एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सीवर ओवरफ्लो खुले गटर और जलभराव को लेकर जलमंत्री और डीजेबी सीईओ को लिखा पत्र

नई दिल्ली।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने पश्चिमी पटेल नगर के रंजीत नगर वार्ड 87 में सीवर ओवरफ्लो खुले गटर और जलभराव को लेकर जलमंत्री और डीजेबी सीईओ को पत्र लिखा है। उन्होंने सीवर ओवरफ्लो खुले गटर और जलभराव से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। गंदे पानी और दुर्गंध के कारण गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो रहा है। मैंने जल मंत्री और डीजेबी के सीईओ से तत्काल सीवर सफाई खुले गटर बंद करने जलनिकासी का स्थायी समाधान करने की मांग की है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और उन पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।अंकुश नारंग ने पत्र में कहा है कि मेरे संज्ञान में पश्चिमी पटेल नगर एवं रंजीत नगर वार्ड नं 87 के निवासियों की सीवर संबंधी गंभीर समस्या सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो खुले गटर गंदे पानी का फैलाव और जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके कारण स्थानीय निवासियों को अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।उन्होंने पत्र में आगे कहा है कि स्थानीय निवासियों की ओर से संबंधित विभाग और उसके कर्मचारियों को कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं लेकिन इसके बावजूद संबंधित कर्मचारियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। शिकायतों की लगातार अनदेखी किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है।अंकुश नारंग ने मांग की है कि क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। सभी खुले गटरों को प्राथमिकता के आधार पर बंद एवं सुरक्षित कराया जाए। जलभराव वाले स्थानों से तत्काल गंदे पानी की निकासी कराई जाए। सीवर लाइनों की पूरी तरह सफाई एवं आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाए। पूर्व में दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई न करने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न होए इसकी उचित व्यवस्था की जाए।अंकुश नारंग ने जलमंत्री और डीजेबी के सीईओ से अपेक्षा की है कि जनहित में इस मामले को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे और संबंधित अधिकारियों से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा