एमएलसी की दोनों सीटें जीतेगी भाजपा, 2027 के चुनाव में आएगी सुनामी : दयाशंकर सिंह

बलिया। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर शुक्रवार को मतदान जारी है। इस बीच बलिया में यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एमएलसी की दोनों सीटें जीतेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर नहीं, बल्कि सुनामी आएगी। यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने आईएएनएस से कहा, “विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में यह बुद्धिजीवी वर्ग है, जो देश का विकास चाहता है, प्रदेश में शांति व्यवस्था चाहता है। कानून का राज चाहता है। शिक्षण का माहौल चाहता है। सभी बच्चे शांतिपूर्वक शिक्षा ग्रहण करें और देश के लिए काम करें। तो ये भाजपा को वोट करेंगे।” उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा लगातार हार रही है। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी हार रही है। 2014, 2017, 2019, 2022 में लगातार हार रही है। 27 में तो यहां सुनामी बहने वाली है।” बता दें कि समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य राम गोपाल यादव ने कहा है कि इस एमएलसी चुनाव का 2027 के विधानसभा चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, दूसरी ओर अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात पर भी मंत्री दयाशंकर सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा, “उन लोगों को अपने वर्ग विशेष के वोट का डर सता रहा है। जब ओवैसी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुए हैं तो उन लोगों को अपने समुदाय के वोट का डर सता रहा है। इसलिए वे सोच रहे हैं कि आजम खान के कारण नैया पार हो जाए। समाजवादी पार्टी आजम खान की चिंता भी देर से कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब समाजवादी पार्टी सत्ता में थी तो लोगों पर अत्याचार करती थी। उन्होंने कहा, “प्रदेश की जनता जानती है कि समाजवादी पार्टी जब-जब सत्ता में रही है तो उसने किस तरह से लोगों पर अत्याचार किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा