राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का डिजाइन करने वाले पिंगली वेंकैया की जयंती पर रक्षा मंत्री, गृह मंत्री समेत अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। भारतीय ध्वज तिरंगे का डिजाइन करने वाले पिंगली वेंकैया की जयंती पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “मैं पिंगली वेंकैया की जयंती पर उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने हमारे तिरंगे का डिजाइन तैयार किया था। एक प्रख्यात विद्वान और कई भाषाओं के जानकार, उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। भारत के स्वतंत्रता संग्राम, शिक्षा और कृषि अनुसंधान में उनके उल्लेखनीय योगदान ने राष्ट्र-निर्माण और राष्ट्रीय प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाया। उनकी अमिट विरासत भारतीयों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती है।” गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, “पिंगली वेंकैया को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने हमारे राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ को डिजाइन करने में अमूल्य योगदान दिया, जो हमारे गौरव और आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में शान से लहराता है। स्वतंत्रता आंदोलन और ज्ञान की विभिन्न धाराओं के विकास में उनकी भूमिका भारतीयों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।” केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, “भारत के राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ को डिजाइन करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी पिंगली वेंकैया की जयंती पर उन्हें सादर नमन।” केंद्रीय मंत्री ने एचडी कुमारस्वामी एक्स पर लिखा, “पिंगली वेंकैया की जयंती पर, मैं उस दूरदर्शी व्यक्ति को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनके असाधारण योगदान ने स्वतंत्र भारत को एकता, पहचान और राष्ट्रीय गौरव के सबसे स्थायी प्रतीकों में से एक ‘तिरंगा’ प्रदान किया।” केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, “एक विद्वान, स्वतंत्रता सेनानी और देशभक्त के रूप में वेंकैया का जीवन राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था। भारत का राष्ट्रीय ध्वज केवल एक राष्ट्रीय प्रतीक नहीं है; यह अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, हमारे संविधान के आदर्शों और एक अरब से अधिक भारतीयों की आकांक्षाओं को समाहित करता है। उनके असाधारण योगदान का सम्मान करते हुए, आइए हम अपने तिरंगे की गरिमा बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराएं और एकता, सेवा तथा राष्ट्र-निर्माण के उन मूल्यों के प्रति खुद को समर्पित करें जिनका यह ध्वज प्रतिनिधित्व करता है।” महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट किया, “एकता, गर्व और संप्रभुता- हमारा तिरंगा इन सभी का प्रतीक है। भारत को आजादी और पहचान का सबसे अहम प्रतीक देने वाले भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के डिजाइनर, पिंगली वेंकय्या को उनकी जयंती पर सादर नमन!” आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने एक्स पोस्ट में कहा, “पिंगली वेंकय्या की 150वीं जयंती पर मैं उस दूरदर्शी व्यक्ति को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने भारत को हमारा तिरंगा दिया – जो हमारी एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव का शाश्वत प्रतीक है। आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के भाटलापेनुमारु गांव में जन्मे इस महान देशभक्त ने देश को उसका सबसे प्रिय प्रतीक भेंट किया, जो हर तेलुगु व्यक्ति के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उनकी असाधारण विरासत आने वाली पीढ़ियों को हमारे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा