जम्मू-कश्मीर: एनसीबी ने हिरासत से फरार हुए ड्रग तस्कर को फिर से किया गिरफ्तार

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दो दिन पहले हिरासत से फरार हुए ड्रग तस्कर को फिर से गिरफ्तार कर लिया है। एनसीबी अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एनसीबी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को फिर से गिरफ्तार किया है, जो 7 सितंबर को जम्मू में हिरासत से भाग गया था। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी जम्मू से भागकर पठानकोट रास्ते से जालंधर की ओर गया था। उसने कथित तौर पर नरवाल फ्रूट मंडी के पास एक जंगली इलाके में शरण ली। इस दौरान, उसने अपना हुलिया बदल लिया था। जम्मू-कश्मीर और पंजाब में तीन दिन तक चले तलाशी और ट्रैकिंग ऑपरेशन के बाद एनसीबी की अलग-अलग इकाइयों ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को जालंधर में ढूंढ निकाला और पकड़ लिया। आरोपी की पहचान आकिब बशीर के तौर पर हुई है। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े जाने के समय आरोपी दिल्ली या किसी अन्य राज्य की ओर जाने की तैयारी कर रहा था। उसकी शुरुआती गिरफ्तारी एनसीबी की ओर से जम्मू डिवीजन में चलाए गए एक महीने लंबे ऑपरेशन का हिस्सा थी, जिसमें नशीले पदार्थों के तस्करों की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले दो अलग-अलग रास्तों का खुलासा हुआ था। इन रास्तों से पाकिस्तान से उरी सेक्टर और अप्रत्यक्ष रूप से पंजाब के रास्ते केंद्र शासित प्रदेश में हेरोइन पहुंचाई जाती थी। अधिकारियों ने बताया कि एनसीबी ने उसे पहले 3 सितंबर को सांबा जिले में एक यात्री बस से 522 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी के भागने की परिस्थितियों का पता लगाने और उन लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है, जिन्होंने कथित तौर पर उसे शरण दी और उसके भागने में मदद की। खुफिया एजेंसियों का मानना ​​है कि पाकिस्तान से देश में तस्करी कर लाए गए नशीले पदार्थों का एक बड़ा हिस्सा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बनाए रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा