जिनके दिलों में नफरत उनकी वजह से फ्रांस जल रहा है: ट्रंप

वाशिंगटन/ पेरिस। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में हुई हिंसा के लिए दिलों में नफरत लेकर चल रहे लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। रविवार को उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ‘फ्रांस जल रहा है और इसकी वजह दूसरे देश से आए लोग हैं।’ उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “फ्रांस जल रहा है! बिल्कुल अलग दुनिया से आए लोग जिनके दिलों में नफरत भरी है उनकी वजह से कभी महान रहा देश पूरी तरह बर्बाद हो गया है। इससे पहले की बहुत देर हो जाए, अपनी सीमाएं बंद करें और इसका नियंत्रण अपने हाथों में लें!” इससे पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इसके लिए प्रवासियों को इसका जिम्मेदार ठहराया था। वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, “पश्चिमी उदारवादियों ने विविधता और करुणा के नाम पर फ्रांस और दूसरे देशों में ‘तीसरी दुनिया’ को अपने यहां जगह दी। इन नीतियों के संभावित परिणामों को लेकर पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन संबंधित नेताओं ने उन पर ध्यान नहीं दिया।” उन्होंने फ्रांस को एक खूबसूरत देश और वहां के लोगों को अद्भुत बताते हुए उम्मीद जताई कि देश इस स्थिति को रोकने के लिए कदम उठाएगा ताकि उसके और ऐतिहासिक स्थलों को आग से नुकसान न पहुंचे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने इस मुद्दे को अमेरिकी राजनीति से भी जोड़ा। उन्होंने अमेरिकी नागरिकों से फ्रांस की घटनाओं पर ध्यान देने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि “अमेरिकी कांग्रेस के डेमोक्रेटिक सांसद भी अपने देश को इसी दिशा में ले जाना चाहते हैं।” बता दें, शनिवार को फ्रांस के कई शहरों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। हिंसक गुटों ने सरकारी इमारतों को निशाना बनाया, दुकानों में लूटपाट की और पुलिस वाहनों पर हमले किए। लिमोज शहर के 143 साल पुराने ऐतिहासिक सिटी हॉल को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि मार्सेई में प्रदर्शनकारियों ने सिटी हॉल में प्रवेश कर इमारत पर नारे लिख दिए। लियोन में पर्यटन कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया गया। फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, पेरिस में 855 लोगों को गिरफ्तार किया गया। देशभर में हुई गिरफ्तारियों की संख्या करीब 1,800 रही। अधिकारियों ने बताया कि पेरिस में प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की हृदयाघात से मौत हो गई। देशभर के करीब पांच लाख लोगों ने इन प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन कुछ स्थानों पर हिंसक समूहों ने सार्वजनिक संपत्ति और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। प्रदर्शनों की शुरुआत पिछले महीने कामकाजी वर्ग के इलाकों में स्कूलों की खराब स्थिति और शिक्षकों की कमी के खिलाफ छात्र आंदोलन से हुई थी। बाद में यह आंदोलन महंगाई, असमानता, सार्वजनिक खर्च में कटौती और सरकारी सेवाओं की गिरती गुणवत्ता के खिलाफ व्यापक विरोध में बदल गया।
‘सरकारें वोट से बदलती हैं, ताकत के दम पर नहीं’, सीएम हिमंता का विपक्ष पर हमला

बस्ती। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार वोट से बदलती है, धमकी और दादागिरी से नहीं। चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, “यह बहुत ही दुखद घटना है, लेकिन सरकार ने स्थिति को संभालने के लिए काम किया, सभी के इलाज की व्यवस्था की और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए कि भविष्य में ऐसी घटना न हो। हालांकि, यह किसी के हाथ में नहीं है और यह बहुत ही दर्दनाक घटना है। फिर भी, स्थिति को संभालने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए त्वरित कदमों से लोगों को कुछ शांति मिली है और उनका दुख कुछ हद तक कम हुआ है।” दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री हिमंता ने कहा कि सरकार बदलती है वोट से, धमकी और दादागिरी से नहीं, जो लोग सोचते हैं कि सत्ता मसल पावर से बदलती है, उन्हें बांग्लादेश या नेपाल जाना होगा। विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि ऐसा कोई बड़ा विरोध प्रदर्शन नहीं था; लगभग 5,000 से 10,000 लोग इकट्ठा हुए थे और विपक्ष के पास स्वाभाविक रूप से इतना समर्थन तो है ही। हालांकि, हमारी संख्या कहीं अधिक है। एक बार जब हमारे समर्थक हर जिले में बाहर आएंगे, तो आप खुद तुलना कर पाएंगे और देख पाएंगे कि असली ताकत किसके पास है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, “अखिलेश यादव क्या कह रहे हैं? हम लोग जहां होते हैं, वहां अखिलेश यादव की कोई चर्चा नहीं होती है। मुझे आपसे पूछना पड़ेगा कि ये विद्वान कौन है? देश में तो उनकी चर्चा नहीं है। पहले तो आप मुझे ये समझाएं कि वो कौन हैं? क्योंकि देश में तो उनकी चर्चा नहीं होती है। मैं तो उनके बारे में सिर्फ इतना ही जानता हूं कि उन्होंने अपने पिता को पीछे से छुरी मारी थी। मैं बस यही कहानी जानता हूं।” उन्होंने कहा कि मंदिर बदनाम नहीं होता है। राम अपने स्थान पर ही रहेंगे। दुनिया में कोई ऐसा बाबर नहीं है, जो राम को पराजित कर सके। वो अपने स्थान पर ही रहेंगे। श्रद्धालु आते रहेंगे, और जब तक चांद और सूरज हैं, राम हिंदुओं के दिलों में ही रहेंगे। यह बहुत दिव्य है। भगवान राम लला के दर्शन करने के बाद मन श्रद्धा से पूरी तरह परिपूर्ण हो जाता है। बार-बार आने का मन करता है। विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि राम के मुद्दे पर चुनाव नहीं लड़ा जाता है, लेकिन जब-जब बाबर दुनिया में होगा, तब-तब राम-लक्ष्मण और हनुमान तो रहेंगे ही। आप इसे ना कैसे कह सकते हैं? अगर हम राम के नाम पर चुनाव लड़ते हैं तो आप भी तो बाबर के नाम पर लड़ते हैं। आपको राम का नाम लेने में तकलीफ है, बाबर का नाम लेना बंद कर दो।
गेंदबाजी यूनिट ने एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया: स्मृति मंधाना

रायपुर। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 9 विकेट से शानदार जीत के बाद भारतीय टीम की नव नियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने अपनी गेंदबाजों को एकजुट होकर बेहतरीन प्रदर्शन करने का श्रेय दिया। रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 102/8 के स्कोर पर रोक दिया। निकी प्रसाद ने अपने दो ओवरों में 7 रन देकर 2 विकेट लिए। इनके अलावा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने 1-1 विकेट निकाला। इसके जवाब में भारत ने शेफाली वर्मा (55) और कप्तान मंधाना (नाबाद 47) की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर सिर्फ 8.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। रायपुर में इस शानदार जीत के बाद मंधाना ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, “आज का दिन अच्छा रहा। आज हमारी गेंदबाज पूरी तरह से लय में थीं, जो पहले मैच के मुकाबले काफी बेहतर था। उन्होंने यॉर्कर, स्लोअर गेंदें और बाउंसर का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया। इसके अलावा स्पिनर्स दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और निकी प्रसाद ने भी आकर अपने-अपने ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। कुल मिलाकर आज हमारी गेंदबाजी यूनिट ने वाकई एकजुट होकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। हां, बेशक, आज हमारी फील्डिंग (कैच पकड़ने के मामले में) और भी बेहतर हो सकती थी। यह एक ऐसी बात है जिस पर हम आलोचनात्मक रुख अपना सकते हैं।” भारत ने गेंदबाजी में भी एक रणनीतिक बदलाव किया और दूसरे मैच में फुलर लेंथ गेंदबाजी की। इसका फायदा भी मिला और भारत ने विपक्षी टीम को खुलकर खेलने से रोके रखा। कप्तान ने कहा, “हां, जैसा कि हमने पिछले मैच में चर्चा की थी, कुछ चीजें अनजान थीं – बेशक, हमने जिम्बाब्वे टीम की कुछ बल्लेबाजों को देखा था, लेकिन आज हमारे पास बेहतर योजनाएं थीं क्योंकि हमें पता था कि उन्होंने पहले मैच में कैसी बल्लेबाजी की थी (इसलिए हमने आगे गेंदबाजी की)। हमारे पास कई अच्छी योजनाएं थीं, लेकिन आप चाहे कितनी भी योजना बना लें, अंत में गेंदबाजों को आकर उसे मैदान पर लागू करना होता है। और आज मुझे लगा कि उन्होंने बिल्कुल सटीक गेंदबाजी की।” मंधाना ने 25 गेंदों में 55 रन बनाने के लिए शेफाली की तारीफ करते हुए कहा, “शेफाली पावरप्ले में अपना काम बखूबी कर रही थीं; जिस तरह से वह जोरदार शॉट लगा रही थीं, मुझे उन्हें सिंगल देकर बहुत खुशी हुई। जब भी मुझे मौका मिला, मैंने भी शॉट खेले। कुल मिलाकर, हम इसी तरह की क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं और आगे भी ऐसा ही खेलना जारी रखेंगे।
विजयवाड़ा सरस मेला पहुंचे चीन के राजदूत शू फेइहोंग, महिला उद्यमियों के उत्पादों की सराहना की

विजयवाड़ा। भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने अपनी पत्नी तान युक्सिउ और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ रविवार को यहां पुनामी घाट पर आयोजित राष्ट्रीय सरस मेला-2026 का दौरा किया। पांच सदस्यीय चीनी प्रतिनिधिमंडल में शू फेइहोंग, तान युक्सिउ, मंत्री सलाहकार झोउ गुओहुई, द्वितीय सचिव गुओ डोंगडोंग और राजदूत के सचिव ली अन्नान शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत 16 से 18 अक्टूबर तक एनटीआर जिले के दौरे पर है। इस दौरान राजदूत ने अपनी पत्नी और टीम के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने महिला उद्यमियों से बातचीत की, उनके उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और उनके उत्पादों को खरीदकर उनका उत्साह बढ़ाया। राजदूत ने ग्रामीण महिला उद्यमियों की उल्लेखनीय प्रगति और देशभर की महिलाओं द्वारा प्रदर्शित उद्यमशीलता कौशल पर प्रसन्नता और सराहना व्यक्त की। उन्होंने उत्पादों के विकास और विपणन में उनकी पहल, रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना की, जो स्वयं सहायता समूह आंदोलन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आर्थिक सशक्तीकरण को दर्शाता है। इस दौरे ने ग्रामीण महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय रूप से निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने और एसएचजी उद्यमियों को अपने बाजार का विस्तार करने के अवसर प्रदान करने के लिए एक मंच के रूप में राष्ट्रीय सरस मेले के महत्व को उजागर किया। राष्ट्रीय सरस मेला-2026 का आयोजन 17 से 30 अक्टूबर तक विजयवाड़ा के पुनामी घाट पर किया जा रहा है, जो ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने, ग्राहकों से जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 15 अक्टूबर को सरस मेले का उद्घाटन किया था। सरस मेला (सेल ऑफ आर्टिकल्स ऑफ रूरल आर्टिसन सोसाइटी) का आयोजन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय और आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मेले में देश भर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों के 600 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।
‘आज टाइगर, अगला कौन?’; जुहू में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार को घेरा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में आक्रोश है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार और पुलिस की विफलता पर सवाल उठाए हैं और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है। इससे पहले बांद्रा में सलमान खान के घर के बाहर गोलियां चलाई गई थीं। अभिनेता सैफ अली खान पर उनके बांद्रा स्थित घर पर हमला हुआ था, जिसमें उन्हें चाकू मारा गया था। फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर भी गोलियां चलाई गई थीं। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर भी कई बार हमले हुए हैं। अब टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाई गई है। एआईसीडब्ल्यूए ने आरोप लगाया, “फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को एक के बाद एक निशाना बनाया जा रहा है, जिससे जानबूझकर डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। मकसद साफ है कि गैंगस्टर बॉलीवुड हस्तियों को डरा-धमकाकर उनसे जबरन वसूली करना चाहते हैं।” एसोसिएशन ने सवाल उठाया, “आज टाइगर श्रॉफ हैं। अगला कौन होगा? जब मुंबई के बीचों-बीच कोई सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं है, तो एक आम मुंबईकर खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?” लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद, सरकार और पुलिस इन हमलों को रोकने में विफल रही है। एआईसीडब्ल्यूए ने कहा कि इससे पहले की घटनाओं में गैंगस्टरों ने खुलेआम जिम्मेदारी ली थी, फिर भी उनका नेटवर्क काम कर रहा है। सिर्फ बयान देने से काम नहीं चलेगा। बॉलीवुड को वास्तविक सुरक्षा की जरूरत है। मुंबई की सड़कें एक बार फिर खून से सन रही हैं, और यह स्थिति 1990 के दशक के अंडरवर्ल्ड के दौर की याद दिलाती है। एआईसीडब्ल्यूए ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से पांच मांगें की हैं। इसमें गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, गोली चलाने वालों की तुरंत गिरफ्तारी, एक्सटॉर्शन नेटवर्क को तोड़ना, फिल्म हस्तियों को पर्याप्त सुरक्षा देना, विफलता के लिए जवाबदेही तय करना और कानून-व्यवस्था पर भरोसा बहाल करना शामिल है। एआईसीडब्ल्यूए अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा, “मुंबई को 1990 के दशक के अंडरवर्ल्ड वाले दौर में वापस नहीं जाने दिया जाएगा। बॉलीवुड डर के साये में काम नहीं करेगा।
अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 2.1 किलोग्राम संदिग्ध गांजा जब्त करने के बाद दो गिरफ्तार

अहमदाबाद। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआईए) पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी से आ रहे एक यात्री से 2.117 किलोग्राम संदिग्ध गांजा जब्त करने के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जब्ती 17 अक्टूबर को अहमदाबाद सीमा शुल्क की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) द्वारा यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर पुरुष यात्री को रोकने के बाद की गई थी। वह हो ची मिन्ह सिटी से उड़ान वीजे-1805 से आया था। उसके सामान की जांच के दौरान, अधिकारियों ने एक काले हैंडबैग में छिपाए गए संदिग्ध हरे रंग के पदार्थ से भरे सात वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए। पैकेजिंग सहित पदार्थ का कुल वजन लगभग 2,117 ग्राम था। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के एक वैज्ञानिक अधिकारी द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण में सभी सात पैकेटों में गांजा के सक्रिय तत्व पाए गए। जांच के बाद सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक अन्य व्यक्ति की पहचान की जो यात्री को लेने हवाई अड्डे पर आया था। जांच के अनुसार, दूसरे आरोपी ने कथित तौर पर विदेश में रहने वाले लोगों के निर्देश पर यात्री की यात्रा व्यवस्था का समन्वय किया था। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान बरामद व्हाट्सएप चैट में यात्री की यात्रा व्यवस्था और सामान से संबंधित बातचीत दर्ज है। दोनों व्यक्तियों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। संदेहास्पद प्रतिबंधित सामग्री को मादक द्रव्य और मनोविकृत पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त किया गया है। इस मामले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने और विदेश में रहने वाले व्यक्तियों के साथ कथित संबंधों की जांच के लिए आगे की जांच जारी है। यह जब्ती हाल के महीनों में अहमदाबाद हवाई अड्डे पर इसी तरह के कई नशीले पदार्थों के मामलों के बीच हुई है। 21 सितंबर को, सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आ रहे एक यात्री से 8.913 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया, जबकि एक अलग जब्ती में खाद्य पैकेजिंग में छिपाकर रखी गई 5.519 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक मारिजुआना बरामद की गई।
मुंबई: टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली, सीएम फडणवीस ने मांगी रिपोर्ट

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई है। हालांकि अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई। इस घटना में अभिनेता के ड्राइवर घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अभिनेता पर बाइक सवार तीन लोगों ने गोलियां चलाईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आया, जिसमें अनिल पंडित नामक अकाउंट से हमले की जिम्मेदारी ली गई। वहीं, एक ऑडियो क्लिप भी सामने आया है, जिसमें अनिल पंडित नामक शख्स खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताते हुए घटना की जिम्मेदारी लेते सुना गया। उसने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को भी धमकी दी। इस ऑडियो क्लिप में सुना जा सकता है कि अनिल पंडित नाम का शख्स सीधे तौर पर कह रहा है कि टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वो मैंने और मेरे छोटे भाई अमरन सिंद्धू ने कराया है। टाइगर को हमने समझाया था, लेकिन उनको समझ नहीं आया। अनिल पंडित ने कहा कि जो भी फिल्म इंडस्ट्री में हमसे अलग होकर या सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका यही हश्र होगा। ऑडियो में अनिल नाम का शख्स सलमान को भी धमकी देते सुनाई पड़ रहा है। शख्स कह रहा है कि अगर सलमान ने लॉरेंस बिश्नोई या बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगी तो अंजाम बहुत बुरा होगा। बड़ी बात यह है कि पुलिस ने न तो सोशल मीडिया पोस्ट और न ही वायरल ऑडियो क्लिप की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच के लिए 15 विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुंबई : एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर 15 पुलिस टीमों का गठन, हमलावरों की तलाशी जारी

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई है। हालांकि अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई। इस घटना में अभिनेता के ड्राइवर घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अभिनेता पर बाइक सवार तीन लोगों ने गोलियां चलाईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना पर डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा कि यह घटना तब हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे। उन्हें कोई गोली नहीं लगी और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने कई टीमें गठित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने प्रारंभिक विश्लेषण शुरू कर दिया है और लगभग 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। जैसे ही और जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा। जैसा कि मैंने बताया, फोरेंसिक टीम अपनी जांच कर रही है। इस स्तर पर, चलाई गई गोलियों की संख्या के बारे में विशिष्ट विवरण देना उचित नहीं होगा। आरोपियों की तलाश के लिए छह पुलिस टीमें तैनात की गई हैं, वहीं अधिकारियों ने हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं और गोलीबारी के पीछे का सटीक मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक हमलावर दो या तीन हो सकते हैं। ऐसी प्राथमिक जानकारी है और हमलावर बाइक पर थे। उसी आधार पर आसपास के इलाके में नाकाबंदी की गई है और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। क्राइम ब्रांच यूनिट नौ और यूनिट आठ के अधिकारी भी पहुंचे। मुंबई पुलिस के साथ-साथ समानांतर जांच क्राइम ब्रांच भी कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
‘महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल’, टाइगर श्रॉफ हमले पर बोलीं सुप्रिया सुले

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। एनसीपी सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। राज्य भर में लगातार गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं और स्थिति ऐसी है कि अपराधी अब कानून से नहीं डरते। सौभाग्य से, इस घटना में अभिनेता को कोई चोट नहीं आई, लेकिन कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े, व्यस्त सड़कों पर अपराधी तलवारें लहरा रहे हैं और गोलियां चला रहे हैं। महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। इसके परिणामस्वरूप, नागरिक भयभीत हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मैं गृह मंत्री से अनुरोध करता हूं कि वे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति की तत्काल समीक्षा करें और जनता को आश्वस्त करने के लिए उचित कदम उठाएं। वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर दो लोगों ने फायरिंग किया और फायरिंग के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि अभिनेता की गाड़ी पर एक के बाद एक फायरिंग किया गया और इस तरह से कुल 5 राउंड फायरिंग किया गया। जानकारी के अनुसार, एक 35 वर्षीय पुरुष को आज शाम 7:10 बजे कूपर अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में लाया गया। घायल ने बताया कि उसे शाम करीब 6:30 बजे विले पार्ले वेस्ट में उस दौरान गोली लगी, जब वह टाइगर श्रॉफ वाले फुटबॉल मैच को कवर कर रहा था। जांच में घायल की चेस्ट में गोली लगने का जख्म पाया गया है। फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने में मौजूद हैं और हमलावर की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध 24 नवंबर तक बढ़ाया

नई दिल्ली। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग पर लगे प्रतिबंध को 24 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (पीएए) द्वारा जारी नए नोटिस टू एयरमेन (नोटम) में इसकी जानकारी दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की घोषणा करते हुए प्राधिकरण ने कहा कि हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को एक और महीने के लिए बढ़ाया गया है और यह भारतीय नागरिक तथा सैन्य, दोनों प्रकार के विमानों पर लागू रहेगा। नवीनतम विस्तार के साथ 24 अक्टूबर की पूर्व निर्धारित समयसीमा समाप्त हो गई है। इसका मतलब यह है कि भारत में पंजीकृत विमान, भारतीय एयरलाइंस या विमानन ऑपरेटरों के स्वामित्व, संचालन या लीज पर लिए गए विमान 24 नवंबर तक पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे, जब तक कि उससे पहले कोई नया आदेश जारी नहीं किया जाता। ये प्रतिबंध कराची और लाहौर दोनों फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन (एफआईआर) पर लागू हैं तथा भारतीय सैन्य विमानों सहित सभी श्रेणी के विमानों को कवर करते हैं। इन विमानन प्रतिबंधों की पृष्ठभूमि अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव से जुड़ी है। पाकिस्तान ने 23 अप्रैल 2025 को सबसे पहले भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। इसके जवाब में भारत ने 30 अप्रैल 2025 से पाकिस्तानी एयरलाइंस और विमानों पर समान प्रतिबंध लागू किए थे। तब से दोनों देशों ने कई बार इन प्रतिबंधों की अवधि बढ़ाई है और फिलहाल इनमें किसी तत्काल राहत के संकेत नहीं मिले हैं। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान समर्थित तत्वों को जिम्मेदार ठहराया था, जबकि इस्लामाबाद ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। इसके बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव में तेज वृद्धि देखी गई। पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र को भारतीय विमानों के लिए बंद किए जाने के बाद भारत ने भी पाकिस्तानी एयरलाइंस और विमानों पर जवाबी प्रतिबंध लगाए थे, जो 30 अप्रैल 2025 से लागू हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इससे पहले भी दोनों देशों के संबंधों में तनाव के दौरान पाकिस्तान भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर चुका है। इनमें 1999 का कारगिल संघर्ष और 2019 के पुलवामा हमले के बाद का दौर शामिल है। पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र कराची और लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन में विभाजित है और वर्तमान प्रतिबंध दोनों क्षेत्रों में प्रभावी रहेंगे।