मुंबई। दिवंगत एक्टर इरफान खान के बेटे बाबिल खान को समुद्र से खास लगाव है। उन्हें स्कूबा डाइविंग के जरिए पानी के नीचे की दुनिया को करीब से जानना और नई चीजें सीखना पसंद है। हाल ही में बाबिल ने अपना स्पेशलिटी डाइवर सर्टिफिकेशन हासिल किया है। एक्टर का कहना है कि यह उनके लिए समुद्र की दुनिया को एक्सप्लोर करने और उसके बारे में सीखने के सफर का एक और कदम है। आईएएनएस से बातचीत में बाबिल ने स्कूबा डाइविंग के अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ”स्कूबा डाइविंग मेरे लिए समुद्र से जुड़ने और उस दुनिया को करीब से अनुभव करने का एक खूबसूरत तरीका रहा है, जो हमें पानी की सतह के ऊपर से दिखाई नहीं देती। स्पेशलिटी डाइवर सर्टिफिकेशन हासिल करना मेरे उस सफर का एक और कदम है, जिसमें मैं लगातार नई चीजें एक्सप्लोर करना, सीखना और आगे बढ़ना चाहता हूं।” उन्होंने कहा, ”पानी के अंदर होना, समुद्री जीवों से घिरे रहना और समुद्र को उसके अपने माहौल में देखना आपको बहुत विनम्र बनाता है। यह एहसास दिलाता है कि अभी बहुत कुछ ऐसा है जिसे हमें जानना है और अपने आसपास की दुनिया के बारे में हमें अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है।” बाबिल ने कहा, ”मैं आगे भी समुद्र की गहराइयों में उतरना चाहता हूं, नई जगहों को एक्सप्लोर करना चाहता हूं और समुद्र में मौजूद चीजों को और करीब से अनुभव करना चाहता हूं। साथ ही, मुझे उम्मीद है कि इस सफर के दौरान हम सभी समुद्रों और उनमें रहने वाले जीवों को बचाने की जरूरत को लेकर थोड़े और जागरूक हो सकेंगे।” एक्टर की बात करें तो 27 साल के बाबिल ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत कैमरा असिस्टेंट के तौर पर की थी। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘करीब करीब सिंगल’ में कैमरा असिस्टेंट के रूप में काम किया था। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने अन्विता दत्त की साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म ‘कला’ से एक्टिंग में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी नजर आई थीं। साल 2023 में बाबिल फिल्म ‘फ्राइडे नाइट प्लान’ में नजर आए, जिसमें उन्होंने जूही चावला के बेटे सिद्धार्थ मेनन का किरदार निभाया था। इसके बाद वह वेब सीरीज ‘द रेलवे मेन’ का हिस्सा बने। भोपाल गैस त्रासदी की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज में उनके साथ दिव्येंदु शर्मा, केके मेनन और आर. माधवन भी नजर आए थे। मई 2025 में बाबिल उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपना इंस्टाग्राम प्रोफाइल डिलीट कर दिया था।