ठाणे में शिवसेना यूबीटी नेता प्रदीप पूर्णेकर पर फायरिंग, अस्पातल में इलाज जारी

मंबई। महाराष्ट्र के ठाणे स्थित मनोरमा नगर इलाके में शिवसेना (यूबीटी) गुट के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना कपूरबावड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में आर मॉल के पास हुई। हमले में पूर्णेकर को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, प्रदीप पूर्णेकर पर दो अज्ञात और नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बता दें कि प्रदीप पूर्णेकर शिवसेना (यूबीटी) के विभाग प्रमुख थे और पूर्व सांसद राजन विचारे के करीबी माने जाते थे। उनके भाई जयनाथ पूर्णेकर ठाणे नगर निगम के पूर्व नगरसेवक रह चुके हैं। हमला मनपाड़ा के गणेश नगर स्थित पूर्णेकर के कार्यालय के पास होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना का सटीक स्थान और हमले की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रदीप पूर्णेकर पर हमला किसने और किस कारण से किया। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि ठाणे शहर में कुछ दिन पहले एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद अब राजनीतिक दल से जुड़े नेता शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे है। ठाणे नगर निगम चुनाव में प्रदीप पूर्णेकर की पत्नी विजेता पूर्णेकर और उनके भाई जयनाथ पूर्णेकर ने मनोरमा नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 से शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। दोनों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा