील 55, लोनी तहसील में 11 का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है।इसके अतिरिक्त, मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में अमृत कूप योजना के अंतर्गत विकास खण्ड भोजपुर के ग्राम भोजपुर एवं अमराला में मृत कूपों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। भविष्य में अमृत कूप योजना के अंतर्गत पोस्ट मानसून-2026 में 10 से अधिक मृत कूपों का सत्यापन कराते हुए उनके जीर्णोद्धार का कार्य कराया जाएगा।जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के सफल नेतृत्व एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से जनपद के अतिदोहित विकास खण्ड भोजपुर एवं रजापुर में विगत पांच वर्षों में भूजल स्तर में व्यापक सुधार दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भोजपुर में 52 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न

गाजियाबाद। संदीप चौधरी जिला समाज कल्याण अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत विकास खण्ड भोजपुर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 52 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया। योजनान्तर्गत रू0 21,000/- की उपहार सामग्री (वर-वधु के कपडे, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कूकर, ट्राली बैग, वैनिटी किट एवं दीवार घड़ी इत्यादि) विवाहित जोड़े को दिया जाता है। उक्त के अतिरिक्त कन्या के बैंक खाते में रू0 64,000/- की धनराशि भुगतान किये जाने का प्राविधान है। आज दिनांक 24.08.2026 को सम्पन्न हुये सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के 13, अन्य पिछडा वर्ग के 14, सामान्य वर्ग के 12 एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 13 जोड़े कार्यक्रम में शामिल हुये। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित 39 हिन्दू जोड़ों का हिन्दू रीति रिवाज से फेरे एवं जयमाल तथा मुस्लिम वर्ग के 13 जोड़ों का निकाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में मंजू सिवाच, मा० विधायक, मोदीनगर, सुचेता सिंह, मा० प्रमुख क्षेत्र पंचायत भोजपुर,संदीप चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, गाज़ियाबाद तथा पियुष वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी, भोजपुर द्वारा उपस्थित रहकर विवाहित जोड़ों को आर्शीवाद प्रदान किया गया। सहायक विकास अधिकारी सहित समाज कल्याण विभाग तथा विकास खण्ड, भोजपुर कार्यालय के कर्मचारियों की उपस्थिति एवं सहयोग सराहनीय रहा।
प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों पर न दें ध्यान; जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर होगी कठोर कार्रवाई

गाजियाबाद। जिलाधिकारी के कार्यालय से प्राप्त विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया कि प्रदेश में वर्तमान में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दिया जाये। जन सामान्य अपनी आवश्यकता के अनुरूप चीनी खुले बाजार से प्राप्त कर सकते हैं।सरकार के एतद्वारा जनपद के समस्त चीनी के थोक व्यापारियों से अपेक्षा की जाती है कि भारत खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, के पोर्टल https://foodstock.dfpd.gov.in/ पर चीनी के स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करें, एवं उसे नियमित रूप से अद्यतन भी करते रहें। जनपद के थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जॉच करायी जायेगी, एवं यदि कोई व्यक्ति / व्यापारी जमाखोरी / कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्राविधानों के अनुसार कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
नशे की रोकथाम हेतु चलाए जाएं विशेष अभियान : एडीएम सिटी विकास कश्यप

गाजियाबाद। जनपद में मादक पदार्थों (नारकोटिक्स) की बिक्री व तस्करी के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन पर एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई।जनपद गाजियाबाद में छात्र-छात्राओं के सुरक्षित एवं स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने विद्यालयों के आसपास नशे से संबंधित दुकानों के संचालन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों के निर्धारित दायरे में किसी भी प्रकार की शराब, तंबाकू या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के समीप नशे की दुकानों का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अतः ऐसे मामलों में संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस संबंध में नियमित निरीक्षण किया जाए तथा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को एक सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान किया जा सके।उन्होने निर्देश दिए कि जनपद में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान संचालित किए जाएं। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को अवगत कराएं, जिससे समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।बैठक के दौरान औषधि निरीक्षक जनपद-गाजियाबाद ने अवगत कराया कि पूर्व के आदेशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में नशे की रोकथाम पर किये गये कार्य में जनपद में मनप्रभावी औषधि के अवैध व्यापार के विरुद्ध अभियान चलाते हुये दिनांक 18.07.2026 को एन० सी० बी० जम्मू के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुये कौशाम्बी स्थित प्रवीन मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की कार्यवाही करके लगभग 70000/ की नशीली औषधियों को सीज करके 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा उक्त मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गयी। जनपद-गाजियाबाद के इन्द्रापुरम स्थित थोक विक्रेता के प्रतिष्ठान से संदेह के आधार पर 08 औषधियों के नमूने संगृहीत करके जाँच हेतु राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ को प्रेषित किया गया तथा 192000/ कीमत की औषधियों को नमूनों की जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने तक फ्रीज किया गया।पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व संयोजक जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समिति द्वारा अपनी रिर्पेाट के माध्यम से अवगत कराया गया कि दिनांक 21 जुलाई से 21 अगस्त 2026 तक मादक पदार्थ बरामदगी में 281.78 किलो गांजा की बरामदगी की गई तथा 20 अभियोग पंजीकृत कराते हुए 32 महिला/पुरूष गिरफ्तार किये गये। इसके साथ ही कोटपा एक्ट की बरामदगी में हुक्का, पाईप, फ्लेवर्ड तम्बाकू व कायेला में 01 अभियोग पंजीकृत करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स सेल, खाद्य विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर, डीपीओ, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, यातायात विभाग के अधिकारी/प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कुक्कुट पालन से संवारें भविष्य : बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के अंतर्गत 800 लाभार्थियों का किया जाएगा चयन

गाजियाबाद। डॉ. एस.पी. पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, गाजियाबाद ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित बैकयार्ड पोल्ट्री योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद में अनुसूचित जाति वर्ग के निर्बल एवं पात्र व्यक्तियों के लोककल्याण तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योजना का संचालन किया जा रहा है।योजनान्तर्गत कुक्कुट पालन में रुचि रखने वाले 500 पुरुष एवं 300 महिला अभ्यर्थियों, कुल 800 लाभार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पात्र एवं योग्य लाभार्थियों का चयन ग्रामीण एवं जनपद स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु इच्छुक आवेदक को अपने ग्राम प्रधान/ग्राम प्रशासक एवं संबंधित पशु चिकित्साधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करना होगा। ग्रामीण स्तर पर लाभार्थियों का चयन ग्राम प्रधान एवं संबंधित पशु चिकित्साधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत जनपद स्तर पर अनुसूचित जाति वर्ग के निर्बल एवं पात्र व्यक्तियों का चयन मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा। -योजना के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सुविधाएं चयनित लाभार्थियों को निम्नलिखित सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जाएंगी 50 चूजे, छप्पर की व्यवस्था हेतु रुपए 900 की धनराशि, कुक्कुट पालन हेतु आवश्यक दवा/औषधि, 50 किलोग्राम कुक्कुट आहार व 03 दिवसीय कुक्कुट पालन प्रशिक्षण। आवेदन हेतु पात्रता आवेदक जनपद गाजियाबाद का निवासी होना चाहिए। आवेदक के पास निवास एवं कुक्कुट पालन हेतु उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए। आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना चाहिए। आवेदक के पास केवाईसी अद्यतन बैंक खाता होना अनिवार्य है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ प्राप्त करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति अपने ग्राम प्रधान/ग्राम प्रशासक, निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा कार्यालय मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, गाजियाबाद से संपर्क कर सकते हैं।