अनाधिकारिक टेस्ट मैच: शतक चूकीं तनीषा, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडिया-ए विमेंस ने पहले दिन बनाए 351 रन

धर्मशाला। इंडिया-ए विमेंस ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी अनाधिकारिक टेस्ट मैच के पहले दिन 9 विकेट खोकर 351 रन बनाए। भारतीय टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में शुभा सतीश, तनीषा सिंह और निकी प्रसाद का अहम योगदान रहा। चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। शुभा ने प्रिया पुनिया के साथ पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। प्रिया 8 बाउंड्री के साथ 46 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 120 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए। इस बीच शुभा 10 चौकों के साथ 59 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। यहां से अनुष्का शर्मा ने तनीषा सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। अनुष्का 4 चौकों और 1 छक्के के साथ 44 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद तनीषा ने निकी प्रसाद के साथ छठे विकेट के लिए 111 रन जोड़कर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। टीम ने तनीषा के रूप में छठा विकेट गंवाया, जो 12 चौकों के साथ 92 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद निकी प्रसाद ने मोर्चा संभाला। दिन की समाप्ति तक निकी 11 चौकों और 2 छक्कों के साथ 78 रन बनाकर नाबाद थीं। ऑस्ट्रेलियाई खेमे से लिल्ली मिल्स और चार्ली नॉट 3-3 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं, जबकि टेस फ्लिंटॉफ, मिली इलिंगवर्थ और फ्रैंकी निकलिन ने 1-1 विकेट हासिल किया। विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया की कप्तानी में भारतीय टीम शुभा सतीश, प्रिया पुनिया, अनुष्का शर्मा, तनीषा सिंह, तेजल हसब्निस, निकी प्रसाद, शुचि उपाध्याय, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघारे और शबनम मोहम्मद शकील के साथ इस मैच में उतरी है। वहीं ऑस्ट्रेलिया-ए की प्लेइंग इलेवन में रेचल ट्रेनामैन (कप्तान), ताहलिया विल्सन (विकेटकीपर), कोर्टनी वेब, चार्ली नॉट, अनिका लिरोइड, निकोल फालटूम, टेस फ्लिंटॉफ, सियाना जिंजर, मिली इलिंगवर्थ, लिल्ली मिल्स और फ्रैंकी निकलिन शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा