दलेर मेहंदी स्टेज शो केस: सीएम धामी ने सिंगर मीका सिंह से फोन पर की बात, बोले- ‘देवभूमि में सभी कलाकारों का सम्मान’

देहरादून। उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान मशहूर गायक दलेर मेहंदी के साथ कथित बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में गायक मीका सिंह ने खुलकर दलेर मेहंदी का समर्थन किया था, जिसके बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद सामने आ गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी कि उन्होंने इस मामले में मीका सिंह से फोन पर बात की है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने दलेर मेहंदी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए। देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की हमारी महान परंपरा का संवाहक है। यहां सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत और सम्मान है।” दरअसल, यह पूरा विवाद उत्तराखंड में हुए एक सरकारी कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि मंच पर राज्य के एक मंत्री ने दलेर मेहंदी से रूडली बात की थी। इससे पहले मीका सिंह ने ‘एक्स’ पर एक लंबा पोस्ट लिखकर नाराजगी जताई थी। मीका ने लिखा था, “आजकल स्कूलों में भी बच्चों को डांटने-फटकारने को लेकर इतनी सावधानी बरती जाती है, लेकिन उत्तराखंड में आपके मंत्री ने दलेर मेहंदी को मंच पर बुलाकर जिस तरह इतनी रूडली बात की, क्या यह सही है? यह कहां का इंसाफ है?” मीका सिंह ने सीएम धामी को टैग करते हुए आगे लिखा, “सीएम धामी, हम सब आपकी इज्जत करते हैं और उत्तराखंड से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन किसी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल सही नहीं है। दलेर अपनी कमिटमेंट निभाने आए थे और उन्होंने पूरे 1 घंटा 30 मिनट परफॉर्म किया।” मीका ने अपनी पोस्ट में यह भी बताया कि जहां तक उन्हें जानकारी है, इस कार्यक्रम के लिए गायिका सुनंदा शर्मा को भी बुक किया गया था, लेकिन वह किसी वजह से नहीं आ पाईं। ऐसे में दलेर मेहंदी ने अपनी जिम्मेदारी पूरी करते हुए डेढ़ घंटे तक दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने लिखा, “कलाकार भी इंसान होते हैं। उनकी भी इज्जत और सम्मान होना चाहिए। अगर कोई शिकायत थी तो उसे सम्मानपूर्वक भी रखा जा सकता था। धामी साहब, आप मेरे भाई जैसे हैं और समझदार इंसान हैं। मुझे उम्मीद है कि आप इस मामले को समझेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी कलाकार के सम्मान को ठेस न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा