पीएम मोदी ने सीएम धामी को जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी, कहा- आपके अनुभव से राज्य नई ऊंचाइयों को छुएगा

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन से दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामना पत्र भेजा है। 16 सितंबर को सीएम धामी का जन्मदिन है, इस अवसर पर पीएम मोदी ने 14 सितंबर को नई दिल्ली से पत्र लिखकर उन्हें अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा, “आगामी 16 सितंबर को आपके जन्मदिवस के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घ आयु प्रदान करें। राष्ट्र और समाज के हित में आपके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य आपके जीवन को यश एवं गौरव से परिपूर्ण करें। आपके अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।” पीएम मोदी ने पत्र में ‘विकसित भारत’ के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा, “आज देश ‘शक्ति की सतधारा’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की ओर अग्रसर है। ऐसे में प्रदेश के सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नये आयाम देने के प्रयास अहम् हैं। इस दिशा में आपके सक्रिय योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।” प्रधानमंत्री के इस आत्मीय पत्र के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपकी आत्मीय शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार। देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास के लिए आपका निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और विशेष स्नेह हमें सदैव नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। आपके नेतृत्व में उत्तराखण्ड का जन-जन पूरे समर्पण के साथ प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दे रहा है।” उन्होंने ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा, “विकसित भारत के विराट संकल्प की सिद्धि में ‘विकसित उत्तराखण्ड’ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, इसी संकल्प के साथ हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी योगदान देगा।” सीएम धामी ने अंत में फिर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी शुभेच्छाओं और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव के लिए वह हृदय से आभारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा