अखिलेश यादव स्वार्थ के लिए गठबंधन करते हैं, प्रदेश की जनता देगी जवाब: दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा, दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक और चुनाव आयोग को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेता दिनेश प्रताप सिंह ने टिप्पणी की। उन्होंने अखिलेश यादव के गठबंधन संबंधी रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ गठबंधन की बात की जा रही है, जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी के घर से युद्ध का शंखनाद किया जा रहा है। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह समझना मुश्किल है कि उत्तर प्रदेश की जनता गठबंधन की पवित्रता को कैसे महसूस करेगी। विपक्षी दलों के गठबंधन अपने-अपने हित और स्वार्थ के लिए बनते हैं। प्रदेश की जनता इन गठबंधनों की राजनीति को समझती है और समय आने पर इसका जवाब देगी। अखिलेश यादव के उस बयान पर भी दिनेश प्रताप सिंह ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने हरे रंग को हरियाली और लाल रंग को दूसरी क्रांति का प्रतीक बताया था। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि रंगों का भारतीय संस्कार और संस्कृति में महत्व है, लेकिन राजनीति और जनसेवा में रंग से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि कौन जनता की बेहतर सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोई सफेद, हरा या लाल कपड़ा पहनकर और कोई भगवा झंडा लेकर भी जनता की सेवा कर सकता है। असली सवाल यह है कि जनता की सेवा कौन बेहतर तरीके से कर रहा है। दिनेश प्रताप सिंह ने इस संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश सुरक्षित है, देशवासियों की मेहनत की कमाई सुरक्षित है और देश का सम्मान सुरक्षित है। भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की अवधारणा के साथ काम कर रही है। इंडिया ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से रखी गई छह प्रमुख मांग, जिनमें ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने और चुनाव आयोग की जवाबदेही व निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग शामिल थी। दिनेश प्रताप सिंह ने चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि चुनाव में हार होती है तो विपक्ष ईवीएम और चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि जिस चुनाव आयोग से उसके नेताओं को सांसद चुने जाने का प्रमाणपत्र मिला, उसी आयोग पर सवाल उठाने से पहले उन प्रमाणपत्रों को वापस करना चाहिए। उन्होंने पुराने चुनाव आयोग से जुड़े एक आरोप का भी उल्लेख किया और सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता सूची से संबंधित सवाल उठाए। विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वर्तमान चुनाव आयोग ने ऐसी कौन-सी गलती की है जिसके आधार पर उस पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इंडिया ब्लॉक की बैठक के बाद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर कठपुतली की तरह काम करने का आरोप लगाया था और कहा था कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को चुपचाप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने राहुल गांधी को परजीवी सांसद और परजीवी आंदोलनकारी बताते हुए कहा कि वे दूसरे आंदोलनों का हिस्सा बनकर खुद को आंदोलनकारी के रूप में पेश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र या अन्य समूह आंदोलन करते हैं तो राहुल गांधी उनके साथ खड़े होकर उस आंदोलन का हिस्सा बनने की कोशिश करते हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी के देश और विदेश में रहने को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वे देश की अपेक्षा विदेशों में अधिक समय बिताते हैं।

फ्लाईदुबई विमान घटना: इजरायली यात्रियों की सुरक्षित वापसी पर यूएन में इजरायल के राजदूत बोले- ‘वेलकम होम’

यरुशलम। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में बुधवार को हुई आपातकालीन घटना के बाद संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डेनी डेनन ने विमान में सवार इजरायली यात्रियों के साहस की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यात्रियों की वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि संकट के समय उन्होंने असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाई। इजरायली राजदूत डेनन ने एक्स पर पोस्ट किया, “वेलकम होम। मैं उन इजरायली यात्रियों को सलाम करता हूं, जिन्होंने संकट के समय असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाई। उन्होंने निर्णायक कदम उठाए, हालात को संभाला और लोगों की जान बचाने में मदद की।” यह बयान फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट एफजेड 1073 में हुई घटना के बाद आया है। विमान ने बुधवार को उड़ान के दौरान आपातकालीन सिग्नल भेजा था और तेजी से नीचे आने के बाद उसे सऊदी अरब की ओर डायवर्ट किया। बाद में विमान ने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। फ्लाईदुबई के प्रवक्ता के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्रियों का पता लगा लिया गया और वे सुरक्षित हैं। इजरायल की सरकारी कान टीवी न्यूज ने एक इजरायली अधिकारी के हवाले से बताया था कि अधिकारी घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि संभावित आतंकी घटना की आशंका को भी जांच के दायरे से बाहर नहीं किया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि क्या दोनों पायलटों में से किसी एक ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। घटना में एक पायलट के घायल होने की भी बात कही गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें चेहरे पर खून के निशान वाला एक इजरायली यात्री विमान के अंदर हमले का दावा करते हुए यात्रियों द्वारा कथित हमलावरों को काबू में करने की बात कहता नजर आया। एक इजरायली अधिकारी के मुताबिक, दोनों पायलटों के बीच कथित रूप से शारीरिक विवाद होने के बाद विमान से आपातकालीन सिग्नल भेजा गया था। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रही फ्लाइट को ताबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। घटना के बाद इजरायल एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने यात्रियों के परिजनों के लिए बेन गुरियन एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 में एक विशेष वेटिंग और इन्फॉर्मेशन एरिया भी बनाया था।

भारत में पहली बार वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी का आयोजन, जेपी नड्डा बोले- 60 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचा आयुष्मान भारत का लाभ

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को नई दिल्ली में वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (डब्ल्यूसीओजी 2026) को संबोधित किया। भारत में पहली बार आयोजित हो रहे इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के डॉक्टर, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। डब्ल्यूसीओजी 2026 की शुरुआत 30 सितंबर को हुई है और यह 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस साल सम्मेलन की थीम ‘ट्रांसफॉर्मिंग गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल हेल्थ, प्रिजर्विंग नेचर’ रखी गई है। इस सम्मेलन की मेजबानी इंडियन सोसाइटी ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (आईएसजी) और वर्ल्ड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूजीओ) संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसमें इंडियन नेशनल एसोसिएशन फॉर स्टडी ऑफ द लिवर (आईएनएएसएल), क्रोन्स एंड कोलाइटिस फाउंडेशन इंडिया (सीसीएफआई), इंडियन पैंक्रियाज क्लब (आईपीसी) और इंडियन न्यूरोगैस्ट्रोएंटरोलॉजी एंड मोटिलिटी एसोसिएशन (आईएनएमए) भी सहयोग कर रहे हैं। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को व्यापक और समग्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। इलाज के साथ बीमारी की रोकथाम, स्वास्थ्य को बढ़ावा देने, पुनर्वास और गंभीर मरीजों की देखभाल पर भी जोर दिया जा रहा है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया गया। इसके तहत प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और इनके बीच बेहतर तालमेल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि देशभर में करीब 1.86 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नेटवर्क लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने गैर-संचारी रोगों की जांच को बीमारी की रोकथाम का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए 30 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों की हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और मुंह, स्तन तथा सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक हाई ब्लड प्रेशर के लिए 42 करोड़ से ज्यादा, डायबिटीज के लिए 42 करोड़, ओरल कैंसर के लिए 36 करोड़, ब्रेस्ट कैंसर के लिए 17 करोड़ और सर्वाइकल कैंसर के लिए 9 करोड़ से ज्यादा स्क्रीनिंग की जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वस्थ खानपान और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने एफएसएसएआई के ईट राइट इंडिया अभियान और पोषण माह जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने मोटापे जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए खाने में तेल की खपत कम करने की प्रधानमंत्री की अपील को भी याद किया। नड्डा ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार हुआ है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के मुताबिक, संस्थागत प्रसव 2015-16 में 79 प्रतिशत से बढ़कर करीब 90 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि 1990 से 2023 के बीच भारत में मातृ मृत्यु में 86 प्रतिशत, पांच साल से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु में 79 प्रतिशत और नवजात मृत्यु में 70 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। जेपी नड्डा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इलाज के खर्च से राहत दिलाने के लिए सितंबर 2018 में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक परिवार को हर साल 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य कवर दिया जाता है। इसका दायरा 60 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना 70 साल और उससे अधिक उम्र के करीब 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों तक भी योजना का विस्तार किया गया है। नड्डा के मुताबिक, योजना के तहत अब तक 13 करोड़ से अधिक इलाज किए जा चुके हैं, जिन पर 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का स्वास्थ्य खर्च हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि देशभर में 20,149 से ज्यादा जन औषधि केंद्र लोगों को कम कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पहल की वजह से लोगों ने दवाओं पर होने वाले खर्च में सामूहिक रूप से करीब 45 हजार करोड़ रुपए की बचत की है। नड्डा के मुताबिक, स्वास्थ्य पर लोगों का अपनी जेब से होने वाला खर्च भी कम हुआ है। कुल स्वास्थ्य खर्च में आउट-ऑफ-पॉकेट खर्च की हिस्सेदारी 2014-15 में 62 प्रतिशत थी, जो 2021-22 में घटकर 43.4 प्रतिशत रह गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली उपलब्धियों के बावजूद नई चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार रिसर्च और इनोवेशन जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाले डॉक्टर और शोधकर्ता पेट तथा लिवर की बीमारियों और प्रमुख संक्रमणों से निपटने के लिए नए समाधान विकसित करेंगे। नड्डा ने कहा कि डब्ल्यूसीओजी जैसे अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन अलग-अलग देशों के विशेषज्ञों को अपना ज्ञान और अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं। ऐसे आयोजन युवा डॉक्टरों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं, जो भविष्य में रिसर्च, इलाज और मेडिकल इनोवेशन को आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली प्रतिष्ठित हस्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी प्रदान किए। डब्ल्यूसीओजी 2026 में दुनियाभर से गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट, हेपेटोलॉजिस्ट, पैंक्रियाटोलॉजिस्ट, एंडोस्कोपिस्ट, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जन, डायटीशियन, नर्स, टेक्नोलॉजिस्ट और अन्य स्वास्थ्य पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के चार दिनों के दौरान वैज्ञानिक सत्र, व्याख्यान, बहस, वर्कशॉप, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और रिसर्च से जुड़े प्रेजेंटेशन आयोजित किए जाएंगे। इसमें गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल हेल्थ में नई तकनीकों और इनोवेशन पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम में एम्स के निदेशक प्रो. निखिल टंडन, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद, डब्ल्यूजीओ की अध्यक्ष डॉ. कैरोलिना ओलानो, डब्ल्यूसीओजी की स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद मखारिया और आईएसजी के महासचिव डॉ. मैथ्यू फिलिप समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

दिल्ली एनसीआर में हवा सुधरी, पिछले पांच साल में सितंबर में एक्यूआई घटकर 102 पर आया

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार का ट्रेंड जारी है। राजधानी ने इस साल 2026 के सितंबर महीने में पिछले 5 सालों का सबसे कम औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दर्ज किया है। आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में दिल्ली का मासिक औसत एक्यूआई 102 रहा, जबकि 2025 में 105, 2024 में भी 105, 2023 में 108 और 2022 में 104 था। यानी इस बार सितंबर की हवा पिछले 5 सालों में सबसे साफ रही। सिर्फ सितंबर ही नहीं, पूरे साल की हवा भी बेहतर है। जनवरी से सितंबर (28 सितंबर तक) की अवधि में इस साल 2026 में 194 दिन ऐसे रहे जब दैनिक औसत एक्यूआई 200 से कम यानी ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। यह पिछले 5 सालों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2025 में 187 दिन, 2024 में 188 दिन, 2023 में 193 दिन और 2022 में सिर्फ 146 दिन ही हवा इस श्रेणी में थी। वहीं, खराब हवा वाले दिनों में भी बड़ी गिरावट आई है। जनवरी-सितंबर 2026 में ‘खराब से लेकर बेहद खराब प्लस’ वाले दिन सिर्फ 79 दिन रहे, जो पिछले 5 सालों में सबसे कम हैं। 2025 में 86 दिन, 2024 में 86 दिन, 2023 में 80 दिन और 2022 में 127 दिन हवा बेहद खराब श्रेणी में थी। पीएम2.5 के स्तर में भी सुधार देखा गया है। जनवरी से सितंबर तक दिल्ली में पीएम2.5 का औसत 69 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो 2022 के बाद से सबसे कम है। पिछले साल 2025 में भी 69 था, लेकिन 2024 में 81, 2023 में 73 और 2022 में 80 माइक्रोग्राम था। सीएक्यूएम (वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) ने कहा कि वह दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है और आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के प्रयासों को तेज किया जाएगा।

पीएम मोदी और ट्रंप के बीच फोन पर हुई बातचीत, व्यापार-रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में भारत-अमेरिका द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इसे और मजबूत करने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जारी प्रयासों पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर बातचीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे ‘सार्थक बातचीत’ बताया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और अन्य क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। हमने अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।” प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा किए, जिसमें वैश्विक शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाने के लिए जारी प्रयास शामिल हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के हित में सहयोग को और गहरा करने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। पीएमओ ने कहा कि नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया और वैश्विक शांति एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई। इस बीच, आईएएनएस ने इससे पहले अपनी रिपोर्ट में बताया था कि अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत-अमेरिका संबंधों के विस्तार के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप का संकेत दिया है। वाशिंगटन अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा की दिशा में काम कर रहा है और नई दिल्ली को अपने सबसे करीबी रणनीतिक साझेदारों में से एक मानता है। जून में व्हाइट हाउस में आईएएनएस को दिए अलग-अलग विशेष साक्षात्कारों में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बताया था। दोनों अधिकारियों ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को रेखांकित किया था। रुबियो ने कहा था कि अमेरिकी प्रशासन अगले साल ट्रंप की भारत यात्रा की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा था कि वह खुद भी साल के अंत से पहले भारत आने और अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति की यात्रा की तैयारियों की उम्मीद कर रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंधों को भी द्विपक्षीय रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण बताया था। रुबियो ने कहा था कि भारत अमेरिका का बेहद करीबी साझेदार और सहयोगी है तथा प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बीच संबंध कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। वहीं, गोर ने दोनों नेताओं के संबंधों को भारत-अमेरिका रिश्तों के प्रमुख आधारों में से एक बताया था। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के बीच वर्षों से दोस्ती है और यह आगे भी जारी रहेगी। रुबियो और गोर ने भारत-अमेरिका सहयोग के बढ़ते दायरे का भी उल्लेख किया था। इसमें अर्थव्यवस्था, आपूर्ति श्रृंखला, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं: सरकार

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लघु यानी छोटी बचत योजनाओं (स्मॉल सेविंग स्कीम्स) में निवेश करने वाले करोड़ों निवेशकों को राहत देते हुए अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही के लिए ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी अधिसूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही, यानी 1 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक विभिन्न छोटी बचत योजनाओं पर लागू ब्याज दरें जुलाई-सितंबर तिमाही के समान रहेंगी। इस फैसले का मतलब है कि पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ), सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसवाई), नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (एनएससी) और अन्य सरकारी बचत योजनाओं में निवेश करने वाले लोगों को पहले की तरह ही रिटर्न मिलता रहेगा। मौजूदा ब्याज दरों के अनुसार, पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) पर 7.1 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलता रहेगा। वहीं बेटियों के भविष्य के लिए लोकप्रिय सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.2 प्रतिशत ब्याज दर जारी रहेगी, जो छोटी बचत योजनाओं में सबसे आकर्षक रिटर्न देने वाली योजनाओं में शामिल है। इसके अलावा, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (एनएससी) में निवेश करने वालों को भी 7.7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलता रहेगा। इन योजनाओं का उपयोग बड़ी संख्या में खुदरा निवेशक सुरक्षित और निश्चित रिटर्न प्राप्त करने के लिए करते हैं। छोटी बचत योजनाएं भारतीय परिवारों की वित्तीय योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती हैं। सरकार समर्थित होने के कारण इनमें जोखिम अपेक्षाकृत कम माना जाता है और यही वजह है कि पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजना, एनएससी, डाकघर जमा योजनाएं और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना जैसी स्कीम्स निवेशकों के बीच लोकप्रिय हैं। सरकार का मानना है कि ब्याज दरों को स्थिर रखने से निवेशकों को निश्चितता मिलेगी और बदलती ब्याज दरों के माहौल में भी इन योजनाओं का आकर्षण बना रहेगा। इससे बचतकर्ताओं को अपने निवेश और भविष्य की वित्तीय योजना बनाने में सुविधा होगी। छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा हर तिमाही की जाती है और निवेशक इस घोषणा पर करीबी नजर रखते हैं, क्योंकि नई जमा राशि पर मिलने वाला रिटर्न इसी के आधार पर तय होता है। हालांकि पहले से किए गए निवेश संबंधित योजना के नियमों के अनुसार ब्याज अर्जित करते रहते हैं। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना में यह स्पष्ट किया गया है कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के लिए दरें यथावत रहेंगी, हालांकि योजना-वार पूरी ब्याज दर सूची अधिसूचना में अलग से प्रकाशित नहीं की गई है।

गुवाहाटी में ‘गरजा’ गिल का बल्ला, ‘दोहरे शतक’ के साथ वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदा, वनडे सीरीज में भारत की अजेय बढ़त

गुवाहाटी। कप्तान शुभमन गिल की डबल सेंचुरी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया। बुधवार को खेले गए इस मैच में दमदार जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 405 रन बनाए। इस टीम को 37 के स्कोर पर कीसी कार्टी (9) के रूप में पहला झटका लग गया था, जिसके बाद जॉन कैंपबेल ने शाई होप के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 गेंदों में 110 रन जोड़ते हुए टीम को 147 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कैंपबेल 68 गेंदों में 5 छक्कों और 9 चौकों के साथ 101 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान शाई होप ने आमिर जंगू के साथ 131 गेंदो में 182 रन जोड़कर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। होप 94 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 8 चौके शामिल रहे, जबकि आमिर 77 गेंदों में 3 छक्कों और 13 चौकों के साथ 114 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा, रोस्टन चेज ने 29 रन की नाबाद पारी खेली। भारत के लिए गूरनूर बरार, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट अपने नाम किया। इसके जवाब में भारत ने 43.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 158 गेंदों में 255 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। रोहित 75 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 101 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गिल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 65 रन जुटाकर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। यहां से गिल ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने 68 गेदों में 86 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। गिल 133 गेंदों में 223 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान 8 छक्के और 26 चौके लगाए। यह वनडे फॉर्मेट में गिल का सबसे बड़ा स्कोर रहा। ऋतुराज गायकवाड़ 37 गेंदों में 2 चौकों के साथ 31 रन बनाकर नाबाद रहे। मेहमान टीम की तरफ से जेडेन सील्स और शमार जोसेफ ने एक-एक सफलताएं हासिल कीं। भारत ने सीरीज का पहला मैच भी 8 विकेट से अंतर से अपने नाम किया था। अब तीसरा और अंतिम वनडे मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाना है, जिसके बाद 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज का आयोजन होगा।

एशियन गेम्स: रोमांचक जीत के बाद पीएम मोदी ने पुरुषों की कंपाउंड तीरंदाजी टीम को बधाई दी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु को बधाई दी। इन तीनों ने ओकाजाकी में हो रहे एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की कंपाउंड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। इसी के साथ पीएम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले रेसलर सुनील कुमार को सराहा है। भारत ने एक रोमांचक फाइनल में चीन को 238-237 से हराया और गेम्स में कंपाउंड तीरंदाजी में गोल्ड मेडल की हैट्रिक पूरी की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी ने भारतीय तीरंदाजों की सटीकता और टीम वर्क की तारीफ करते हुए उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु ने एक रोमांचक फाइनल के बाद एशियन गेम्स में पुरुषों की कंपाउंड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने सटीकता और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। हमारे चैंपियन तीरंदाजों को बधाई। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।” पहले राउंड के बाद भारत चीन से 58-60 से पीछे था। चीनी टीम ने अपने पहले छह तीरों से परफेक्ट 60 स्कोर किया था। इसके बाद दोनों टीमों ने दूसरे राउंड में परफेक्ट स्कोर किया। चीन ने 120-118 के स्कोर के साथ दो अंकों की बढ़त बनाए रखी, क्योंकि अंपायर की जांच के बाद उनके एक तीर का स्कोर नौ से बढ़ाकर 10 कर दिया गया था। भारत ने तीसरे राउंड में वापसी की और छह परफेक्ट 10 स्कोर किए, जबकि चीन ने एक अंक गंवाया, जिससे अंतर कम होकर 178-179 हो गया। चौथे राउंड में नाटकीय बदलाव देखने को मिला। चीन ने आठ के स्कोर से शुरुआत की, जबकि भारत ने लगातार तीन 10 के स्कोर के साथ बढ़त बना ली। चीन ने भले ही तीन परफेक्ट 10 के साथ समापन किया, लेकिन भारत ने बढ़त बनाए रखी और एक अंक से जीत हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने रेसलर सुनील कुमार की तारीफ की, जिन्होंने बुधवार को पुरुषों के 87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन रेसलिंग इवेंट में फिलीपींस के कैलम जॉनस्टन रॉबर्ट्स के खिलाफ ‘टेक्निकल सुपीरियरिटी’ के आधार पर 9-0 से जीत हासिल की। इसी के साथ सुनील ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया। पीएम मोदी ने कहा, “एशियन गेम्स में सुनील कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, उन्होंने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किग्रा इवेंट में शानदार जीत के साथ पोडियम पर जगह बनाई और 2022 के अपने प्रदर्शन को दोहराया। बधाई हो, सुनील। भारतीय कुश्ती के लिए यह एक बेहतरीन प्रदर्शन और गर्व का पल है। उम्मीद है कि वह देश के लिए और भी कई सम्मान लाते रहेंगे।

1 अक्टूबर 1952 को जन्मीं बिहार कोकिला शारदा सिन्हा, जिनकी आवाज में बसता था छठ

नई दिल्ली। जब-जब कार्तिक का महीना आएगा, घाटों पर जब-जब सुपली में ठेकुआ सजेगा, तब-तब एक आवाज हवा में गूंजेगी ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल झुके झुके’। ये आवाज थी बिहार की बेटी, स्वर कोकिला शारदा सिन्हा की। 1 अक्टूबर 1952 में बिहार के सुपौल जिले के एक छोटे से गांव हुलास में सुखदेव ठाकुर के घर एक बेटी का जन्म हुआ था, जिसने आगे चलकर बिहार की पहचान को सात समंदर पार तक पहुंचा दिया। शारदा सिन्हा का बचपन बेहद साधारण था। गांव के ही पंडित रामचन्द्र झा से उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शुरुआती तालीम ली। ससुराल बेगूसराय के सिहमा गांव में होने के बाद भी उन्होंने संगीत नहीं छोड़ा। समस्तीपुर के एक कॉलेज में संगीत की शिक्षिका बनीं और फिर धीरे-धीरे लोकगीतों को नया जीवन देने लगीं। 1974 में उन्होंने पहला भोजपुरी गीत गाया, लेकिन असली पहचान 1978 में आई जब उनका छठ गीत आया। उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मैथिली, भोजपुरी, मगही, बज्जिका, और हर भाषा में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। बिहार में कहा जाता है – दो चीजों के बिना छठ नहीं हो सकता, एक सूरज देव और दूसरी शारदा सिन्हा की आवाज। उनके गीत सिर्फ गीत नहीं, व्रत की भावना थे। ‘उग हो सूरज देव’, ‘पटना के घाट पर’, ‘सुनअ छठी माई’, ‘हो दीनानाथ’, ‘सांझ के दिहली अर्घिया’ – ऐसा कोई घाट नहीं जहां ये गीत न बजे हों। परदेश में रह रहा बिहारी जब ये गीत सुनता है तो उसकी आंखें नम हो जाती हैं, उसे अपना गांव याद आ जाता है। और देखिए जीवन का आखिरी संयोग—जीवन भर छठी मैया के गीत गाने वाली शारदा सिन्हा ने छठ पर ही विदा ली। 5 नवंबर 2024, छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय। उसी रात 9 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली के एम्स में 72 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 6 साल से मल्टीपल मायलोमा, एक तरह के ब्लड कैंसर से जूझ रही थीं। जाते-जाते भी 4 दिन पहले उन्होंने एम्स के बेड से अपना आखिरी छठ गीत ‘दुखवा मिटाई छठी मैया’ रिलीज करवाया और सभी व्रतियों को छठ की शुभकामनाएं दीं थीं। लोकगीतों के अलावा हिंदी फिल्मों में भी उनकी आवाज अमर है। सलमान खान की पहली सुपरहिट फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ (1989) का गीत ‘कहे तोसे सजना तोहरी सजनिया’ और ‘हम आपके हैं कौन’ का ‘बाबुल जो तुमने ‘सिखाया’—दोनों में शारदा सिन्हा की ही आवाज है। नई पीढ़ी ने उन्हें ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर-2’ के ‘तार बिजली से पतले हमारे पिया’ से पहचाना। उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 1991 में पद्मश्री और 2018 में पद्म भूषण से सम्मानित किया। इसके अलावा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, बिहार रत्न, मिथिला विभूति जैसे सैकड़ों सम्मान मिले। बिहार की वह शरीर से गई हैं, लेकिन जब तक छठ है, जब तक घाट है, तब तक शारदा सिन्हा जिंदा रहेंगी।

संशोधित जीआरएपी में बड़े बदलाव, इंटर-सिटी बस और डीजी सेट पर स्टेज-1 से लागू होंगे प्रावधान

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए संशोधित ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (जीआरएपी) में कई बदलाव किए गए हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य (तकनीकी) डॉ. एसडी अत्री ने बताया कि आयोग की बैठक में संशोधित जीआरएपी शेड्यूल को मंजूरी मिलने के बाद नए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संशोधित योजना में कुछ ऐसे प्रावधानों को पहले के मुकाबले शुरुआती चरण में शामिल किया गया है, जो पूरे साल लागू रहते हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य (तकनीकी) डॉ. एसडी अत्री ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि अब तक नवंबर 2025 में जारी जीआरएपी शेड्यूल लागू था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी मंजूरी दी थी। हर साल हितधारकों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा के बाद जीआरएपी के शेड्यूल की समीक्षा की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत जीआरएपी की उप-समिति ने इस बार शेड्यूल में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया, जिसे आयोग ने मंजूरी दे दी। उन्होंने बताया कि संशोधित जीआरएपी में दो बड़े बदलाव किए गए हैं। पहला बदलाव इंटर-सिटी बसों से संबंधित है। पहले इन बसों से जुड़े प्रावधान जीआरएपी के स्टेज-2 में शामिल थे, लेकिन अब इन्हें स्टेज-1 में लाया गया है। डॉ. अत्री ने बताया कि इसका कारण यह है कि इंटर-सिटी बसों से संबंधित निर्देश पूरे साल लागू रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली में बीएस-6 मानक से कम उत्सर्जन वाली बसों को प्रवेश की अनुमति नहीं है। दिल्ली में केवल सीएनजी, बीएस-6 डीजल और इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की अनुमति है। यह व्यवस्था पहले से ही पूरे वर्ष लागू है, इसलिए इसे जीआरएपी के स्टेज-1 में शामिल किया गया है। दूसरा बड़ा बदलाव डीजल जनरेटर (डीजी) सेट से संबंधित है। डॉ. अत्री ने बताया कि डीजी सेट को लेकर करीब 76 ऐसे निर्देश हैं, जो पूरे साल लागू रहते हैं। इनमें डीजी सेट की क्षमता से जुड़े प्रावधान, डुअल-फ्यूल किट, वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण और 800 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले डीसी सेट से संबंधित नियम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब ये प्रावधान पूरे वर्ष लागू रहते हैं, तो इन्हें जीआरएपी के अलग-अलग चरणों में बाद में लागू करने का औचित्य नहीं है। इसलिए संशोधित जीआरएपी में डीजी सेट से जुड़े प्रावधानों को भी स्टेज-1 से ही लागू करने का निर्णय लिया गया है। सीएक्यूएम के सदस्य ने कहा कि संशोधित जीआरएपी तैयार करते समय परिवहन और ठोस कचरा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उपायों को भी तार्किक रूप से एकीकृत किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े स्थायी उपायों और जीआरएपी के चरणबद्ध प्रावधानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।