दिल्ली के आया नगर में जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में सोमवार को एक जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि फतेहपुर बेरी इलाके में आया नगर में हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे जिम ट्रेनर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिम ट्रेनर विजय कुमार के तौर पर हुई है। गोलीबारी में विजय गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 10.30 बजे हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, हमले में दो संदिग्ध शामिल थे, जिन्होंने करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं। इलाके में अचानक हुई गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि गोलीबारी की घटना किसी आपसी रंजिश से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। कई राउंड फायरिंग और हत्याकांड के बाद दिल्ली पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत भी जुटाए हैं। इलाके में शांति बहाल के लिए दिल्ली पुलिस ने एसएसबी जवानों को आया नगर गांव में तैनात किया। आया नगर में पहले भी ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। पुलिस का कहना है कि पिछले साल एक डेयरी संचालक की करीब 50 से 60 राउंड गोली मारकर हत्या हुई थी और यह हत्याकांड भी उससे जुड़ा हुआ लग रहा है। हत्या करने का आरोप उसी गैंग वालों पर है, जिन्होंने पिछले साल नवंबर महीने में डेयरी संचालक की हत्या की थी। उस हत्या को अंजाम देने वाले लोग जेल में हैं। हालांकि, आशंकाएं जताई जा रही हैं कि उन्हीं के एसोसिएट ने अब जिम ट्रेनर की हत्या की है। फिलहाल, पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा