कर्नाटकः रायचूर जिले में भगवान गणेश की मूर्ति के नीचे दबकर युवक की मौत

रायचूर। कर्नाटक के रायचूर जिले में एक युवक की भगवान गणेश की मूर्ति के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज करते हुए मौत का असली कारण पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दरअसल, रायचूर जिले के सिरवार तालुक के अट्टानूर गांव में शुक्रवार तड़के सिरवार शहर के वार्ड नंबर 20 के रहने वाले प्रेम कुमार (23) के मौत हो गई। प्रेम कुमार गणेश जी की मूर्ति ले जा रहा था, तभी मूर्ति बिजली के तार के संपर्क में आ गई और हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि प्रेम कुमार दो दिन पहले अपने दोस्तों के साथ गणेश जी की मूर्ति लेने हैदराबाद गया था। शुक्रवार को तड़के करीब 2:30 बजे मूर्ति को अट्टानूर गांव लाया जा रहा था। बताया जाता है कि बड़ी मूर्ति इस दौरान बिजली के तार से छू गई और झटका लगने से मूर्ति प्रेम कुमार पर गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए रायचूर के आरआईएमएस अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो जाएगा कि मौत बिजली का झटका लगने से हुई या मूर्ति के गिरने से लगी चोट के कारण। इस घटना के संबंध में सिरवार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस जांच कर रही है। इसी तरह महाराष्ट्र के मुंबई के भुलेश्वर में अगस्त में हादसा हुआ था। ‘भुलेश्वर चा राजा’ के नाम से मशहूर भगवान गणेश की 22 फीट ऊंची मूर्ति लाते समय संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गई थी। मूर्ति की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई थी। वहीं, वैभव घेनांद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए थे। गौरतलब है कि गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। दस दिन चलने वाले इस त्योहार में घरों के साथ सार्वजनिक पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसी कड़ी में गणेश जी मूर्तियां अभी से पांडालों में लाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा