गुजरात में वांसदा के भीनार गांव में तेंदुए का आतंक, तीन साल के बच्चे की मौत

नवसारी। गुजरात में नवसारी जिले के वांसदा तालुका के भीनार गांव में तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई। यहां घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय बच्चे को तेंदुआ उठाकर खेतों की ओर ले गया। घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव खेत के पास से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, भीनार गांव के कुंभार फलिया में तीन वर्षीय आरव पटेल घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और बच्चे को उसकी मां की आंखों के सामने उठाकर खेतों की ओर ले गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की टीम ने बच्चे की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई। काफी देर तक खेतों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। इसके बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए वांसदा कॉटेज अस्पताल भेज दिया है। धर्मपुर सब-डिविजन के एसीएफ भागीरथ सिंह झाला ने बताया कि रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच वन विभाग को भीनार गांव इलाके से सूचना मिली थी कि एक तेंदुआ दो-तीन साल के बच्चे को उठाकर ले गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है और फिलहाल पोस्टमार्टम तथा जांच की प्रक्रिया जारी है। एसीएफ ने बताया कि शुरुआती जानकारी में तेंदुए के हमले की आशंका है, लेकिन हमले की पुख्ता पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को मिलने वाली अनुग्रह राशि और अन्य लागू मुआवजे की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कानूनी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, बच्चे पर हमला करने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर के नेतृत्व में पांच टीमें तैनात की गई हैं। टीमों द्वारा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसे पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

असम और मणिपुर में भूकंप के झटकों से डोली धरती, नागांव में 4.5 तीव्रता के महसूस किए गए झटके

गुवाहाटी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की ओर से मंगलवार को जानकारी दी गई कि असम के नागांव जिले में 4.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, तड़के 4:23 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र जमीन में तकरीबन 33 किलोमीटर गहराई में था। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, भूकंप की वजह से किसी भी जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई है। वहीं, मंगलवार तड़के 4:27 बजे मणिपुर तामेंगलोंग में भी 2.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र जमीन में तकरीबन 12 किलोमीटर गहराई में था। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 12:33 बजे मेघालय के पश्चिम खासी हिल्स में 3.1 की तीव्रता का भूकंप का झटका आया। इसका केंद्र जमीन में 5 किलोमीटर गहराई में था। बता दें कि हाल ही में 3 अक्टूबर को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में शनिवार को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। सुबह करीब 7:46 बजे रिक्टर स्केल पर 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के गढाला गांव के बाहरी इलाके में लगभग 7 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। बीते महीने 26 सितंबर को महाराष्ट्र के पालघर जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई थी। भूकंप रात 10 बजकर 33 मिनट 46 सेकंड पर आया था, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

7 अक्टूबर का पंचांग : रात 7:18 से 8:52 बजे तक अमृतकाल, सुबह 11:45 से दोपहर 12:32 बजे तक रहेगा अभिजीत मुहूर्त

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है। कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है। पंचांग हिंदू काल-गणना पद्धति है जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है। 7 अक्टूबर 2026 को आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि रात 11:16 बजे तक रहेगी। इसके बाद त्रयोदशी तिथि शुरू हो जाएगी। बुधवार सुबह 6:24 बजे सूर्योदय और शाम 6:05 बजे सूर्यास्त होगा। वहीं, रात 2:59 चंद्रोदय और शाम 4:02 बजे चंद्रास्त होगा। पंचांग के अनुसार, इस दिन सूर्य हस्त नक्षत्र में रहेगा। ज्योतिष के अनुसार, सूर्य के हस्त नक्षत्र में प्रवेश करने से सभी 12 राशियों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। हस्त नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा का सूर्य से मित्रता का संबंध माना गया है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार, हस्त नक्षत्र 13वां नक्षत्र है, जिसका अर्थ ‘हाथ’ होता है। इस नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं और इसकी राशि कन्या है। बुधवार को रात 2:51 बजे तक शुभ योग रहेगा। ज्योतिषीय पंचांग के 27 नित्य योगों में से शुभ योग 23वें नंबर का एक अत्यंत शुभ और मांगलिक योग माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि जिन लोगों ने अपने पूर्व जन्म में अच्छे और पुण्य कर्म किए होते हैं, उनका जन्म इस योग में होता है। मुहूर्त शास्त्र के अनुसार, शुभ योग के दौरान सगाई, विवाह, गृह प्रवेश, नए वाहन की खरीद, व्यापार का शुभारंभ, और किसी भी प्रकार की यात्रा या मांगलिक कार्य करना बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:45 से दोपहर 12:32 बजे तक रहेगा। यह दिन का सबसे शुभ और फलदायी समय माना जाता है। आमतौर पर यह लगभग 48 मिनट (या दिनमान के अनुसार गणना किया गया आठवां मुहूर्त) होता है। माना जाता है कि इस मुहूर्त में किए गए कार्यों से सभी प्रकार के अशुभ प्रभाव या दोष स्वतः नष्ट हो जाते हैं। जब सूर्य ठीक सिर के ऊपर रहते हैं, तब अभिजीत मुहूर्त की बेला होती है। बुधवार को रात 7:18 से 8:52 बजे तक अमृतकाल रहेगा। ज्योतिष और पंचांग के अनुसार, अमृतकाल एक अत्यंत शुभ, मंगलकारी और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर समयावधि (मुहूर्त) है। इसे अमृत के समान उत्तम फल देने वाला माना जाता है। इस दौरान किए गए कार्यों में सफलता की संभावना सबसे अधिक होती है। नए व्यापार, निवेश, पूजा-पाठ, और महत्वपूर्ण यात्रा के लिए यह समय श्रेष्ठ माना गया है। इस दिन राहुकाल दोपहर 12:14 बजे से 1:42 बजे तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहुकाल दिन का वह समय होता है जिसे किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है। राहुकाल को सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच के समय को 8 बराबर भागों में बांटकर निकाला जाता है, जो हर दिन लगभग 90 मिनट का होता है। स्थान बदलने के साथ इसके समय में भी बदलाव हो जाता है। इस दौरान कोई नया काम शुरू नहीं करना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जा सकता है। बुधवार को गुलिक काल सुबह 10:47 से दोपहर 12:14 बजे तक रहेगा। गुलिक काल को ‘विषैला समय’ भी कहा जाता है। यह एक उपग्रह है, इसको अशुभ माना जाता है। माना जाता है कि इस काल में किए गए कार्य नकारात्मक परिणाम देते हैं। इस काल में कोई नया काम शुरू करने से बचना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उनको जारी रखा जा सकता है। जो काम बार-बार करना चाहते हैं तो इस काल में किया जा सकता है। बैंक में पैसे जमा करना, दान देना या निवेश करना इस काल में अच्छा माना जाता है। इस दिन यमगंड काल सुबह 7:52 से 9:19 बजे तक रहेगा। यह समय मृत्यु के देवता यमराज से जुड़ा हुआ माना जाता है। इस समय के दौरान स्वास्थ्य, दीर्घायु, या सामान्य दुर्भाग्य से संबंधित बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। इस काल को नए कार्यों की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है। नया व्यापार या नया काम शुरू करने से बचना चाहिए। इस दौरान किसी यात्रा पर भी निकलने से बचना चाहिए और पैसों के लेनदेन से भी बचना चाहिए। बुधवार को सूर्य कन्या राशि में स्थित रहेंगे, जब सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करते हैं, तो इसका प्रभाव व्यक्ति के जीवन, कामकाज और बौद्धिक क्षमता पर विशेष रूप से पड़ता है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस दौरान व्यावहारिक और योजनाबद्ध तरीके से काम करना लाभकारी माना जाता है। इस दिन चंद्रमा सिंह राशि में स्थित रहेगा। वैदिक ज्योतिष के अनुसार, चंद्रमा के सिंह राशि में होने से व्यक्ति के स्वभाव, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भावनाओं पर गहरा प्रभाव पड़ता है। सिंह राशि का स्वामी सूर्य है, जो ऊर्जा और अधिकार का प्रतीक है, इसलिए इस स्थिति के कई सकारात्मक और नकारात्मक परिणाम होते हैं। बुधवार को दिशाशूल उत्तर दिशा में रहेगा। ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, दिशाशूल उस अशुभ दिशा को कहते हैं, जिसमें किसी खास दिन यात्रा करना या निकलना अशुभ माना जाता है।

जंतर-मंतर पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

नई दिल्ली। नई दिल्ली में विपक्ष के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जंतर-मंतर की ओर आने-जाने वाले लोगों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। मिली जानकारी के अनुसार जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर पुलिस बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस की ओर से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की भी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जंतर-मंतर के आसपास संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। जंतर-मंतर के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। वहीं, जंतर-मंतर और उसके आसपास भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत क्षेत्र में कुछ प्रकार की गतिविधियों और लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लागू हो सकते हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के इस महत्वपूर्ण इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी स्थिति के अनुसार निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल तैयार हैं।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन पर पीएम मोदी सहित केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई

नई दिल्ली। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, नितिन गडकरी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी जी को उनके जन्मदिन पर बधाई। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे समय के दौरान, उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। वे एमएसएमई सेक्टर को गति देने में सबसे आगे रहे हैं, जिसकी भारत को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।” लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर पोस्ट किया, “केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।” केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, “केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी जीतन राम मांझी आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।” केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, “केंद्रीय मंत्रिमंडल में वरिष्ठ सहयोगी जीतन राम मांझी, आपको जन्मदिन की आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं! देवाधिदेव महादेव से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और सुखमय जीवन की कामना करता हूं।” केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, “केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक्स पोस्ट में कहा, “केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम की कृपा से आपको उत्तम स्वास्थ्य तथा सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन की प्राप्ति हो, यही प्रार्थना है।” राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, “केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।” हरियाणा के मुख्यंमत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप स्वस्थ, दीर्घायु एवं सदैव ऊर्जावान रहें।” दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, “केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वंचितों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए आपका दीर्घ सार्वजनिक जीवन समर्पित रहा है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन और निरंतर लोकसेवा की कामना करती हूं।” महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पोस्ट में कहा, “केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! आपके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं!” बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने एक्स पर लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं माननीय केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जनसेवा एवं समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति आपका दीर्घ अनुभव और समर्पण प्रेरणादायी है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।” बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, “केंद्रीय मंत्री एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों, सदा स्वस्थ, सुखी एवं प्रसन्न रहें, और राष्ट्र एवं समाज के उत्थान में आपका मार्गदर्शन मिलता रहे।” उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पोस्ट में कहा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार में केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु प्रदान करें, यही कामना है।

पंजाब में पराली जलाने पर सख्ती, 84 मामले आए सामने आए, 1.40 लाख का जुर्माना

पटियाला। पंजाब में धान की पराली जलाने के मामलों पर प्रशासन सख्त हो गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की 5 अक्टूबर तक की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में अब तक पराली जलाने की 84 घटनाएं सामने आई हैं। रिपोर्ट के अनुसार इनमें से 78 मामलों में खेतों का निरीक्षण किया गया। भौतिक जांच के दौरान 30 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 28 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया है। इसकी कुल राशि 1.40 लाख रुपए है, जिसमें से अब तक 55 हजार रुपए वसूले जा चुके हैं। इसके अलावा 13 मामलों में किसानों के फार्म रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है और एक मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है। नोडल और सुपरवाइजरी अधिकारियों ने 36 जगहों पर चेतावनी और शो-कॉज नोटिस जारी किए हैं। जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो अमृतसर सबसे आगे है। यहां सबसे ज्यादा 49 आग लगने की घटनाएं दर्ज हुईं। अमृतसर में 45 खेतों की जांच की गई और 13 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। 11 मामलों में 55 हजार रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया, जिसमें से 35 हजार रुपए वसूल हो चुके हैं। जिले में 32 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं। दूसरे नंबर पर तरनतारन है। यहां 18 घटनाएं दर्ज हुईं। 16 खेतों का निरीक्षण हुआ और 9 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। यहां 9 मामलों में 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 10 हजार रुपए वसूले गए हैं। 9 मामलों में रेड एंट्री भी की गई है। फिरोजपुर में 5 घटनाएं सामने आईं। सभी 5 खेतों की जांच हुई और सभी में पराली जलाने की पुष्टि हुई। 5 मामलों में 25 हजार रुपए का मुआवजा लगाया गया, जिसमें 5 हजार रुपए वसूले गए हैं और 4 रेड एंट्री दर्ज हुई हैं। पटियाला जिले में 2 मामले रिपोर्ट हुए। दोनों खेतों की जांच की गई और दोनों जगह पराली जलाने की पुष्टि हुई। दोनों मामलों में कुल 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है, हालांकि अभी तक कोई वसूली नहीं हुई है। पटियाला में एक एफआईआर भी दर्ज की गई है। सीएक्यूएम की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में अब तक 84 आग लगने की घटनाएं रिपोर्ट हुई हैं। 78 खेतों का निरीक्षण किया गया है और 30 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई है। 28 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है, जिसकी कुल राशि 1.40 लाख रुपए है और 55 हजार रुपए वसूले जा चुके हैं। एक एफआईआर दर्ज हुई है, 13 रेड एंट्री की गई हैं और 36 चेतावनी व शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं।

भारतीय शेयर बाजार मजबूत वैश्विक संकेतों से हरे निशान में खुला, प्राइवेट बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में खुला। सुबह 9:27 पर सेंसेक्स 129 अंक या 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,512 और निफ्टी 43 अंक या 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,599 पर था। शुरुआती कारोबार में निजी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी देखी गई। सूचकांकों में निफ्टी प्राइवेट बैंक करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी मेटल, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी कंजप्शन हरे निशान में थे। दूसरी तरफ निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फार्मा, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी सर्विसेज लाल निशान में थे। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप भी हरे निशान में थे। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 117 अंक या 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,267 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 212 अंक या 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 59,959 पर था। सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एचयूएल, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और एलएंडटी गेनर्स थे। टेक महिंद्रा, एमएंडएम, इन्फोसिस, सनफार्मा, आईटीसी, इटरनल, भारती एयरटेल, एसबीआई, एशियन पेंट्स, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, बीईएल, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति सुजुकी लूजर्स थे। जानकारों के मुताबिक, बुल्स के लिए एक निश्चित स्तर के बाद भी तेजी को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि अमेरिका के 10-साल के बॉन्ड यील्ड 5.3 प्रतिशत के आसपास बने हुए हैं, इसलिए एफआईआई बिकवाली जारी रखेंगे, जिससे बाजार का माहौल ‘रैली पर बिकवाली’ वाला बन जाएगा। इसका मतलब है कि एफआईआई आकर्षक वैल्यूएशन के बावजूद लार्ज-कैप शेयरों की बिकवाली जारी रखेंगे, जबकि डीआईआई इन शेयरों की खरीदारी करते रहेंगे क्योंकि फंड का इनफ्लो लगातार बना हुआ है। ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी देखी जा रही है। टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक और जकार्ता हरे निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को हरे निशान में बंद हुआ था, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ और नैस्डैक 1.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज जीतने वाले मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल की नजर ओलंपिक कोटा हासिल करने पर

हांसी। एशियन गेम्स 2026 समाप्त हो चुका है। भारतीय मुक्केबाजों ने एशियाई खेलों में अपना दबदबा साबित किया और कुल 6 पदक जीते। इन 6 पदकों में तीन गोल्ड और तीन ब्रॉन्ज मेडल थे। मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। पदक जीतने के बाद अपने गृह राज्य हरियाणा पहुंचने पर नरेंद्र का स्वागत किया गया। इस अवसर पर नरेंद्र बेरवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैंने एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लिया और ब्रॉन्ज मेडल जीता। पिछली बार भी, मैंने एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। अपनी वेट कैटेगरी, सुपर हैवीवेट में, मैं लगातार दो एशियन गेम्स मेडल जीतने वाला पहला इंडियन बॉक्सर बन गया हूं। मैंने सीधे वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वर्ल्ड चैंपियनशिप अगले साल अप्रैल में कजाकिस्तान में होगी, जहां ओलंपिक कोटा स्पॉट के लिए मुकाबला होगा।” नरेंद्र का अगला लक्ष्य लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक में अपनी जगह पक्की करना और देश के लिए पदक जीतना है। एशियन गेम्स 2026 में भारत की तरफ से लवलीना बोरगोहेन ने गोल्ड, परवीन हुड्डा ने गोल्ड, अंकुश पंघाल ने गोल्ड, नरेंद्र बेरवाल ने ब्रान्ज, प्रिया घनघस ने ब्रान्ज और कपिल पोखरिया ने ब्रॉन्ज जीता। एशियन गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों के प्रदर्शन से बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) के प्रेसिडेंट अजय सिंह बेहद खुश नजर आए थे। अजय सिंह ने गेम्स में मुक्केबाजी का अभियान समाप्त होने के बाद आईएएनएस से बात करते हुए कहा था, “यह बहुत गर्व की बात है। हमें लगता है कि भारत इस बार एशियन गेम्स में उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और चीन से आगे नंबर वन पर आया, जिन्हें बॉक्सिंग में बड़ी ताकत माना जाता है। इसलिए, टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, और यह बहुत गर्व की बात है। हमें अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं होना है और भविष्य में अपनी कमियों को दूर करने पर काम करना है।” उन्होंने कहा, “पहले कहा जाता था कि भारत सिर्फ लाइट वेट में अच्छा प्रदर्शन करता है, हैवी वेट में नहीं करता। इस बार हमें हैवी वेट में भी मेडल मिला। अंकुश का मेडल 80 किग्रा में आया, 90+ में मेडल आया। इसी तरह हमें आगे भी अपना प्रयास जारी रखना है।

बिग बॉस ने मुझे सिखाया, अपनी गलतियों से सीखा बदलाव का सबक : रीति तिवारी

मुंबई। मनोज तिवारी की बेटी और गायिका रीति तिवारी ‘बिग बॉस-20’ घर से बाहर आ गई हैं। शो से बाहर आने के बाद रीति ने कहा कि शो के दौरान जो गलतियां हुईं, उनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा और अब वे खुद को एक बेहतर इंसान के रूप में देखती हैं। रीति ने के साथ बातचीत में अपनी जर्नी के बारे में खुलकर बात की। रीति ने बताया कि शो में उनके पिता की प्रतिक्रिया क्या रही और वह उन पर कितना गर्व करते हैं। उन्होंने कहा, “मेरे शो से बाहर आने के बाद उनकी प्रतिक्रिया बिल्कुल एक पिता जैसी थी। मेरे पिता जी ने मुझसे कहा, ‘मुझे तुम पर गर्व है। तुमने अपने अंदर ऐसा बदलाव लाया, जो शायद लंबे समय से तुम्हारे अंदर ही था।’” रीति तिवारी ने अपनी जर्नी पर बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि हर इंसान में कुछ ऐसी चीजें होती हैं, जिन्हें वह बदलना चाहता है या जिन क्षेत्रों में वह और बेहतर कर सकता है। वहां जाकर मुझे एहसास हुआ कि मैं क्या बेहतर कर सकती हूं और मैं अपने अंदर क्या नहीं चाहता।” रीति ने अपनी मां के द्वारा दी गई सीख पर बात की। उन्होंने बताया, “मेरी मां मुझसे हमेश कहती थीं कि अपनी भावनाओं को दिमाग पर हावी मत होने दो। बिग बॉस में मैं कुछ कमियों के साथ गई थी और अब मैं उन्हें बदलूंगी। अगर मैंने गलतियां नहीं की होतीं, तो शायद मैं कभी यह नहीं समझ पाती कि मुझे अपने अंदर क्या बदलाव लाने की जरूरत है। इसलिए मैं अपनी हर गलती से बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि इन गलतियों ने मुझे एक बेहतर इंसान बनाया है।” रीति तिवारी ने आगे काजी तौकीर के साथ अपनी इक्वेशन के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “उनके साथ हुई घटना ने मुझे एक इंसान के तौर पर सोचने पर मजबूर किया है। मैंने अपनी कमियां समझीं। सलमान सर, मेरे साथी कंटेस्टेंट्स और दर्शकों के जरिए मुझे समझ आया कि मैं गलत दिशा में जा रही थी और अब मुझे सही दिशा में चलना है।

अलास्का गैस पाइपलाइन को लेकर उम्मीद में ट्रंप प्रशासन, जेडी वेंस बोले- एशिया में है भारी मांग

वाशिंगटन। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ट्रंप प्रशासन को उम्मीद है कि अलास्का की बड़ी नेचुरल गैस पाइपलाइन परियोजना आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जापान और एशिया की अन्य अर्थव्यवस्थाओं में अमेरिकी गैस की जबरदस्त मांग है, भले ही दक्षिण कोरिया के साथ अभी कुछ बातें तय होनी बाकी हैं। जेडी वेंस ने अलास्का रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रशासन इस प्रोजेक्ट को होते हुए देखना चाहता है। अमेरिकी गैस की मांग ही बची हुई अड़चनों को दूर करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा, “पाइपलाइन एक ऐसी चीज है जिसे हम और हमारे कई एशियाई दोस्त सच में होते हुए देखना चाहते हैं।” जेडी वेंस ने कहा, “सिर्फ दक्षिण कोरिया ही नहीं, जापान भी इस पाइपलाइन को देखना चाहेगा। पूर्वी एशिया की कई अर्थव्यवस्थाएं जो ज्यादा नेचुरल गैस की कीमतों से जूझ रही हैं, वे अपनी अर्थव्यवस्था में ज्यादा अमेरिकी गैस आते हुए देखना चाहेंगी।” जब उनसे पूछा गया कि क्या अलास्का के लोगों को भरोसा करना चाहिए कि पाइपलाइन बनेगी, जबकि दक्षिण कोरिया ने कहा है कि डील फाइनल नहीं हुई है, तो जेडी वेंस ने कहा कि बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह होने वाला है, जाहिर है, अभी भी कुछ डिटेल्स पर काम करना बाकी है। और दक्षिण कोरिया ने उस बारे में बात की है, लेकिन जब इसकी मांग है और अमेरिकी नेचुरल गैस की वाकई में मजबूत मांग है, तो मुझे लगता है कि हम इसे पूरा कर पाएंगे।” ऊर्जा पर बात करने के साथ ही जेडी वेंस ने कई अन्य मुद्दों पर भी बात की, जिसमें ईरान, फ्लाई दुबई की फ्लाइट को हाईजैक करने की कोशिश और ब्रिटेन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों से जुड़ी सुरक्षा सावधानियां शामिल हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान का फ्लाईदुबई घटना में हाथ है, तो जेडी वेंस ने कहा कि वह सीआईए डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ और अन्य खुफिया अधिकारियों की जानकारी का इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं किसी घोषणा से आगे नहीं जाना चाहता, लेकिन यह निश्चित रूप से कुछ ऐसा है जिसे हम देख रहे हैं, लेकिन मैं यह नहीं कहूंगा कि मैंने अभी तक कुछ निर्णायक देखा है।” जेडी वेंस ने कहा कि यह घटना प्रशासन को उन प्रक्रियाओं पर विचार करने के लिए भी मजबूर कर रही है जो फ्लाइट के लिए खतरा बन सकने वाले लोगों से जुड़ी हैं। उन्होंने 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका में आने वाले लोगों की ज्यादा जांच की जरूरत है। जेडी वेंस ने कहा, “जब भी अमेरिका के बाहर से कोई व्यक्ति आता है, तो आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी कि वह व्यक्ति वास्तव में एक अच्छा इंसान है और अमेरिकी समाज में योगदान देगा।” ब्रिटेन में एक संदिग्ध सुरक्षा खतरे पर, जिसके कारण अमेरिकी बमवर्षकों को एक बेस से हटाया गया, वेंस ने कहा कि प्रशासन एहतियात बरत रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान 49 सालों से अमेरिका और कई अन्य लोगों के खिलाफ आतंकवाद में शामिल रहा है और अमेरिका बेहद सतर्क है। बता दें कि उपराष्ट्रपति अलास्का में रिपब्लिकन सीनेटर डैन सुलिवन के लिए प्रचार करने जा रहे थे।