डीआरआई की बड़ी कार्रवाई: 15 दिनों में 740 किलो मादक पदार्थ जब्त, 13 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पिछले पखवाड़े के दौरान देशभर में चलाए गए आठ बड़े अभियानों में करीब 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त की है। वित्त मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी बयान के अनुसार, इन कार्रवाइयों के दौरान 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जब्त मादक पदार्थों में 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हाइड्रोपोनिक कैनबिस और 5 किलोग्राम चरस शामिल है। डीआरआई को प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर अधिकारियों ने विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रायपुर के निकट ओल्ड धमतरी रोड पर रोका। तलाशी के दौरान ट्रकों के लोडिंग क्षेत्र में रखी गई 10 बोरियों के भीतर छिपाए गए 61 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें 375.95 किलोग्राम गांजा पाया गया। अधिकारियों ने गांजा और दोनों ट्रकों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया तथा इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 5 और 6 सितंबर को विशेष सूचना के आधार पर डीआरआई ने पटना के निकट औरंगाबाद-पटना राजमार्ग पर एक ट्रक को रोका। मंत्रालय के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। तलाशी में ट्रक से 90 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 140.5 किलोग्राम गांजा मिला। गांजा और वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि इससे पहले 26 अगस्त 2026 को डीआरआई अधिकारियों ने रायपुर के पास एक ट्रक से छिपाकर ले जाया जा रहा लगभग 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, 3 सितंबर 2026 को डीआरआई ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों को रोका। व्यक्तिगत तलाशी के दौरान करीब 5 किलोग्राम चरस (हशीश) बरामद हुई। जांच में पता चला कि दो यात्रियों ने चरस को घुटने के सपोर्ट जैसी बनावट में अपनी जांघों के आसपास छिपाया हुआ था और उसे साड़ियों के भीतर रखा गया था। प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि यह चरस नेपाल से तस्करी कर भारत लाई गई थी। बरामद चरस को एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बयान में आगे कहा गया कि पिछले 15 दिनों के दौरान डीआरआई ने हनोई (वियतनाम) और बैंकॉक (थाईलैंड) से आने वाले तीन यात्रियों को हैदराबाद और बेंगलुरु हवाईअड्डों पर पकड़ा। इन यात्रियों के पास से कुल मिलाकर लगभग 24.6 किलोग्राम उच्च क्षमता वाली कैनबिस बरामद की गई। अधिकारियों ने मादक पदार्थ जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, हालिया कार्रवाई देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। डीआरआई ने कहा कि अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क पर नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिक्षा