जुलाई में सेवा क्षेत्र के 19 में से 10 उप-क्षेत्रों ने दर्ज की दो अंकों की वृद्धि, अर्थव्यवस्था में दिखी व्यापक मजबूती

नई दिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था के सेवा क्षेत्र ने जुलाई 2026 में व्यापक मजबूती दिखाई। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी इंडेक्स ऑफ सर्विसेज प्रोडक्शन (आईएसपी) के अनुसार, सेवा क्षेत्र के 19 उप-क्षेत्रों में से 10 ने दो अंकों की वृद्धि दर दर्ज की। यह संकेत देता है कि देश में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई क्षेत्रों में एक साथ वृद्धि देखने को मिल रही है। जुलाई में प्रशासनिक एवं सहायक सेवाएं सबसे तेज गति से बढ़ने वाला क्षेत्र रहीं। इस श्रेणी में 20.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि जून में इसकी वृद्धि दर 14.4 प्रतिशत थी। जून में शीर्ष पर रहने वाला रियल एस्टेट क्षेत्र जुलाई में भी मजबूत बना रहा, हालांकि इसकी वृद्धि दर 24.7 प्रतिशत से घटकर 14.4 प्रतिशत रह गई। इसके अलावा खुदरा व्यापार में 18.5 प्रतिशत, आवास एवं खाद्य सेवाओं में 12.6 प्रतिशत और बैंकिंग क्षेत्र में 12.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई के दौरान तीन और क्षेत्र दो अंकों की वृद्धि वाले क्लब में शामिल हुए। सूचना एवं प्रसारण क्षेत्र की वृद्धि दर जून के 4.6 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत हो गई। दूरसंचार क्षेत्र की वृद्धि दर 9.5 प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत पहुंच गई। वहीं आईटी एवं कंप्यूटर संबंधी सेवाओं में 10.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पेशेवर, वैज्ञानिक एवं तकनीकी सेवाओं, जिनमें अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) भी शामिल है, ने 10.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो जून के 9.1 प्रतिशत से अधिक है। लॉजिस्टिक्स और परिवहन से जुड़े क्षेत्रों में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। वेयरहाउसिंग और परिवहन सहायता सेवाओं की वृद्धि दर 9.8 प्रतिशत रही। रेल, जल और डाक परिवहन गतिविधियों में भी तेजी दर्ज की गई। रेल परिवहन की वृद्धि दर दोगुने से अधिक बढ़कर 7.5 प्रतिशत हो गई। डाक और कूरियर सेवाओं में 8.7 प्रतिशत और जल परिवहन में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, हवाई परिवहन क्षेत्र लगातार चौथे महीने दबाव में रहा। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और भारतीय एयरलाइंस के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद रहने का असर अंतरराष्ट्रीय परिचालन पर पड़ा। जुलाई में इस क्षेत्र में 8.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि जून में गिरावट 6 प्रतिशत थी। सूचकांक के आधार पर देखें तो आवास एवं खाद्य सेवाएं 144 के इंडेक्स के साथ शीर्ष पर रहीं। इसके बाद खुदरा व्यापार का सूचकांक 140 और प्रशासनिक एवं सहायक सेवाओं का सूचकांक 134.5 रहा। वहीं सड़क परिवहन का सूचकांक 132.1 दर्ज किया गया, जो देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के तेजी से विस्तार का संकेत देता है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण माल और यात्री परिवहन गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।

सनातन के बगैर भारत की कल्पना नहीं: सीएम योगी

गोरखपुर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म भारत का मूल धर्म है। अयोध्या की मर्यादा, काशी की चेतना, मथुरा-वृंदावन की भक्ति और प्रयागराज की समरसता को जिन्होंने नहीं समझा, वे उत्तर प्रदेश और भारत को भी नहीं समझ पाएंगे। भारतीयों की कमी यह रही कि हमने स्वयं को विस्मृत कर दिया, जबकि दुनिया जब अंधकार में जी रही थी, तब भारत के पास सुसभ्य, सुसंस्कृत और समृद्ध परंपरा मौजूद थी। सीएम योगी मंगलवार को श्री गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान-यज्ञ के सप्तम दिवस श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में भीषण आपदा से जनजीवन प्रभावित होने के बावजूद यहां कथा अनवरत चलती रही। श्रद्धालुओं का आगमन भी नहीं रुका। आपदा भी उनके मार्ग में बाधक नहीं बन पाई, यही भारत की पहचान है। मुख्यमंत्री योगी ने व्यासपीठ से कथा सुना रहे मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र देवाचार्य का आभार जताया। कहा कि सात दिनों तक उन्होंने कथा के साथ समसामयिक और ज्वलंत विषयों पर होने वाली गोष्ठियों में भी मार्गदर्शन दिया। उनके संदेश व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सनातन की पहचान गौ माता में है। भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गौ माता और अंतिम ग्रास श्वान के लिए निकालने की व्यवस्था थी। इसका पालन होता तो गौवंश सड़कों पर नहीं घूमता और निराश्रित कुत्ते राहगीरों को अपना शिकार नहीं बनाते। उन्होंने भारतीय नस्ल के गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से अधिक गोवंश का पालन कर रही है। किसान अपने घर में निराश्रित गोवंश रखता है तो प्रति गोवंश 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। चार गोवंश रखने पर यह राशि छह हजार रुपये प्रतिमाह होगी। कुपोषित बच्चे वाले परिवार को गोआश्रय स्थल से ब्याही गाय देने के साथ उसके पालन के लिए भी प्रतिमाह 1,500 रुपये देने की व्यवस्था है। सीएम योगी ने कहा कि घर में स्थान नहीं होने पर लोग गोशाला में गाय गोद लेकर उसके संरक्षण में सहयोग कर सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने रासायनिक खाद, केमिकल और पेस्टिसाइड के अत्यधिक प्रयोग को खाद्यान्न के प्रदूषित होने से जोड़ते हुए गौ आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से एक वर्ष में गरीबों के उपचार के लिए 1,400 करोड़ रुपए देने पड़े हैं। यह आयुष्मान कार्ड पर खर्च होने वाली राशि से अलग है। उन्होंने भारतीय गोवंश के गोबर और गोमूत्र से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाया है, लेकिन दूध लेने के बाद गायों को सड़कों पर छोड़ने वालों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सरकार के प्रयासों के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ की पावन स्मृति में गोरखनाथ पीठ पर कथा का आयोजन होता है। उन्होंने यजमानों, श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई दी। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी ने पूजन एवं आरती की।

कठुआ में सीआईएसएफ जवान ने साथियों पर चलाई गोलियां, चार की मौत; कहासुनी के बाद हुई घटना

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर कहासुनी के बाद अपने साथियों पर गोलियां चला दीं। इस घटना में चार सीआईएसएफ जवानों की मौत हो गई। कठुआ पुलिस ने आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना कठुआ के बसोहली स्थित सेवा-2 जलविद्युत परियोजना इकाई में शाम करीब सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि किसी मुद्दे को लेकर सीआईएसएफ जवानों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान 2009 बैच के एक हेड कांस्टेबल ने अपने साथियों पर गोलीबारी कर दी। गोलीबारी में चार सीआईएसएफ जवानों की जान चली गई। घटना के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल को पुलिस के हवाले कर दिया गया। कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा ने घटना में चार जवानों की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद सीआईएसएफ ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ कर रही है और गोलीबारी के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवानों के बीच हुई कहासुनी के बाद यह घटना हुई, हालांकि विवाद की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जम्मू-कश्मीर में इससे पहले भी सुरक्षा और पुलिसकर्मियों से जुड़ी कुछ घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 23 सितंबर को अधिकारियों ने बताया था कि रामबन जिले में जिला पुलिस लाइंस में तैनात दो पुलिसकर्मी एक कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल (एसजीसीटी) मोहम्मद याकूब मंगलवार देर शाम बटोटे के सना इलाके में जियारत मोड़ के पास खड़ी एक कार में बेहोशी की हालत में मिले थे। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल, रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उस समय दोनों की मौत के कारण और परिस्थितियों को स्पष्ट नहीं बताया था। मामले की जांच शुरू कर दी गई थी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों पुलिसकर्मियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसी दौरान कठुआ जिले में भाजपा नेता और विधायक विजय कुमार के 17 वर्षीय बेटे के लापता होने का मामला भी सामने आया था। पुलिस ने किशोर की तलाश के लिए अभियान शुरू किया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 11वीं कक्षा का छात्र आदित्य कुमार मंगलवार शाम करीब 4.15 बजे अपने गृह क्षेत्र हीरानगर से जम्मू जाने वाली बस में सवार हुआ था।

वनडे सीरीज के बीच वेस्टइंडीज को झटका, काफ इंजरी के चलते ग्रीव्स दूसरे मैच से बाहर

गुवाहाटी। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के बीच वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स दूसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने मंगलवार को बताया कि तिरुवनंतपुरम में सीरीज के पहले मैच में शतक लगाने के दौरान ग्रीव्स को काफ इंजरी (पिंडली में चोट) हो गई थी। जस्टिन ग्रीव्स ने भारत के विरुद्ध वनडे सीरीज के पहले मैच में 101 रन की पारी खेली थी, लेकिन टीम 296 रनों के लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी और भारत ने 8 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा, “जस्टिन ग्रीव्स काफ इंजरी के कारण भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच से बाहर हो गए हैं। ग्रीव्स को सीरीज के पहले मैच में बल्लेबाजी के दौरान यह चोट लगी थी।” ग्रीव्स की चोट मेहमान टीम के लिए एक बड़ा झटका इसलिए है, क्योंकि ग्रीव्स ने पहले वनडे मैच में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभारते हुए जॉन कैंपबेल के साथ 19 ओवरों में 135 रन जुटाए थे। इस जोड़ी को तोड़ने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मुकाबले में वापसी की थी। ग्रीव्स के अलावा, जॉन कैंपबेल ने 62 रन, जबकि आमिर जंगू ने नाबाद 58 रन बनाकर वेस्टइंडीज को 295/7 के स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी के दौरान कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट चटकाए। इसके जवाब में भारत ने 41.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। रोहित 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गिल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 151 रन जोड़कर टीम को 225 के स्कोर तक पहुंचा दिया। गिल 14 बाउंड्री के साथ 110 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से कोहली ने ऋतुराज गायकवाड़ (13) के साथ 75 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को आसान जीत दिलाई।

एसआरआईए कानून के संभावित प्रभावों को लेकर भारत ने अमेरिका के समक्ष रखा पक्ष

नई दिल्ली। भारत ने रूस और ईरान पर प्रस्तावित प्रतिबंधों से जुड़े सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट (एसआरआईए) को लेकर अपनी चिंताओं से अमेरिका के एक संसदीय (कांग्रेस) प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को कहा कि भारत ने इस कानून के भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर अपनी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में द्वि-साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “रविवार को विदेश सचिव की कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई थी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस सदस्य ब्रायन मास्ट कर रहे हैं। बैठक में द्विपक्षीय प्रकृति के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। विदेश सचिव ने एसआरआईए कानून के बारे में हमारी चिंताओं से अवगत कराया, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर इसके प्रभाव भी शामिल हैं।” विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने रविवार को हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष प्रतिनिधि ब्रायन मास्ट के नेतृत्व वाले द्विदलीय अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की, जिसमें हाल ही में लागू रूस और ईरान प्रतिबंध कानून (एसआरआईए) और संबंधों के भविष्य की दिशा सहित द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय ने कहा था, “चर्चा में भारत-अमेरिका संबंधों के सभी पहलुओं को शामिल किया गया, जिसमें हाल ही में लागू एसआरआईए कानून और संबंधों की भविष्य की दिशा शामिल है। उन्होंने आपसी चिंता के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, ऊर्जा सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी और नेविगेशन की स्वतंत्रता पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।” इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी राजनीतिक मामलों की अंडर सेक्रेटरी एलिसन हूकर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा सुरक्षा, नागरिक परमाणु सहयोग, ट्रस्ट पहल और हिंद महासागर से जुड़े सहयोग पर चर्चा की। बैठक में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मिस्री ने न्यूयॉर्क में अमेरिका के आर्थिक मामलों के अवर सचिव जैकब हेलबर्ग से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों पक्ष भारत और अमेरिका के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, “विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने न्यूयॉर्क में अमेरिका के आर्थिक मामलों के अंडर सेक्रेटरी जैकब हेलबर्ग से मुलाकात की। दोनों पक्ष पैक्स सिलिका पहल सहित महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में भारत-अमेरिका सहयोग को और आगे बढ़ाने और सेमीकंडक्टर और महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग के माध्यम से आपूर्ति शृंखला में मजबूती लाने पर सहमत हुए।

असम के खेतों से चिप्स के पैकेट तक : सीएम हिमंता सरमा ने बताया 778 करोड़ के निवेश का महत्व

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को राज्य में बढ़ते निवेश और रोजगार के अवसरों को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने 778 करोड़ रुपये के निवेश का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे असम में खेती से लेकर बड़े ब्रांड के प्रोडक्ट तक की वैल्यू चेन बन रही है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि असम में निवेश बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के ज्यादा मौके बन रहे हैं और यहां के प्रोडक्ट अब राज्य की सीमा से बाहर भी बाजार में पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री सरमा ने पोस्ट में कहा, “अवसर के साथ विकास, 778 करोड़ रुपये का निवेश, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर।” कृषि और उद्योग के बीच संबंध का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के खेतों में उगने वाले आलू से लेकर उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले चिप्स के पैकेट तक का सफर उसी तरह के आर्थिक अवसर का प्रतीक है, जिसे राज्य पैदा करना चाहता है। सीएम सरमा ने कहा, “हमारे खेतों में उगने वाले आलू से लेकर आपकी अलमारी पर रखे ‘लेज’ के पैकेट तक, यही अवसर है। असम में बना प्रोडक्ट, अब असम से बाहर तक पहुंच रहा है।” सीएम सरमा द्वारा बताया गया 778 करोड़ रुपये का निवेश असम के प्राइवेट निवेश को आकर्षित करने और पारंपरिक क्षेत्रों के बाहर रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयासों के लिहाज से भी काफी अहम है। सरकार असम को एक उभरते हुए निवेश स्थल के रूप में प्रमोट कर रही है, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य उद्योगों पर फोकस है। मुख्यमंत्री की टिप्पणी ने असम के किसानों को संगठित फूड-प्रोसेसिंग और कंज्यूमर प्रोडक्ट की सप्लाई चेन से जोड़ने की क्षमता की ओर भी इशारा किया। इस तरह के जुड़ाव से राज्य के भीतर ही वैल्यू एडिशन के अतिरिक्त रास्ते बन सकते हैं, साथ ही स्थानीय कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंच मिल सकती है।

कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच शेयर बाजार की धीमी शुरुआत

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को सुस्त शुरुआत के साथ खुले। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच बेंचमार्क इंडेक्स में लगभग 0.2 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 138.04 अंक या 0.19 प्रतिशत गिरकर 72,633.68 पर खुला। इसी तरह, निफ्टी 47.80 अंक या 0.21 प्रतिशत गिरकर 22,732.45 पर खुला। सेक्टर के हिसाब से देखें तो मंगलवार सुबह के कारोबार में निफ्टी ऑटो, निफ्टी मीडिया, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी सीमेंट में 0.64 प्रतिशत तक की गिरावट आई। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और केमिकल इंडेक्स भी नीचे कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, फार्मास्यूटिकल्स और हेल्थकेयर शेयरों में बढ़त देखी गई, जिसमें निफ्टी फार्मा और निफ्टी 500 हेल्थकेयर में लगभग 1 प्रतिशत तक की तेजी आई। जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के कारण ग्लोबल मैक्रो माहौल इक्विटी के लिए प्रतिकूल बना हुआ है, जिससे चिंताएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “ब्रेंट क्रूड के 106 डॉलर से ऊपर रहने और अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड के 5.23 प्रतिशत पर होने के कारण ग्लोबल मैक्रो स्थिति इक्विटी बाजारों के लिए प्रतिकूल बनी हुई है।” हालांकि, विशेषज्ञों ने कहा कि लार्ज-कैप ग्रोथ शेयरों के आकर्षक वैल्यूएशन से लॉन्ग-टर्म निवेशकों को खरीदारी के मौके मिल सकते हैं। उनके अनुसार, 23,000 के स्तर से नीचे आने के बाद शॉर्ट-टर्म स्थिति मंदी वाली (बेयरिश) बनी हुई है और डेरिवेटिव्स की स्थिति भी अधिक सावधानी का संकेत दे रही है। निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 22,650-22,700 के स्तर पर देखा गया, जबकि रेजिस्टेंस 22,950-23,000 के स्तर पर था। इसके अलावा, एक्सचेंज के शुरुआती आंकड़ों से पता चला है कि विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) लगातार तीसरे सत्र में नेट सेलर बने रहे और सोमवार को 5,353 करोड़ रुपए से अधिक के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने समर्थन जारी रखा और नेट बायर बने रहे, साथ ही 5,189 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इसके अलावा, इंटरनेशनल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 106.87 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था जबकि यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी 1 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 93.99 डॉलर पर था। एशियाई शेयर बाजार भी दबाव में थे; शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई, हांगकांग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का केओएसपीआई 1 प्रतिशत तक गिरे। सोमवार रात यूएस शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए, जिसमें एसएंडपी 500 में 0.77 प्रतिशत और नैस्डैक में 0.92 प्रतिशत की गिरावट आई।

दिल्ली के पहाड़गंज में मुठभेड़ के बाद विकास कालिया गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में मुठभेड़ के बाद विकास कालिया गैंग से जुड़े दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ को सोमवार देर रात आरोपियों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। ऑपरेशन के दौरान, आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई और अधिकारियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि दोनों को गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी सितंबर के बीच में सदर बाजार में नबी करीम शोभा यात्रा के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में वांछित थे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि दोनों आरोपी विकास कालिया गैंग से जुड़े हैं। विकास कालिया को नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के सदर बाजार पुलिस स्टेशन में ‘बैड कैरेक्टर’ के तौर पर दर्ज किया गया है। इससे पहले इस महीने दिल्ली पुलिस ने 22 सितंबर को हुई गोलीबारी के बाद आसिफ नाम के एक मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी कालकाजी में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप के मामले में की गई थी। कालकाजी मंदिर घूमने गई एक 17 साल की लड़की और उसके पुरुष दोस्त को उसके जन्मदिन पर निशाना बनाया गया। आसिफ, हेमंत और मुकेश नाम के तीन लोगों ने पुलिस अधिकारी बनकर दोनों को डराया-धमकाया और लड़की को डीडीए के देखरेख वाले आस्था कुंज पार्क के एक सुनसान इलाके में खींच ले गए, जहां बंदूक और चाकू की नोक पर उसके साथ गैंग-रेप किया। लेडी श्रीराम कॉलेज के पास अमर कॉलोनी में डीएम ऑफिस रोड के पास एक ऑपरेशन के दौरान मुख्य संदिग्ध आसिफ ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जो एक हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसके साथ आरोपी हेमंत और मुकेश को भी पकड़ लिया गया।

रवि किशन की अगली फिल्म में दिखेगा आस्था का अनोखा रंग, इमोशन और कॉमेडी से भरपूर होगी कहानी

मुंबई। एक्टर और नेता रवि किशन ने भोजपुरी सिनेमा से लेकर हिंदी फिल्मों और वेब शोज तक, अपने काम से एक अलग पहचान बनाई है। अब रवि किशन एक ऐसी फिल्म में लीड रोल निभाने जा रहे हैं, जिसकी कहानी आस्था और इंसान के रिश्ते को एक अलग नजरिए से दिखाएगी। फिल्म में उनका किरदार भगवान को सिर्फ भक्त नहीं, बल्कि उन्हें अपना सबसे करीबी दोस्त मानता है। इस अनोखे रिश्ते के साथ कहानी में इमोशन, ह्यूमर और ड्रामा भी देखने को मिलेगा। महावीर जैन फिल्म्स की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली इस अनटाइटल्ड फिल्म में रवि किशन लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी पूरी तरह उनके किरदार के इर्द-गिर्द घूमेगी। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट में रवि किशन का एक ऐसा अंदाज देखने को मिलेगा, जो उनके अब तक के कई किरदारों से काफी अलग होगा। मेकर्स फिल्म को भक्ति ड्रामा की तरह बनाने के बजाय इसे मनोरंजक तरीके से दर्शकों के सामने लाने की तैयारी में हैं। फिल्म में आस्था, इमोशन और कॉमेडी से भरपूर कहानी होगी। फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स पर आधारित है, जो भगवान को अपना सबसे करीबी दोस्त मानता है और उनके साथ लगभग निजी रिश्ता महसूस करता है। कहानी इसी भावनात्मक जुड़ाव को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगी। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश होगी कि किसी इंसान की आस्था सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसका भगवान के साथ रिश्ता दोस्ती और भरोसे का भी हो सकता है। इस कहानी को अमित आर्यन ने लिखा है और वही फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं। फिल्म को महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है। रवि किशन के लिए महावीर जैन के साथ यह दूसरा प्रोजेक्ट होगा। इससे पहले दोनों कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म ‘नागजिला’ के लिए साथ आए थे। वहीं फिल्म को मृगदीप सिंह लांबा, विनायक कुमार, कविन शाह और शिखा के. अहलूवालिया प्रोड्यूस करेंगे। रैटपैक स्टोरीज के विजय सुब्रमण्यम और क्षितिज मेहता भी फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े हैं।

भाजपा मुख्यालय में राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी की बैठक शुरू, यूपी-पंजाब चुनाव और ‘सेवा संकल्प अभियान’ एजेंडे में शामिल

नई दिल्ली। नई दिल्ली में स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में नवनियुक्त भाजपा के राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की एक अहम बैठक हो रही है। इस बैठक में लगभग 65 राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में संगठन के विस्तार, आने वाली चुनौतियों और देश में चल रहे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी, ​​बिप्लब देब, हरीश द्विवेदी, संजय भाटिया, सतीश पुनिया और गजेंद्र पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति भी तय की जा सकती है। दोनों राज्यों में संगठनात्मक तैयारियों के साथ-साथ पार्टी के चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा किए जाने की संभावना है। भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर भी चर्चा कर सकती है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। बैठक के दौरान इस अभियान की चल रही गतिविधियों और संगठन के आगे के कार्यक्रमों की समीक्षा की जा सकती है। राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों से उनके संबंधित राज्यों में संगठन की स्थिति के बारे में जानकारी मिलने और जमीनी स्तर पर पार्टी नेटवर्क को मजबूत करने की योजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और पार्टी के सामने आने वाली चुनौतियों के साथ-साथ देश भर में चर्चा का विषय बने विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। बता दें कि 23 सितंबर को भाजपा ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त करने की घोषणा की थी। इसके तहत राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभार सौंपा गया, जबकि पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई। पार्टी ने वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को अपने संचार विभाग का समन्वयक भी बनाया, जो राष्ट्रीय मीडिया सेल और सोशल मीडिया यूनिट की देखरेख करता है। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के सह-संयोजक के तौर पर हाल ही में नियुक्त आशीष उषा अग्रवाल को अब संयोजक बना दिया गया है, यह पद पहले बलूनी के पास था। इन नियुक्तियों की घोषणा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने की थी। वरिष्ठ भाजपा नेता विनय सहस्रबुद्धे को दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश राष्ट्रीय राजधानी के लिए सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे।