मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की पहल विकास भवन परिसर में विकसित होंगी जनसुविधाएं, स्वयं सहायता समूहों एवं दिव्यांगजनों को मिलेगा रोजगार का अवसर

गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी  कुमार सौरभ की अध्यक्षता में आज विकास भवन, गाजियाबाद में विकास भवन परिसर में निर्मित दुकानों के आवंटन, संचालन एवं परिसर में विभिन्न जनसुविधाओं को विकसित किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में विकास भवन परिसर में निर्मित की जा रही दुकानों को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने, उनकी आंतरिक एवं बाहरी साज-सज्जा, विद्युत एवं पेयजल कनेक्शन, आउटडोर स्वरूप तथा दुकानों को शीघ्र क्रियाशील किए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।विकास भवन परिसर को आम नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यहां खान-पान एवं कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए भी स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार एवं विपणन के लिए बेहतर मंच प्राप्त होगा।परिसर में दिव्यांगजनों द्वारा संचालित कैंटीन भी प्रारंभ की जाएगी, जिससे दिव्यांगजनों को स्वरोजगार एवं आजीविका का अवसर उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों की सुविधा के लिए बैंकिंग सेवाओं एवं एटीएम आदि की सुविधा विकसित किए जाने पर भी चर्चा की गई। एसबीआई सहित संबंधित बैंक के प्रतिनिधियों से आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने कहा कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में परिसर में खान-पान, बैंकिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध होने से आगंतुकों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को रोजगार तथा अपने उत्पादों के विपणन के अवसर भी प्राप्त होंगे।बैठक में दुकानों के आवंटन एवं संचालन, आवंटित दुकानों को शीघ्र प्रारंभ कराने, दुकानों की साज-सज्जा, परिसर के बाहरी स्वरूप को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने तथा विद्युत-पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक में परियोजना निदेशक, ग्रामीण विकास विभाग  प्रदीप पांडे, जिला विकास अधिकारी  प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी  अंशुल चौहान, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM)  बुद्धराम, भागीरथ सेवा संस्थान के संचालक  अमिताभ शुक्ल, नीव शक्ति संस्थान से ऋचा वल्लभ, विद्युत विभाग एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित बैंकों के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने तथा विकास भवन परिसर में प्रस्तावित दुकानों एवं जनसुविधाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा