पलामू में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित शहर थाना क्षेत्र के रेडमा चौक पर एक नवविवाहिता वैष्णवी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मंगलवार देर रात उसके ससुराल के कमरे में फंदे से झूलता मिला। वैष्णवी के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल के लोगों ने उसकी हत्या कर इस आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की रहने वाली वैष्णवी की शादी करीब 10 माह पहले मेदिनीनगर निवासी सूरज गुप्ता के साथ हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना की जानकारी बुधवार को तब सामने आई, जब ससुराल वाले वैष्णवी को गंभीर हालत में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि मौत की पुष्टि के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव को अस्पताल से चुपचाप ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन एमएमसीएच पुलिस चौकी के सतर्क जवानों ने उन्हें मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी गई। बुधवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के औडिमोड थाना क्षेत्र से मेदिनीनगर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के मामा जीतेंद्र ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए वैष्णवी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वैष्णवी ने अपनी मां से फोन पर सामान्य बातचीत की थी और किसी भी प्रकार के तनाव का जिक्र नहीं किया था। लेकिन कुछ घंटे बाद परिजनों को उसकी मौत की सूचना दे दी गई, जिससे घटना पर गहरा संदेह पैदा होता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मायके वालों के बयानों और आरोपों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा