साहित्य अकादेमी ने प्रख्यात ओड़िया लेखिका प्रतिभा राय को फेलोशिप प्रदान की

भुवनेश्वर।साहित्य अकादेमी ने प्रख्यात ओड़िया लेखिका एवं विदुषी डॉ. प्रतिभा राय को आज भुवनेश्वर के संस्कृति भवन सभागार में आयोजित एक विशेष समारोह में साहित्य अकादेमी फेलोशिप से सम्मानित किया।समारोह का शुभारंभ डॉ. अद्याशा दास द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण गीत से हुआ। साहित्य अकादेमी के सचिव डॉ. वरुण गुलाटी ने स्वागत वक्तव्य दिया और डॉ. प्रतिभा राय को प्रदान की जाने वाली फेलोशिप का प्रशस्ति-पत्र पढ़कर सुनाया।साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष डॉ. माधव कौशिक ने डॉ. प्रतिभा राय को फेलोशिप की पट्टिका प्रदान की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने डॉ. राय को “भारतीय साहित्य की जीवंत किंवदंती” बताते हुए उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की।इस अवसर पर एक विशेष ‘संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके पश्चात फेलोशिप प्रदान करने का औपचारिक समारोह हुआ, जिसकी अध्यक्षता डॉ. गौरहरि दास ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रतिभा राय ओडिशा की पहली महिला लेखिका हैं, जिन्हें साहित्य अकादेमी की फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।समारोह में प्रख्यात लेखक देबप्रसाद दास, प्रोफेसर संघमित्रा मिश्रा तथा प्रोफेसर प्रफुल्ल कुमार महंती ने डॉ. प्रतिभा राय के जीवन, व्यक्तित्व और साहित्यिक कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा भारतीय साहित्य में उनके महत्त्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।इस अवसर पर डॉ. प्रतिभा राय ने साहित्य अकादेमी की फेलोशिप प्राप्त करने पर अपना स्वीकृति वक्तव्य दिया।कार्यक्रम के अंत में साहित्य अकादेमी के उप सचिव डॉ. एन. सुरेश बाबु ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक, विद्वान और साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा