अमांडा अनिसिमोवा कलाई में चोट के कारण ‘सिंगापुर ओपन’ से बाहर

सिंगापुर। दूसरी वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा को बाएं हाथ की कलाई में चोट के कारण ‘सिंगापुर ओपन’ से अपना नाम वापस लेना पड़ा है। इसी के साथ डब्ल्यूटीए 500 टूर्नामेंट में एशियाई दौरे की शुरुआत करने की उनकी उम्मीदें खत्म हो गईं। वर्ल्ड नंबर 11 अमेरिकी खिलाड़ी को इस हफ्ते सिंगापुर में अपना डेब्यू करना था। उन्हें पहले राउंड में ‘बाई’ मिला था और दूसरे राउंड में उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया की तालिया गिब्सन से होना था, जिन्होंने फियोना फेरो को मात दी थी। इसके बजाय, ‘लकी लूजर’ विक्टोरिया मोर्वायोवा को मेन ड्रॉ में जगह दी गई है, जो गिब्सन का सामना करेंगी। 296वें नंबर की स्लोवाक खिलाड़ी को सप्ताहांत में क्वालीफाइंग के आखिरी राउंड में जोआना गारलैंड से हार का सामना करना पड़ा था। अमांडा अनिसिमोवा यूएस ओपन में अपने अच्छे प्रदर्शन को बरकरार नहीं रख सकी थीं; वहां अनास्तासिया पोतापोवा से हारने के बाद उन्हें तीसरे राउंड से बाहर होना पड़ा था। 25 वर्षीय खिलाड़ी ने 2026 में डब्ल्यूटीए टूर ड्रिवन बाय मर्सिडीज-बेंज में 22-12 का रिकॉर्ड बनाया है और सिंगापुर में सीजन का अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने पिछले साल बीजिंग में ट्रॉफी अपने नाम की थी। अनिसिमोवा की फिटनेस की स्थिति ही अब तय कर सकती है कि क्या वह चाइना ओपन के लिए वापसी कर सकती हैं या नहीं? इस बीच, सिंगापुर टूर्नामेंट में आठवीं वरीयता प्राप्त डोना वेकिक को चीन की जिन्यु वांग के हाथों 1-6, 2-6 से करारी हार का सामना करना पड़ा था। वांग ने क्रोएशियाई खिलाड़ी के खिलाफ लगातार दूसरी जीत हासिल करते हुए अपने ‘हेड-टू-हेड’ रिकॉर्ड को 2-2 से बराबर कर लिया। अमेरिकी खिलाड़ी एलिसिया पार्क्स ने ‘लकी लूजर’ मेई यामागुची को 6-4, 6-3 से हराकर ‘राउंड ऑफ 16’ में जगह बनाई। वहीं, यूक्रेन की ओलेक्सांद्रा ओलिनिकोवा ने मंगलवार को विवियन वोल्फ को 6-1, 7-6(5) से हराकर लगातार सेटों में एक और जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा