यूपी : मोदीनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दूसरा गिरफ्तार

गाजियाबाद। गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों पर मोदीनगर क्षेत्र में बीते दिनों एक महिला से हुई लूट की वारदात में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, मोदीनगर इलाके में पुलिस टीम नियमित रूप से वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक बाइक को दूसरी दिशा में भगाने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। भागते समय उनकी मोटरसाइकिल खड़ंजे पर पड़ी ईंटों के कारण असंतुलित होकर फिसल गई। इसके बाद, दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर 315 बोर के तमंचे से गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान, पुलिस की एक गोली एक बदमाश के पैर में लग गई। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम फारूक बताया, जबकि उसके साथी का नाम कासिम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मेरठ के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से लूटे गए पीली धातु के कुंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। बरामदगी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। एसपी भास्कर वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे थे। बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों की पहचान फारूक और कासिम के रूप में हुई है और दोनों मेरठ के रहने वाले बताए गए हैं। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा