दिल्ली पुलिस ने लूट के मामले में फरार आदतन अपराधी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने नबी करीम थाना क्षेत्र में लूट के मामले में एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि आरोपी चार पुराने आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वह लगातार जांच से बच रहा था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि नबी करीम इलाके में एक व्यक्ति का मोबाइल फोन लूटा गया था। इस संबंध में 27 अगस्त को बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता बिहार का रहने वाला है, जो दिल्ली आया था और पहाड़गंज के एक होटल में ठहरा हुआ था। जब वह पहाड़गंज पुल से होते हुए पहाड़गंज इलाके की ओर जा रहा था, तो तीन लड़कों ने उसे रोका और ब्लेड दिखाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जांच के दौरान दो आरोपियों अजीम और यश उर्फ ​​यासी को गिरफ्तार किया गया। अजीम को 30 अगस्त और यश उर्फ ​​यासी को 9 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने इस मामले में मुख्य आरोपी मोहित की संलिप्तता का खुलासा किया। हालांकि, सह-आरोपी मोहित फरार था और जानबूझकर गिरफ्तारी और जांच से बच रहा था। आरोपी मोहित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया और उसे पकड़ने के लगातार प्रयास किए गए। बीते दिन पुलिस को आरोपी के बारे में सूचना मिली। इसके बाद नबी करीम थाना पुलिस ने उसे नीम वाला चौक से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित ने लूट के मामले में अपनी संलिप्तता कबूल की। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने सस्ते दाम पर वॉशिंग मशीन के स्पेयर पार्ट्स बेचने के नाम पर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पता चला कि धोखाधड़ी की रकम का कुछ हिस्सा पूर्वी दिल्ली में मौजूद एक एटीएम से निकाला गया था। इसके आधार पर दिल्ली के पूर्वी जिले के साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई और मामले के खुलासे के लिए टीम का गठन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा