2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में चलेगा अभियान, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करेगी कांग्रेस

फरीदाबाद/जींद। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भाजपा सरकार तथा चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फरीदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान हुड्डा ने दावा किया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत के कारण हरियाणा में जनता की राय को दरकिनार कर सरकार बनाई गई। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठाती रहेगी और पार्टी आगामी दिनों में देशभर में अभियान चलाकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करेगी। हुड्डा ने कहा, “भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलीभगत करके बड़े पैमाने पर जनता की राय को दरकिनार किया और हरियाणा में सरकार बनाई। चुनाव के दौरान पोस्टल बैलेट की गिनती में कांग्रेस 90 में से 75 विधानसभा सीटों पर आगे थी। हरियाणा के गठन के बाद से अब तक के चुनावी इतिहास में जिस पार्टी को पोस्टल बैलेट में बढ़त मिली, उसी पार्टी ने सरकार बनाई थी।” दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि पोस्टल बैलेट में कांग्रेस को 75 सीटों पर बढ़त के बावजूद अंतिम परिणाम भाजपा के पक्ष में रहे। उन्होंने मतदान प्रतिशत से जुड़े आंकड़ों पर भी चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में अभियान चलाएगी और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को जनता के बीच उठाएगी। कानून व्यवस्था को लेकर भी हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यापारियों और आम लोगों को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही हैं तथा उनसे फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था की स्थिति पर जवाब देने की मांग की। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में अपराध और भय का माहौल होने के आरोपों पर सरकार को स्पष्ट स्थिति सामने रखनी चाहिए। नशे की समस्या का मुद्दा उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार दूसरे राज्यों में नशे के खिलाफ अभियान चलाने की बात करती है, लेकिन हरियाणा में युवाओं को नशे से बचाना बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रदेश में युवाओं तक नशीले पदार्थों की होम डिलीवरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर काम कर रही है। संगठन सृजन वर्ष के तहत कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस नशे, अपराध और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाती रहेगी। उधर, जींद में कांग्रेस विधायक और अंतर्राष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता नीरू ढांडा की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक परंपराओं की रूढ़ियों को तोड़कर आगे बढ़ने की बात कही। फोगाट ने कहा कि महिलाओं को लंबे समय तक कमजोर समझा जाता रहा और कई जगह उन्हें घूंघट जैसी परंपराओं तक सीमित रखने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि नीरू ढांडा ने इन सामाजिक मान्यताओं से आगे बढ़ते हुए खेल में सफलता हासिल की है। उन्हें यह जानकारी मिली थी कि नीरू पर परिवार की ओर से शादी करने का दबाव था, लेकिन उन्होंने अपने खेल को प्राथमिकता देते हुए एक अलग निर्णय लिया। फोगाट ने कहा कि शादी करना या न करना हर व्यक्ति का व्यक्तिगत अधिकार है और जीवन में इसका अपना समय होता है। उन्होंने नीरू के फैसले को अपनी प्राथमिकताओं के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी खिलाड़ी को पदक जीतने के बाद ही देशभर में पहचान मिलना चिंता का विषय है। फोगाट ने कहा कि स्वर्ण पदक जीतने से पहले बहुत कम लोग जानते थे कि नीरू ढांडा कौन हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों से पहले भी पहचान और समर्थन दिए जाने की जरूरत पर जोर दिया। विनेश फोगाट ने कबड्डी को ओलंपिक खेलों में शामिल किए जाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कबड्डी में भारतीय खिलाड़ी और विशेष रूप से महिला खिलाड़ी एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के लिए पदक जीत रही हैं। ऐसे में इस खेल को ओलंपिक में शामिल किया जाना चाहिए। फोगाट ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति से कबड्डी को ओलंपिक कार्यक्रम में शामिल करने पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कबड्डी भी एक टीम गेम है और यदि क्रिकेट को ओलंपिक में जगह मिल सकती है, तो कबड्डी को भी अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि कबड्डी को वैश्विक मंच पर और अधिक पहचान मिलेगी तथा भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक में भी देश के लिए पदक जीत सकेंगे।
भुवनेश्वर बम विस्फोट मामले में एनआईए ने दो आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को भुवनेश्वर बम विस्फोट मामले में दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट भुवनेश्वर स्थित विशेष एनआईए अदालत में दाखिल की गई है। एनआईए के मुताबिक, चार्जशीट में सानू उर्फ रोहन रंजन राउत और अमिया रंजन मलिक को आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), ईएस एक्ट और विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह मामला ओडिशा के भुवनेश्वर में एयरफील्ड पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत सुंदरपाड़ा के न्यू आजादनगर में हुए बम विस्फोट से जुड़ा है। एनआईए के अनुसार, घटना 27 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:45 बजे हुई थी। अपराध को अंजाम देने के इरादे से चार लोग बम तैयार कर रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हो गया और चारों गंभीर रूप से झुलस गए। बाद में दो लोगों की मौत हो गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे। उन पर अवैध तरीके से विस्फोटक सामग्री जुटाने और बम तैयार करने के दौरान विस्फोट होने से जुड़े अपराध में शामिल होने का आरोप है। एनआईए ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। इस बीच, एनआईए पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े एक अलग मामले की भी जांच कर रही है। एनआईए ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान और दक्षिण 24 परगना जिलों से चार लोगों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों का दावा है कि आरोपियों के पास से ऐसे दस्तावेज मिले, जिनमें राज्य के विभिन्न जिलों के उन युवाओं से जुड़ी जानकारी थी, जो कथित तौर पर गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में थे। जांच एजेंसी अब ऐसे युवाओं का पता लगाने में जुटी है, जिन्हें जेएमबी से जोड़ने या उसके लिए काम करने के लिए प्रभावित करने की कोशिश की गई थी। सूत्रों के अनुसार, इस सिलसिले में सबसे पहले पूर्व बर्दवान जिले के मंगलकोट थाना क्षेत्र के पलिशग्राम गांव स्थित एक मस्जिद से जुड़े इमाम पियार मोहम्मद शेख को आतंकी संपर्क के संदेह में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दक्षिण 24 परगना जिले से जुम्मन शेख, शहरुल पुरकैत और अब्दुल रफीक को गिरफ्तार किया गया। जुम्मन शेख की गिरफ्तारी मिठापुकुर, शहरुल पुरकैत की बलरामपुर और अब्दुल रफीक की नरेंद्रपुर से हुई। इस मामले में मुजीबुर रहमान नामक एक अन्य संदिग्ध की तलाश की जा रही है। वह दक्षिण दिनाजपुर के बंशीहारी-कुशकारी गांव का निवासी बताया गया है। एनआईए ने उसके घर पर तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन वह वहां नहीं मिला। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पर युवाओं को प्रभावित कर जेएमबी से जोड़ने की कोशिश करने का आरोप है। जांच के दौरान एनआईए ने कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामग्री भी बरामद की है। ये गिरफ्तारियां पश्चिम बंगाल में जेएमबी के कथित स्लीपर सेल से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए एनआईए द्वारा विभिन्न स्थानों पर की गई छापेमारी के बाद हुईं।
बिहार में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश, गृह विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक

पटना। बिहार में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए सभी जिलों को संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष चौकसी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गश्ती व्यवस्था मजबूत करने, नारकोटिक्स और साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा पुलिस के उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा गया है। पटना के सरदार पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार और पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिला नोडल एडीजी, आईजी और डीआईजी शामिल हुए। बैठक के दौरान राज्य के 40 पुलिस जिलों का क्षेत्र भ्रमण करने वाले 36 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपने अनुभवों और अवलोकनों के आधार पर प्रस्तुति दी। इस दौरान प्रत्येक पुलिस जिले में अपराध की दृष्टि से संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों यानी ‘क्राइम स्पॉट’ को चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने इन स्थानों पर अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को ज्यादा प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा की। इसके अलावा कानून-व्यवस्था, गश्ती व्यवस्था, नारकोटिक्स और साइबर अपराध की रोकथाम से जुड़े विभिन्न मुद्दों की भी समीक्षा की गई। गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), अंचल पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्षों (एसएचओ) को अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिन वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों के साथ टैग किया गया है, उन्हें संबंधित जिलों में रात्रि प्रवास सुनिश्चित करते हुए पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। अपराध नियंत्रण में बेहतर समन्वय के लिए सभी दोपहिया और चारपहिया पुलिस वाहनों को डायल-112 से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन पुलिस सेवा और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। बैठक में गश्ती व्यवस्था मजबूत करने और गश्ती से जुड़े रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही सीसीटीएनएस, सीसीटीवी, पुलिस कंट्रोल रूम, जिला नियंत्रण कक्ष और वायरलेस सिस्टम को सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया। भारत-नेपाल सीमा से लगे जिलों में नारकोटिक्स के संगठित कार्टेल से जुड़ी गतिविधियों की विशेष जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया। इसके लिए संबंधित जिलों और इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। बैठक में अदालतों की ओर से जारी कुर्की आदेशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी कुर्की आदेश को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीजीपी प्रीता वर्मा ने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने के लिए जवाबदेह और समन्वित तरीके से काम करने को कहा। डीजीपी ने विशेष रूप से पर्यटन स्थलों और सेल्फी पॉइंट्स पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही इन जगहों पर पुलिस की तैनाती और गश्ती की प्रभावी निगरानी के लिए ‘सुपर पेट्रोलिंग’ की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में किशनगंज पुलिस की ‘गुड मॉर्निंग वॉक’ पहल का भी जिक्र हुआ। इसके तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुबह आम लोगों के बीच जाकर उनसे सीधे संवाद करते हैं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेते हैं। जनता और पुलिस के बीच संवाद मजबूत करने की दिशा में इसे सकारात्मक पहल बताया गया। दूसरे जिलों को भी स्थानीय स्तर पर ऐसी पहल शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा डीजीपी ने सभी नोडल अधिकारियों को थानों में जनसंवाद के लिए बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद और बेहतर हो सके।
दिल्ली में पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना जल्द होगी शुरू, करीब 19 लाख कार्ड जारी: डॉ. पंकज कुमार सिंह

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना जल्द शुरू होने जा रही है। परिवहन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अब तक करीब 19 लाख पिंक सहेली कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की माताओं और बहनों ने योजना के लिए उत्साहपूर्वक सहयोग किया है और परिवहन विभाग ने भी इसके क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां की हैं। दिल्ली सरकार में परिवहन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि योजना का नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उम्मीद है कि उसके अगले दिन से योजना को शुरू कर दिया जाएगा। इस योजना के तहत दिल्ली की महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ उठाने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड आवश्यक होगा। डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि करीब 19 लाख कार्ड जारी होना योजना के प्रति महिलाओं की भागीदारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की ओर से योजना को लागू करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और जल्द ही महिलाएं पिंक सहेली कार्ड का इस्तेमाल शुरू कर सकेंगी। परिवहन मंत्री ने दिल्ली में चल रहे ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ अभियान को लेकर भी लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को अपने वाहनों का वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) बनवाना चाहिए। बिना पीयूसी प्रमाणपत्र के पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का परिवहन विभाग यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाएगा कि बिना वैध पीयूसी प्रमाणपत्र के किसी वाहन को ईंधन न मिले। उन्होंने दिल्लीवासियों से नियमों का पालन करने और समय पर पीयूसी प्रमाणपत्र प्राप्त करने की अपील की। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन (डीएसएचएम) कार्यालय का दौरा कर विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मिशन के तहत संचालित योजनाओं के कामकाज और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। मंत्री ने डॉक्टरों, तकनीशियनों, कार्यक्रम अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों से बातचीत कर उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यक्रम प्रमुखों को निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर नागरिकों तक पहुंचें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
डिजिटल आरएमबी की सीमा-पार सेवा का दायरा बढ़ा

बीजिंग। डिजिटल आरएमबी अंतरराष्ट्रीय संचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 26 वित्तीय संस्थानों के साथ समझौता होने के बाद सितंबर के अंत तक 39 और घरेलू तथा विदेशी वित्तीय संस्थानों ने सीमा-पार ई-सीएनवाई ट्रांसफर सेवा (सीबीईटीएस) में सीधे भागीदार के रूप में शामिल होने के लिए आवेदन जमा किए हैं। बताया गया है कि इस साल से डिजिटल आरएमबी अंतरराष्ट्रीय संचालन केंद्र ने सीबीईटीएस सेवा में लगातार सुधार किया है और सहयोग का दायरा भी बढ़ाया है। इस बुनियादी प्लेटफॉर्म के सहारे डिजिटल आरएमबी की सीमा-पार सेवाओं ने व्यापार के साथ-साथ लोगों की सीमा-पार आवाजाही को भी समर्थन दिया है। सीमा-पार व्यापार के क्षेत्र में सीबीईटीएस ने नए तरह के व्यापार निपटान और निवेश तथा वित्तपोषण की सेवा शुरू की है। इसका नाम सीबीईटीएस लिफ्ट है। यह सेवा सीमा-पार व्यापार निपटान के साथ-साथ निवेश और वित्तपोषण पर केंद्रित है। इसके जरिए पारंपरिक सीमा-पार व्यापार और वित्तपोषण में मौजूद कई बाधाओं को डिजिटल माध्यम से दूर करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, लोगों की सीमा-पार आवाजाही को आसान बनाने के लिए डिजिटल आरएमबी ऐप के विदेशी संस्करण में 210 से अधिक देशों और क्षेत्रों के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके वॉलेट रजिस्टर और एक्टिवेट किया जा सकता है। वॉलेट में पैसे डालने के बाद विदेशी नागरिक चीन पहुंचकर ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरह की जगहों पर खरीदारी कर सकते हैं।
भारत और बांग्लादेश ने पुराने द्विपक्षीय संबंधों को दोहराया, साझा हितों के मुद्दों पर हुई चर्चा

ढाका। भारत और बांग्लादेश ने अपने पुराने और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों तथा सहयोग को दोहराते हुए आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। यह बातचीत बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान के बीच ढाका में हुई मुलाकात के दौरान हुई। भारतीय उच्चायोग ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया, “उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 30 सितंबर को शिष्टाचार भेंट के लिए बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और भारत-बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों एवं सहयोग को दोहराया।” त्रिवेदी ने बुधवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच प्रस्तावित बैठक से पहले दोनों पक्षों की ओर से पूरी तैयारी किए जाने की जरूरत पर जोर दिया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्होंने कहा कि इस बैठक को लेकर जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में त्रिवेदी ने कहा कि दोनों पक्षों को उचित तैयारी सुनिश्चित करनी होगी, क्योंकि बैठक में व्यापार, वाणिज्य और जल समेत कई मुद्दों पर चर्चा की जानी है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के भविष्य को लेकर काफी सकारात्मक हैं। बांग्लादेशी मीडिया संस्थान ‘बणिक बर्ता’ के अनुसार, भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि दोनों संप्रभु और स्वतंत्र देशों के नेताओं के बीच किसी न किसी समय मुलाकात होना निश्चित है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं और दोनों देशों को अपनी सुविधा के अनुसार उचित समय दिया जाना चाहिए और सही समय आने पर सभी सही चीजें होंगी। उन्होंने कहा कि अगर दोनों नेता एक साथ बैठकर मुद्दों पर चर्चा करते हैं तो लंबित मामलों का समाधान किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चुनौतियां मौजूद रहेंगी और यह मानना सही नहीं होगा कि कोई चुनौती नहीं है। यह बैठक त्रिवेदी की बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के साथ मुलाकात के एक दिन बाद हुई। उस बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा पारस्परिक लाभ के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई थी। बैठक के बाद भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर बताया कि उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 29 सितंबर 2026 को विदेश मामलों के राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर से शिष्टाचार भेंट की। उच्चायुक्त ने राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने पर उन्हें बधाई दी। बातचीत में दोनों पड़ोसी देशों के बीच निरंतर सहयोग और भारत तथा बांग्लादेश की जनता के पारस्परिक हितों के लिए लाभकारी परिणाम हासिल करने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान हुमायूं कबीर ने साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर भारत के साथ “भविष्य को ध्यान में रखते हुए और आपसी सम्मान” के आधार पर बातचीत जारी रखने की बांग्लादेश की प्रतिबद्धता दोहराई। बांग्लादेशी अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। इनमें न्यूयॉर्क में हाल ही में संपन्न संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से जुड़े मुद्दे भी शामिल रहे।
चीन में चौथे राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर सर्वेक्षण का व्यापक स्वीकृति कार्य पूरा

बीजिंग। चीनी राष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश और छिंगहाई प्रांत में चौथे राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर सर्वेक्षण के लिए प्रांतीय स्तर पर व्यापक स्वीकृति कार्य पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही चीन के सभी 31 प्रांतों, स्वायत्त प्रदेशों, केंद्र शासित शहरों और शिनच्यांग उत्पादन और निर्माण कोर में व्यापक स्वीकृति का काम पूरी तरह पूरा हो गया है। स्वीकृति दल के अनुसार, सभी प्रांतों, स्वायत्त प्रदेशों, केंद्र शासित शहरों और शिनच्यांग उत्पादन और निर्माण कोर ने सीपीसी केंद्रीय समिति के फैसलों और व्यवस्थाओं को लागू करते हुए चौथे राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर सर्वेक्षण से जुड़े सभी कार्य पूरे किए हैं। इस दौरान अचल सांस्कृतिक विरासत संसाधनों की स्थिति का मूल रूप से पता लगा लिया गया है और सर्वेक्षण के आंकड़ों की गुणवत्ता कुल मिलाकर तय मानकों पर खरी उतरती है। अब, स्वीकृति दल ने कहा है कि चौथे राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर सर्वेक्षण की कार्य रिपोर्ट में और सुधार किया जाना चाहिए। साथ ही, सर्वेक्षण के आंकड़ों का गहराई से विश्लेषण कर इसके परिणामों का समग्र सारांश तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर अचल सांस्कृतिक धरोहरों की विभिन्न स्तरों की सूची तैयार कर उसे सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि सांस्कृतिक विरासत के व्यवस्थित संरक्षण को और मजबूत किया जा सके।
कैप्टन स्मित के ‘असाधारण साहस’ की प्रशंसा करते हुए विदेशी राजनयिक बोले, ‘दुनिया को आप पर गर्व’

नई दिल्ली। भारत में कई विदेशी राजदूतों और राजनयिक मिशनों ने गुरुवार को कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा। उनके असाधारण साहस की वजह से बुधवार को हवा में एक बड़ी दुर्घटना टल गई और सौ से ज्यादा लोगों की जान बच गई। फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 पर मंडरा रहे खतरे को टालने में कैप्टन मच्छार की भूमिका को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। घटना के दौरान, को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर जानलेवा हमला किया था जिससे विमान नीचे गिरने लगा था। भारतीय पायलट ने हमलावर का बहादुरी से सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। जिसके बाद यात्री मदद के लिए दौड़े, कॉकपिट में घुसे और हमलावर को काबू में किया। हमलावर के काबू में आने के बाद, गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट की हालत को स्थिर किया गया, जब तक कि विमान ने सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग नहीं की। भारत में श्रीलंका की हाई कमिश्नर महिशिनी कोलोन ने भी यात्रियों और क्रू की जान बचाने में भारतीय पायलट के “असाधारण साहस” और “सूझबूझ” की तारीफ की। कोलोन ने एक्स पर लिखा, “गंभीर खतरे के समय असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाने के लिए कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने अपनी देखरेख में मौजूद लोगों की जान बचाने के लिए अद्भुत संयम और दृढ़ संकल्प के साथ काम किया। उनके साहस और बीच-बचाव करने वाले यात्रियों और क्रू की बहादुरी ने एक भयानक त्रासदी को टालने में मदद की। उनके पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।” भारतीय पायलट को “असली हीरो” बताते हुए, संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डैनी डैनन ने एक्स पोस्ट में लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं, जो भारतीय पायलट बहादुरी से लोगों की जान बचाने के लिए लड़े, तब भी जब उन पर हमला होता रहा और वे बुरी तरह घायल हो गए थे। कैप्टन मच्छार, आप एक असली हीरो हैं। इजरायलवासी आपके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।” इससे पहले, भारतीय पायलट की तारीफ करते हुए, भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने एक्स पर लिखा, “कैप्टन स्मित भारत के साहस और कर्तव्य की भावना का प्रतीक हैं। थके हुए और बेहोश होने की कगार पर होने के बावजूद, उन्होंने दर्जनों बेगुनाह लोगों की जान बचाई और हीरो बन गए। उनके साहस और मिसाल को हमेशा याद रखा जाएगा। दुनिया को आप पर गर्व है।” भारत में इजरायली दूतावास ने भी कैप्टन का आभार व्यक्त किया और उनकी बहादुरी तथा कई लोगों की जान बचाने में उनकी भूमिका की तारीफ की, जिनमें फ्लाइट में सवार इजरायली यात्री भी शामिल थे। दूतावास ने एक्स पोस्ट में कहा, “हिम्मत की कोई सीमा नहीं होती। मुश्किल घड़ी में कैप्टन स्मित और दूसरों की बहादुरी हमें हमारे लोगों के बीच के गहरे रिश्ते की याद दिलाती है – यह रिश्ता हिम्मत, एकजुटता और इंसानियत की ताकत में साझे भरोसे पर बना है। हम कैप्टन मच्छार का उनकी हिम्मत और इजरायली लोगों की जान बचाने में मदद करने के लिए शुक्रिया अदा करते हैं।” इसमें आगे लिखा गया, “उनकी बहादुरी इस बात की याद दिलाती है कि भारत-इजरायल की दोस्ती सिर्फ देशों के बीच नहीं, बल्कि उन लोगों के बीच है जो जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। कैप्टन मच्छार के हम जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं।
फ्लाईदुबई घटना भले ही हमारे देश में नहीं हुई लेकिन करेंगे गहन जांच: यूएई

अबू धाबी। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में बड़ा हादसा होते-होते टला। विमान ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी लेकिन फिर क्रैश कराने की कोशिश के बीच रास्ता बदला गया और आखिरकार इसे सऊदी के तबूक में ही लैंड कराया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विमान गिराने की कोशिश करने वाला पायलट ओमान का था। इस जांच का सिरा संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई से जाकर जुड़ा है, यही वजह है कि उन्होंने इसकी गहन जांच का भरोसा दिया है। गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय (एमओएफए) ने एक बयान जारी किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस बयान को चस्पा किया गया। इसके अनुसार, “यूएई के अटॉर्नी-जनरल, काउंसलर डॉ. हमद अल शम्सी ने घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच के लिए पब्लिक प्रॉसिक्यूशन के खास सदस्यों की एक टीम बनाने का आदेश दिया है। यह कदम फ्लाईदुबई की उस घोषणा के बाद उठाया गया है जिसमें बताया गया था कि फ्लाइट डेक में कहा-सुनी हुई थी, जिसके बाद विमान में मौजूद फ्लाईदुबई के क्रू सदस्यों को दखल देना पड़ा और विमान को सुरक्षित करना पड़ा।” फिर इसकी वजह बताई गई। आगे लिखा गया, “मंत्रालय ने पुष्टि की कि कानून के तहत घटना की जांच करने का अधिकार यूएई के न्यायिक अधिकारियों के पास है, क्योंकि विमान यूएई में रजिस्टर्ड है और उस पर यूएई का झंडा लगा है। इसलिए, विमान में हुए अपराधों पर यूएई का कानून लागू होता है, भले ही वे देश की सीमा के बाहर हुए हों।” एमओएफए ने बताया कि जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, जिसमें इसके पीछे आतंकी साजिश, पूर्व नियोजित योजना या किसी आतंकी संगठन के निर्देश होने की आशंका भी शामिल है। वहीं, यूएई ने इस घटना को संभालने और सहयोग के लिए सऊदी अधिकारियों का आभार जताया है। मंत्रालय ने आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी और बयानों पर भरोसा करने और जांच पूरी होने व नतीजे घोषित होने तक अटकलों या अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचने के महत्व पर जोर दिया है।
कप्तान स्मित अस्पताल में खुलकर बात कर रहे, मुस्कुरा रहे और हंस रहे : भारतीय राजदूत

अबू धाबी। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने गुरुवार को दुबई के एक अस्पताल में फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि हवा में हमले को रोकने के दौरान घायल हुए भारतीय पायलट अब खुलकर बात कर रहे हैं और उनका हौसला बुलंद है। मित्तल ने कहा, “वह खुलकर बात कर रहे थे, मुस्कुरा रहे थे और हंस रहे थे। यह हमारे लिए और सबसे बढ़कर उनके परिवार के लिए बड़ी राहत की बात थी।” राजदूत ने बताया कि कैप्टन मच्छार को अस्पताल में अच्छा इलाज मिल रहा है और भारतीय दूतावास यूएई के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। कैप्टन मच्छार को इससे पहले सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर दुबई के अस्पताल लाया गया था। एक साक्षात्कार में राजदूत ने कहा था कि बहादुर भारतीय पायलट ने विमान में सवार कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा, “कैप्टन स्मित ने असाधारण साहस और बहादुरी का परिचय देते हुए कई कीमती जानें बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। हमें भारत के इस बहादुर बेटे पर बहुत गर्व है और हम उन्हें पूरा सहयोग और समर्थन देंगे।” इससे पहले गुरुवार को मित्तल ने दुबई में कैप्टन मच्छार के परिवार से मुलाकात की और उन्हें भारत सरकार की ओर से हरसंभव सहायता और समर्थन का भरोसा दिलाया। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि यूएई में भारत के राजदूत ने दुबई में कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए भारत सरकार के पूर्ण समर्थन और सहायता का भरोसा दिया। दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, राजदूत दीपक मित्तल और भारत के महावाणिज्यदूत ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन मच्छर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। मिशन ने परिवार को उनके स्वास्थ्य और रिकवरी के बारे में जानकारी दी तथा कीमती जानें बचाने में उनके असाधारण साहस, सूझबूझ और निस्वार्थ प्रयासों की सराहना की। बुधवार को हुई घटना के दौरान एक अन्य पायलट ने कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। भारतीय पायलट ने हमलावर का बहादुरी से मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू कर लिया। हमलावर के काबू में आने के बाद गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट को विमान की सऊदी अरब में आपात लैंडिंग होने तक स्थिर रखने के लिए जरूरी देखभाल दी गई। मामले से परिचित लोगों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन मच्छार के परिवार के सदस्यों से बात की और उनकी बहादुरी की सराहना की। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाई। प्रधानमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन पायलट को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।