दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन से कारोबार प्रभावित, व्यापारियों ने रोजाना 100 करोड़ के नुकसान का किया दावा

नई दिल्ली। दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन का असर बाजारों के कारोबार पर पड़ने का दावा करते हुए व्यापारियों ने चिंता जताई है। खान मार्केट, कनॉट प्लेस और बंगाली मार्केट से जुड़े व्यापारियों के मुताबिक प्रदर्शन के कारण ग्राहक बाजारों में आने से कतरा रहे हैं, जिससे बिक्री प्रभावित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के इस मौसम में कारोबार में गिरावट उनके लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर सकती है। खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहता और नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने प्रदर्शन के कारण कारोबार पर पड़ रहे असर को लेकर अपनी बात रखी। वहीं, बंगाली मार्केट एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद गुप्ता ने कारोबारियों की आजीविका को लेकर चिंता जताई। संजीव मेहता ने बाजार की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मुश्किल से चार ग्राहक घूमते दिखाई दे रहे हैं। विरोध-प्रदर्शन के कारण ग्राहक बाजार आने से डर रहे हैं और दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हो रही है। दुकानों में सामान पड़ा है और व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कारोबार के लिहाज से अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर का महीना बेहद महत्वपूर्ण है। इन्हीं महीनों की बिक्री से व्यापारी सालभर का खर्च चलाते हैं और अपने कारोबार से जुड़े परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। प्रदर्शनों के समय पर सवाल उठाते हुए मेहता का आरोप है कि हिंदू त्योहारों के दौरान बिना वजह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों से व्यापारियों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने दावा किया कि कारोबारियों को प्रतिदिन करीब 100 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। कनॉट प्लेस, जनपथ, पालिका बाजार, मोहन सिंह प्लेस, म्युनिसिपल मार्केट और शंकर मार्केट सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापार पर इसका असर पड़ा है। यह नुकसान कई दिनों से जारी है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने त्योहारों को ध्यान में रखकर पहले ही बड़ी मात्रा में सामान खरीद लिया है और उसमें निवेश किया है, लेकिन बिक्री प्रभावित होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति सामान्य नहीं होती है तो कारोबारियों का नुकसान और बढ़ सकता है। भार्गव ने कहा कि हालात सामान्य होने पर व्यापारियों की पहली प्राथमिकता अपने नुकसान की भरपाई करना होगी। इसी वजह से वे कनॉट प्लेस में विरोध-प्रदर्शन नहीं चाहते। व्यापारी कुलदीप कुमार ने कहा कि सीजेपी और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के कारण त्योहारी सीजन में व्यापार को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के व्यापारियों को रोजाना 2,000 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। बंगाली मार्केट एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को विदेशी फंडिंग मिलने से जुड़ी रिपोर्टों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन करने वालों को ऐसी फंडिंग मिल रही है तो उनकी गतिविधियां जारी रह सकती हैं, लेकिन व्यापारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनका कारोबार कैसे चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा