प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह को दीं जन्मदिन की शुभकामनाएं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उनको शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, “गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है। माओवाद के खतरे को खत्म करने और नशामुक्त समाज के हमारे सपने को आगे बढ़ाने में मिली सफलताएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लोगों की सेवा में एक लंबा और स्वस्थ जीवन मिले।” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने में अमित शाह पूरे मनोयोग और कर्मठता के साथ काम कर रहे हैं। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने के साथ-साथ राष्ट्रसेवा में उनकी निरंतर सक्रियता की ईश्वर से कामना करता हूं।” केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।” केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने एक्स पर लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आपके द्वारा ‘नक्सल मुक्त भारत’ का संकल्प साकार होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है। वर्ष 2029 तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का लक्ष्य हमारे देश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की आपकी दूरदर्शिता को दर्शाता है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जन-सहभागिता से यह संकल्प भी अवश्य सिद्ध होगा।” केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “जनप्रिय जननेता, कुशल संगठनकर्ता एवं श्रेष्ठ रणनीतिकार और अपने दृढ़ संकल्प शक्ति के आधार पर देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और सहकारिता क्षेत्र को समृद्ध बनाने में सतत रत देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं!” विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पोस्ट में लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएं। राष्ट्र की सुरक्षा तथा जनकल्याण के प्रति आपकी प्रतिबद्धता सराहनीय है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और दीर्घायु की कामना है।” केंद्रीय आवास व शहरी मामलों के मंत्री एवं विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक्स पर लिखा, “लोकप्रिय जननेता व कुशल संगठनकर्ता, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! सुरक्षित, समृद्ध एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण हेतु आपकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए अनुकरणीय है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।” केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मां भारती की सेवा में आपका समर्पण और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति आपका अटूट विश्वास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगलकामना करता हूं।” केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “नए भारत के लौह पुरुष, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन एवं असीम ऊर्जा प्रदान करें। मंगलकामनाएं!” केंद्रीय श्रम और रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक्स पर लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र की सुरक्षा और विकास के प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।” केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने एक्स पर लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें और वे राष्ट्र सेवा में निरंतर सशक्त बने रहें।” केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री ललन सिंह ने लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना करता हूं। आपका जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ता रहे। जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं।

पापांकुशा एकादशी पर बाबा महाकाल का भव्य शृंगार, भस्म आरती में बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में आश्विन शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि (पापांकुशा एकादशी) पर गुरुवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती की गई। इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गुरुवार तड़के भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। दिव्य शृंगार और भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल के दर्शन हुए। इसके बाद पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ के उद्घोष से गूंज उठा। मंदिर परिसर घंटियों, शंखध्वनि और मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा। महाकाल मंदिर के पट खुलने के साथ ही मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। बाबा महाकाल की पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर की आरती के बाद बाबा महाकाल ने मुकुट धारण किया। इसके बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्म आरती की गई। पापांकुशा एकादशी के अवसर पर बाबा महाकाल का भांग, चंद्र-त्रिपुंड और गुलाब के फूलों से शृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। अपने आराध्य देव के दर्शन पाने के लिए रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध थे। परंपरा के अनुसार, महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म आरती अर्पित की जाती है। मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद बाबा महाकाल निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं। बाबा महाकाल की इस अद्भुत आरती में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन की पावन नगरी पहुंचते हैं और दर्शन कर खुद को धन्य महसूस करते हैं।

दिल्ली-एनसीआर में 306 पार हुआ एक्यूआई, 27 अक्टूबर तक 17 डिग्री तक लुढ़केगा पारा

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल बेहाल होता जा रहा है। लगातार नीचे गिरते न्यूनतम तापमान और हवा की रफ्तार में आई कमी की वजह से प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, इस हफ्ते न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। तापमान में यह गिरावट वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को और अधिक खराब कर रही है। हालांकि ग्रेप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) का पहला चरण लागू कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है, बल्कि हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। मौसम विभाग से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 22 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 23 अक्टूबर को भी तापमान 32 डिग्री और 18 डिग्री के बीच रहेगा। 24 अक्टूबर से आसमान में आंशिक बादल छाएंगे और तापमान 33 डिग्री तक जा सकता है। लेकिन 27 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 17 डिग्री तक पहुंच जाएगा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। डीपीसीसी के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई इलाके ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में हैं। चांदनी चौक में एक्यूआई 306 दर्ज किया गया है, जो कि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। बवाना में एक्यूआई 274, आनंद विहार में 236, अशोक विहार में 223, बुराड़ी क्रॉसिंग में 226 और आया नगर में 214 दर्ज किया गया है। बदरपुर में एक्यूआई 141 है, जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में है। राजधानी के कई हिस्सों में पीएम (पार्टिकुलेट मैटर) 2.5 और पीएम 10 के स्तर में भारी उछाल देखा जा रहा है। ताजा आंकड़ों में पीएम10 का स्तर 281 और पीएम2.5 का स्तर 181 तक पहुंच चुका है। नोएडा में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। यहां के चारों प्रमुख सक्रिय स्टेशनों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है। सेक्टर-62 में एक्यूआई 337 दर्ज किया गया है, जो कि ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ की ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा, सेक्टर-1 में एक्यूआई 258, सेक्टर-125 में 254 और सेक्टर-116 में एक्यूआई 239 दर्ज किया गया है। इन सभी इलाकों में हवा में जहरीले कणों की मात्रा काफी अधिक है। गाजियाबाद के सात सक्रिय स्टेशनों के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। यहां वसुंधरा में एक्यूआई 316 और इंदिरापुरम में 312 दर्ज किया गया है, जो कि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। संजय नगर में 295, वेव सिटी में 238, लोनी में 175 और वेद विहार-लोनी में 154 एक्यूआई दर्ज किया गया है। हालांकि, गोविंदपुरम का एक्यूआई 74 दर्ज किया गया है, जो कि ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है, लेकिन बाकी इलाकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। तापमान में गिरावट और हवा की गति धीमी होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं। ग्रेप के पहले चरण के तहत उठाए गए कदमों का असर अभी जमीनी स्तर पर कितना देखने को मिलेगा यह कुछ दिनों में ही पता चलेगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इस बढ़ते प्रदूषण के कारण सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: आरोपियों ने कई बार ऑटो चालकों को दिए एक हजार रुपए, क्राइम ब्रांच ने धारा-111 जोड़ी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी को लेकर नए खुलासे हुए हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जब वे मुंबई पहुंचे थे और अंधेरी के एक होटल में ठहरे हुए थे, तब वे रोजाना होटल से निकलकर किसी भी ऑटो रिक्शा को रोक लेते थे। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ऑटो चालक से कहते थे कि वे पहली बार मुंबई आए हैं और उन्हें बॉलीवुड अभिनेताओं के घर देखने हैं। इसके बाद ऑटो चालक उन्हें बॉलीवुड के बड़े सितारों के घरों तक ले जाने के लिए आमतौर पर करीब 1,000 रुपए मांगते थे। आरोपियों ने कई बार ऑटो चालकों को 1,000 रुपए देकर अलग-अलग बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि कई बार आरोपी खुद गूगल पर अभिनेताओं के घरों का पता सर्च करते थे और फिर वही पता ऑटो चालक को बताकर वहां पहुंच जाते थे। इस तरह वे अलग-अलग सितारों के घरों और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटा रहे थे। क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों शूटरों ने बॉलीवुड से जुड़े कई अभिनेता के घर की रेकी की थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 भी जोड़ी है। इस घटनाक्रम के बाद मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाए जाने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, मकोका लगाने का अंतिम फैसला जांच के निष्कर्षों और कानून में निर्धारित शर्तों की पूर्ति के आधार पर लिया जाएगा। यह जानकारी भी सामने आई है कि फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सूरत पहुंचे थे और उसी जगह उन्होंने बंदूक को छिपा दिया था। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन को भी उसी किसी जगह छिपाया है। सूत्रों ने यह भी बताया कि आरोपियों की पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस इसे सत्यापित कर रही है और सूरत में लोकल मदद से बंदूक और मोबाइल का पता लगाया जा रहा है।

तमिलनाडु : वंडालूर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, दो दिन के लिए बंद हुई एंट्री

चेन्नई। चेन्नई के बाहरी इलाके में स्थित अरिगनर अन्ना जूलॉजिकल पार्क, वंडालूर में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। यहां जलीय पक्षियों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस पाया गया है। इसके बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने दो दिन के लिए आम जनता के प्रवेश पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने घोषणा की है कि गुरुवार और शुक्रवार को पार्क में लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह फैसला संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लिया गया है। वायरस की पुष्टि मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज की रिपोर्ट से हुई है। रिपोर्ट में साफ हुआ है कि चिड़ियाघर में रखे गए जलीय पक्षी एच5एन1 वायरस से संक्रमित हैं, जो बर्ड फ्लू का कारण है। पुष्टि के बाद अधिकारियों ने पक्षियों को रखे जाने वाले क्षेत्रों की सफाई और कीटाणुशोधन का काम शुरू कर दिया है। पार्क प्रशासन ने कहा है कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बायोसिक्योरिटी उपायों को और सख्त कर दिया गया है। यह रोक सिर्फ पक्षी बाड़ों तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे पार्क में आम लोगों के प्रवेश पर लागू होगी। लगभग 1,260 एकड़ में फैला वंडालूर चिड़ियाघर चेन्नई के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और हर साल यहां लाखों लोग आते हैं। इसके विशाल परिसर में 150 से ज्यादा प्रजातियों के हजारों जानवर और पक्षी रहते हैं। पक्षियों के अलावा पार्क में मगरमच्छ, सांप और कछुओं सहित कई तरह के वन्यजीव भी हैं। यहां पर्यटकों को संरक्षित वाहनों से शेर और बाघ जैसे जानवरों को देखने का मौका भी मिलता है। यही सुविधाएं हर साल बड़ी संख्या में लोगों को पार्क की ओर आकर्षित करती हैं। फिलहाल प्रशासन का ध्यान कीटाणुशोधन, सफाई और बायो सिक्योरिटी को मजबूत करने पर है। दो दिन की बंदी के साथ लोगों को गुरुवार और शुक्रवार को अपनी यात्रा टालने की सूचना दी गई है। जारी की गई जानकारी में यह नहीं बताया गया है कि कितने जलीय पक्षी पॉजिटिव पाए गए हैं या क्या किसी पक्षी की मौत हुई है। साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि संक्रमण का पता किन परिस्थितियों में चला और लैब पुष्टि से पहले सैंपलिंग की प्रक्रिया क्या थी।

दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के 40 किमी लंबे पठानकोट-दयालाचक खंड के दिसंबर में खुलने की संभावना: जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर का दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र धीरे-धीरे कनेक्टिविटी के एक नए युग की ओर अग्रसर हो रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के कटरा को जोड़ने वाले दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर तेजी से कार्य जारी है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को जानकारी दी कि इस एक्सप्रेसवे का लगभग 40 किलोमीटर लंबा महत्वपूर्ण पठानकोट-दयालाचक खंड दिसंबर में खुल सकता है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे अपडेट। इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी को एक बड़ा विस्तार। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का लगभग 40 किलोमीटर लंबा पठानकोट-दयालाचक खंड दिसंबर तक खुलने की उम्मीद है।” उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “इससे लखनपुर टोल प्लाजा से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा और यात्रा का समय 50-70 मिनट से घटकर सिर्फ 25-30 मिनट रह जाएगा। ‘यात्रा को आसान’ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो नरेंद्र मोदी सरकार की एक प्रमुख विशेषता रही है।” बता दें कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे 667 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड राजमार्ग है, जो दिल्ली को अमृतसर और कटरा से जोड़ता है। इसे तेज सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात का दबाव कम करने और श्री माता वैष्णो देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। जुलाई 2026 में इस एक्सप्रेसवे के प्रमुख खंडों का उद्घाटन किया गया, जो दिल्ली और कटरा के बीच संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह दिल्ली से अमृतसर और दिल्ली से कटरा की यात्रा में लगनेवाले समय को आधा कर देगा। इसके पूर्ण हो चुके खंडों से दिल्ली से कटरा तक की यात्रा का समय लगभग 14 घंटे से घटकर करीब 6 घंटे होने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर तीर्थयात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ मार्ग के आसपास औद्योगिक गतिविधियों और माल ढुलाई व लॉजिस्टिक्स को भी बढ़ावा देगा।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शुभकामनाएं दी हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्रीय सुरक्षा और एक प्रगतिशील, ‘विकसित भारत’ के प्रति उनका अटूट संकल्प वास्तव में प्रेरणादायक है। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और राष्ट्र सेवा में उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं।” महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “हमारे नेता और प्रेरणास्रोत केंद्रीय गृह मंत्री अमितभाई शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। पार्टी और राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता हम सभी को निरंतर प्रेरित करती है।” पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका निर्णायक नेतृत्व, अटूट समर्पण और हमारे राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता तथा प्रगति के प्रति आपकी दृढ़ प्रतिबद्धता पूरे भारत में लाखों लोगों को प्रेरित करती है। इस शुभ अवसर पर, मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख और मातृभूमि की सेवा में समर्पित एक दीर्घायु प्रदान करें।” असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “असम के लोगों की ओर से, मैं अमित शाह को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। इस विशेष दिन पर मैं मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि वे राष्ट्र सेवा के उनके प्रयासों में उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें।” अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं भगवान बुद्ध से प्रार्थना करता हूं कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें तथा राष्ट्र की सेवा करते रहने के लिए आपको शक्ति दें।” त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका अटूट समर्पण, निर्णायक नेतृत्व और एक सशक्त राष्ट्र के प्रति आपका दृष्टिकोण लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है। मां त्रिपुरा सुंदरी आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख और देश सेवा में समर्पित एक दीर्घायु जीवन प्रदान करें।” मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य और खुशियां प्रदान करे, और राष्ट्र की सेवा में आपकी शक्ति निरंतर बनी रहे। राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन और ‘विकसित भारत’ के विजन के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता लाखों लोगों को प्रेरित करती है। राष्ट्र की सेवा में आपको भविष्य में भी निरंतर सफलता मिले, यही कामना है।” आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र की सुरक्षा और एकता के प्रति आपका अटूट समर्पण, सशक्त नेतृत्व और अथक प्रयास हम सभी को निरंतर प्रेरित करते हैं। हम आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुख की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि आप आने वाले कई वर्षों तक हमारे महान राष्ट्र की सेवा करते रहें।

बाबा श्याम का दो दिवसीय मासिक मेला शुरू, अलसुबह से दर्शनों के लिए लगी कतारें

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का दो दिवसीय मासिक मेला शुरू हो गया है। मेले के पहले दिन गुरुवार अलसुबह से ही बाबा श्याम के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्याम भक्त खाटूधाम पहुंच रहे हैं। पापांकुशा एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम का सतरंगी फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। बाबा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पापांकुशा एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सतरंगी फूलों से किए गए विशेष श्रृंगार ने मंदिर की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। बाबा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन करने के लिए गुरुवार सुबह से ही भक्तों का पहुंचना जारी रहा। श्रद्धालु कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। बाबा के जयकारों से खाटूधाम का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। मेले को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मासिक मेला प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष की एकादशी और द्वादशी को आयोजित किया जाता है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए श्री श्याम मंदिर कमेटी, प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर सहित प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के इंतजाम किए गए हैं ताकि दर्शन के दौरान भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खाटूधाम में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रहने की उम्मीद है। दूरदराज से पहुंच रहे श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मासिक मेले के अवसर पर रात्रि में विभिन्न स्थानों पर भजन संध्याओं का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में भजन गायक बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे। भजनों की मधुर धुनों और बाबा के जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन होंगे। धार्मिक आयोजनों को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है। दो दिवसीय मेले के दौरान खाटूधाम में आस्था, भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर गांधीनगर में भाजपा का सेवा संकल्प, विशेष पूजा का भी आयोजन

गांधीनगर। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को पूरे देश में सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुजरात के गांधीनगर में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विशेष कार्यक्रम आयोजित कर दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। गांधीनगर महानगर इकाई द्वारा सेक्टर-2 स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुजरात सरकार में राज्य मंत्री प्रवीण माली, गांधीनगर महानगर अध्यक्ष आशीष दवे सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भगवान महादेव के समक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए मंगलकामना की। इस मौके पर गौशाला में गौ-माता का पूजन भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने गौ-सेवा को सेवा कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश सेवा के संकल्प को और मजबूती मिली है। राज्य मंत्री प्रवीण माली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “आज गांधीनगर महानगर भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और गांधीनगर के लोकप्रिय सांसद अमित शाह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पूरे देशभर में सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है।” उन्होंने आगे कहा, “गांधीनगर महानगर द्वारा आयोजित विविध कार्यक्रमों के तहत आज हमने गौशाला में गौ-माता का पूजन किया और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ हमने महादेव से प्रार्थना की कि वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देश की सेवा करते रहने की शक्ति प्रदान करें और उनका स्वास्थ्य उत्तम बनाए रखें।” माली ने बताया कि जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर सेवा कार्य कर रहे हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और उनका अपने संसदीय क्षेत्र से गहरा जुड़ाव है। उनके जन्मदिन पर हर साल गांधीनगर में कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को होगा मतदान

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला किया है। यह सीट डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। निर्वाचन सदन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, डॉ. एल मुरुगन ने 14 अक्टूबर को इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था। इसी खाली सीट को भरने के लिए अब उपचुनाव कराया जाएगा। आयोग ने चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन 26 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। नामांकन की आखिरी तारीख 2 नवंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 5 नवंबर है और मतदान 12 नवंबर को होगा। मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। वोटों की गिनती 12 नवंबर को शाम 5 बजे होगी। चुनाव पूरा होने की आखिरी तारीख 16 नवंबर तय की गई है। चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी कुछ अहम निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा है कि बैलेट पेपर पर वरीयता अंकित करने के लिए सिर्फ बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा और पहले से तय मानक का होगा। इसके अलावा किसी भी अन्य पेन का इस्तेमाल किसी भी हालत में नहीं किया जा सकेगा। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त करने का भी फैसला किया है। चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जाएगी ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। बता दें कि राज्यसभा में मध्य प्रदेश से खाली हुई यह सीट काफी अहम मानी जा रही है। डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद इस सीट पर नए सदस्य का चुनाव होना है, जिसका कार्यकाल 2030 तक रहेगा। मुरुगन को जुलाई 2021 में पहली बार केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया था।