गणेश चतुर्थी पर मुंबई के पंडालों को मिस कर रहीं उर्मिला मातोंडकर, बोलीं-‘इस बार बस लोगों की सलामती की प्रार्थना’

मुंबई। अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के लिए गणेश चतुर्थी का त्योहार हमेशा से बेहद खास रहा है। मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में जाना, बप्पा के दर्शन करना और त्योहार के उस खास माहौल को करीब से महसूस करना उनकी यादों का हिस्सा रहा है। हालांकि इस बार उर्मिला मुंबई में रहते हुए इस उत्सव का हिस्सा नहीं बन पा रही हैं। अपने कमिटमेंट्स की वजह से वह इस साल मुंबई के अलग-अलग गणेश पंडालों में जाकर बप्पा के दर्शन नहीं कर पाएंगी। ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए बप्पा को याद किया और बताया कि इस बार उनकी कोई बड़ी इच्छा नहीं है, बस वह लोगों की सलामती और खुशियां चाहती हैं। उर्मिला ने अपने इंस्टाग्राम पर गणेश चतुर्थी के मौके की एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में वह गणेश उत्सव में शामिल नजर आ रही है। तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”गणपति बप्पा मोरिया। इस साल मेरे पास मांगने के लिए कोई लंबी लिस्ट नहीं है। मैं सिर्फ इतना चाहती हूं कि बप्पा सभी लोगों को सुरक्षित रखें और उन्हें मुस्कुराने की वजह दें।” उर्मिला ने अपने कैप्शन में आगे लिखा, ”उन लोगों को ताकत देना, जो अपनी जिंदगी में मुश्किलों से गुजर रहे हैं। इस बार ट्रैवल की वजह से मैं मुंबई के गणेश पंडालों में नहीं जा पाऊंगी। मैं बप्पा के दर्शन मिस करूंगी। मुंबई के लोगों और फैंस को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं।” उर्मिला मातोंडकर के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही फिल्मों में कदम रख दिया था। बतौर बाल कलाकार वह ‘मासूम’ जैसी चर्चित फिल्म में नजर आईं। हालांकि बतौर एक्ट्रेस उनकी सबसे बड़ी पहचान साल 1995 में आई फिल्म ‘रंगीला’ से बनी। राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘रंगीला’ में उर्मिला ने आमिर खान और जैकी श्रॉफ के साथ काम किया था। फिल्म में उनका ग्लैमरस अंदाज और दमदार परफॉर्मेंस दर्शकों को खूब पसंद आया। इसके बाद वह तेजी से बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। ‘जुदाई’, ‘दौड़’, ‘चमत्कार’, ‘सत्या’, ‘कौन’, ‘प्यार तूने क्या किया’, ‘जंगल’, ‘भूत’, ‘पिंजर’, ‘एक हसीना थी’ और ‘मैंने गांधी को नहीं मारा’ जैसी फिल्मों में काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा