ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश

वॉशिंगटन। रिपब्लिकन प्रतिनिधि थॉमस मैसी ने अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने यह कदम ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध और अपने पद पर उनके कामकाज को लेकर उठाया। मंगलवार को प्रतिनिधि सभा में बोलते हुए मैसी ने हेगसेथ पर ‘गंभीर संवैधानिक और कानूनी उल्लंघन’ करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हेगसेथ ने 1973 के वार पावर्स रेजोल्यूशन का उल्लंघन किया, ईरान संघर्ष में अमेरिकी सैन्य भागीदारी खत्म करने से जुड़े कांग्रेस के निर्देशों को नजरअंदाज किया, आम नागरिकों के हताहत होने को कम करने के लिए बनाए गए कानूनों का पालन नहीं किया और संदिग्ध ड्रग तस्करों के खिलाफ अदालत की प्रक्रिया के बिना किए गए हमलों को मंजूरी दी या उनकी निगरानी की। स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, मैसी ने आरोप लगाया कि हेगसेथ ने अपने पद के अधिकारों का दुरुपयोग किया। उनके अनुसार, ट्रंप प्रशासन की आलोचना करने वाले लोगों को उनके अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का इस्तेमाल करने पर निशाना बनाया गया। ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध अब सातवें महीने में पहुंच चुका है और अमेरिकी जनता के बीच यह अलोकप्रिय हो गया है। इससे रिपब्लिकन लॉमेकर्स पर भी दबाव बढ़ रहा है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि मैसी के अलावा कितने रिपब्लिकन लॉमेकर्स और डेमोक्रेट इस महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। यह कदम उसी दिन उठाया गया जब द हिल की एक रिपोर्ट में बताया गया कि पेंटागन ने पिछले महीने कांग्रेस को जानकारी दी थी कि ईरान युद्ध की लागत 42 अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गई है। यह रक्षा विभाग के पहले सार्वजनिक अनुमान से 4.5 अरब डॉलर ज्यादा है। उम्मीद है कि प्रतिनिधि सभा गुरुवार तक मैसी के प्रस्ताव पर कार्रवाई करेगी। इससे लॉमेकर्स के पास इस पर विचार करने के लिए बहुत कम समय होगा। सदन इस सप्ताह के अंत में नवंबर के मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों से पहले होने वाले पारंपरिक शरदकालीन अवकाश के लिए स्थगित होने वाला है। हेगसेथ के खिलाफ यह दूसरा महाभियोग प्रयास है। इससे पहले अप्रैल में हाउस के डेमोक्रेट लॉमेकर्स ने छह आरोपों वाला एक महाभियोग प्रस्ताव पेश किया था। इस बीच, व्हाइट हाउस ने मंगलवार को रक्षा मंत्री हेगसेथ का समर्थन किया। केंटकी के रिपब्लिकन लॉमेकर थॉमस मैसी की ओर से महाभियोग प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने पत्रकारों से कहा कि हेगसेथ बेहतरीन काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा