‘लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है’, पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव पर मंत्री दिलीप घोष

मिदनापुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, कृषि विपणन और पशु संसाधन विकास मंत्री दिलीप घोष ने दुर्गा पूजा, सीजेपी के तिरंगा मार्च, महुआ मोइत्रा कोर्ट केस, इमरान खान के एग्जिट नोटिस समेत कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुर्गा पूजा को लेकर दिलीप घोष ने कहा, “काफी अच्छा वातावरण है और मौसम भी शानदार है। बंगाल में महाषष्ठी से नवदशमी तक मां की मुख्य रूप से पूजा शुरू होती है। इस बार तो पहले से ही पूजा का उद्घाटन किया जा चुका है और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आज से पंडालों में मां की पूजा की जाएगी। इस बार ऐतिहासिक पूजा होगी। सरकार की ओर से महालया के दिन से ही पूजा का उद्घाटन किया गया था। इसका भी असर है और लोग अपार उत्साहित हैं।” सीजेपी के ‘तिरंगा मार्च’ को लेकर दिलीप घोष ने कहा, “भारत एक धार्मिक देश है, परंपरा के अनुसार पूरे देश में नवरात्रि और दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। इस समय भी इनको शांति नहीं है। राजनीतिक आंदोलन करके लोगों की खुशी में बाधा डाल रहे हैं और देश में तनाव फैला रहे हैं। जनता इसका हिसाब करेगी।” महुआ मोइत्रा के मामले पर दिलीप घोष ने कहा, “विरोधी लोगों में बौखलाहट बढ़ गई है। इनके पास कोई हिसाब-किताब नहीं है। कोई सुप्रीम कोर्ट चला जाता है, किसी की ओर से कुछ लिख दिया जाता है।” अभिनेता इमरान खान के एग्जिट नोटिस पर दिलीप घोष ने कहा, “देश में रहकर परंपरा और संस्कृति का विरोध करने पर आज का भारत समर्थन नहीं करेगा।” आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर दिलीप घोष ने कहा, “देश में लोगों को आरक्षण की सुविधा दी गई है, लेकिन किसी को डबल सुविधा नहीं मिलनी चाहिए। देश में इसका विरोध है। इस पर कानून भी बनना चाहिए।” डेंगू को लेकर दिलीप घोष ने कहा, “बारिश के बाद यहां डेंगू के मामले बढ़ते हैं। इसको लेकर सरकार सचेत है। षष्ठी के दिन हम लोग यहां बैठे हैं, जहां डेंगू को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों की ओर से छिड़काव किया जा रहा है। सरकार सचेत है, लोगों को भी इसके प्रति सचेत रहना चाहिए।

सऊदी अरब में सुरक्षा चिंताओं के बीच भारतीय एयरलाइंस ने कई उड़ानें कीं रद्द, 20 अक्टूबर तक प्रभावित रहेंगी सेवाएं

नई दिल्ली। सऊदी अरब में विकसित हो रही सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर भारतीय विमानन कंपनियों – एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस – ने शुक्रवार को कई सऊदी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं 20 अक्टूबर तक निलंबित करने की घोषणा की। एयरलाइंस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी यात्रा परामर्श के अनुसार, रियाद, जेद्दा और दम्माम सहित सऊदी अरब के प्रमुख शहरों के लिए उड़ान सेवाएं अलग-अलग अवधि तक निलंबित रहेंगी। कुछ एयरलाइंस ने मदीना के लिए भी उड़ानें रद्द की हैं। एयर इंडिया ने कहा, “सऊदी अरब में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी।” एयरलाइन ने यह भी कहा कि इन रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा। एयर इंडिया ने एक्स पर लिखा, “हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी कहा कि उसने दम्माम, जेद्दा और रियाद के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों के निलंबन को 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा, “हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर अपने परिचालन की समीक्षा कर उसमें बदलाव करेंगे। हमारी टीमें प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही हैं।” एयरलाइन ने रद्द उड़ानों के यात्रियों को मुफ्त री-शेड्यूलिंग या पूर्ण रिफंड का विकल्प भी दिया है। गुरुवार को इंडिगो ने भी स्थिति का आकलन करने के बाद रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों को 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। इसके अलावा, अकासा एयर ने भी रियाद के लिए और वहां से संचालित उड़ानों के निलंबन को 24 अक्टूबर तक तथा जेद्दा के लिए उड़ानों के निलंबन को 21 अक्टूबर तक बढ़ाने की जानकारी दी। एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को पूर्ण रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा पुनर्निर्धारण का विकल्प दिया जाएगा। सभी एयरलाइंस ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेवाओं को बहाल करने का निर्णय स्थिति की लगातार समीक्षा के बाद लिया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने और यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि उनका संपर्क विवरण एयरलाइन के साथ अपडेट हो।

देशभर में शारदीय नवरात्रि की धूम, राजगढ़ में हाथों से बनी 15 फीट की विशाल कालिका प्रतिमा आकर्षण का केंद्र

राजगढ़। पूरे देश में शारदीय नवरात्रि का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। पहले दिन से ही देश के प्रमुख देवी मंदिरों और पंडालों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। नवरात्रि के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में महाकाल सेवा समिति, ब्यावरा द्वारा मां कालिका की 15 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यह प्रतिमा पूरी तरह से हाथों से और मिट्टी से बनाई गई है। इस प्रतिमा को बनाने वाले मूर्तिकार राकेश सिंह पंवार उर्फ गब्बू ने बताया कि ब्यावरा में माता की झांकी सजाने की परंपरा उनके परिवार से जुड़ी है। इसकी शुरुआत साल 1972 में उनके पिता दिवंगत राजेंद्र सिंह पंवार ने की थी। उस समय वे अपने हाथों से नवरात्रि में माता के नौ रूपों की नौ अलग-अलग झांकियां बनाते थे। पिता के निधन के बाद पिछले करीब 25-30 सालों से राकेश इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 फीट की इस विशाल प्रतिमा को बनाने में दो से ढाई महीने का समय लगता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले नदी की मिट्टी लाई जाती है, फिर घास इकट्ठा कर ढांचा तैयार किया जाता है। मूर्ति पूरी तरह से मिट्टी की बनी है, इसमें सीमेंट का उपयोग नहीं किया जाता। रंगाई के लिए वाटर कलर का इस्तेमाल होता है, जिसे उनका छोटा भाई करता है। श्रृंगार का सामान वे विशेष रूप से भोपाल से लेकर आते हैं। वहीं, देवास में नवरात्रि के छठे दिन माता टेकरी स्थित मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी है। हजारों भक्त सुबह की आरती में शामिल हुए। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर घुटनों के बल चलकर मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी सुरेश नाथ ने बताया, “आज शारदीय नवरात्रि का छठा दिन है, यहां देवी कात्यायनी विराजमान हैं। आज तक 10 लाख से अधिक भक्तों ने आशीर्वाद लिया है। भक्त दूर-दूर से, कई नंगे पैर चलकर आए हैं। देवी सबकी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।

अंबेडकर नगर निगम में 14.95 करोड़ का घोटाला आया सामने, राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए: भाजपा

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर विकास निगम में करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि 14.95 करोड़ से ज्यादा की राशि फर्जी खातों और जाली दस्तावेजों से हड़प ली गई है। भाजपा नेता आर. अशोक ने एक्स पोस्ट में कहा कि पहले महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में 187 करोड़ रुपये की लूट हुई और अब डॉ. बी.आर. अंबेडकर विकास निगम में घोटाला सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की 14 अक्टूबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति कर्नाटक कांग्रेस सरकार के तहत एक और बड़े वित्तीय घोटाले का पर्दाफाश करती है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर विकास निगम (एडीसीएल) के 14.95 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को फर्जी चालू खातों, जाली दस्तावेजों और फिक्स्ड डिपॉजिट को समय से पहले बंद करवाकर हड़प लिया गया। क्या इसी को राहुल गांधी “न्याय” कहते हैं? एक तरफ राहुल गांधी देश को सामाजिक न्याय पर उपदेश देते हैं, तो दूसरी तरफ कर्नाटक में कांग्रेस सरकार अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के उत्थान के लिए आवंटित फंड को व्यवस्थित तरीके से लूट रही है। पहले वाल्मीकि एसटी समुदाय के लिए तय 187 करोड़ रुपये गायब हो गए और अब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम पर दलितों के विकास के लिए रखे गए फंड में हेराफेरी की गई है। आर. अशोक ने आगे कहा कि राहुल गांधी को कर्नाटक की जनता को जवाब देना चाहिए। जब ​​उनकी निगरानी में राज्य के खजाने और दलित कल्याण कोष को लूटा जा रहा है, तो कांग्रेस नेतृत्व पूरी तरह से खामोश क्यों है? कर्नाटक भाजपा तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक इन घोटालों में शामिल हर एक व्यक्ति को सजा नहीं मिल जाती। हम कर्नाटक की जनता के लिए तत्काल जवाबदेही और पूरी पारदर्शिता की मांग करते हैं। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बैंगलोर जोनल ऑफिस ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में बैंगलोर की स्पेशल कोर्ट (पीएमएलए) में अयूब सैयद और अन्य सहित 5 आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त अभियोजन शिकायत दायर की है। ईडी की जांच सीबीआई, एसीबी, बेंगलुरु द्वारा आईपीसी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। ईडी ने अपने एक आधिकारिक बयान में बताया कि जांच से पता चला है कि जाली दस्तावेजों और गलत पहचान का इस्तेमाल करके स्टेट बैंक ऑफ मैसूर, एचएएल – 2 स्टेज ब्रांच, बेंगलुरु में डॉ. बीआर अंबेडकर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एडीसीए) के नाम से एक फर्जी करंट अकाउंट खोला गया था। इसके बाद, जाली टीडीआर/एफडीआर इंस्ट्रूमेंट्स और फर्जी प्री-क्लोजर लेटर का इस्तेमाल करके एडीसीएल की 5-5 करोड़ रुपये की चार फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) समय से पहले बंद कर दी गईं। इससे लगभग 14.95 करोड़ रुपये का गबन हुआ, जो पीएमएलए, 2002 के तहत अपराध से प्राप्त आय है।

परविंदर झोटा हत्याकांड: मानसा में परिजनों से मिलीं हरसिमरत कौर बादल, कांग्रेस-भाजपा भी भगवंत मान पर हमलावर

चंडीगढ़/मानसा। पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद राज्य सरकार सवालों के घेरे में हैं। शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार के संरक्षण में नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं, और जो कोई भी आवाज उठाता है, उसे गोली मार दी जाती है। राज्य की विपक्षी पार्टियों, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि परिवार बहुत गहरे दुख से गुजर रहा है और इस मुश्किल समय में पूरा पंजाब उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, “यह उम्मीद करना ही गलती थी कि नशे के आदी मुख्यमंत्री नशे की समस्या को खत्म कर पाएंगे। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरकार के संरक्षण में नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं, और जो कोई भी आवाज उठाता है, उसे गोली मार दी जाती है। मैं इसके लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार ठहराती हूं।” अकाली सांसद ने कहा, “पंजाब ने देखा है कि मुख्यमंत्री के सामने आवाज उठाने पर मोहनजीत के साथ क्या हुआ, और वित्त मंत्री से ‘चिट्टा’ (नशीला पदार्थ) की बिक्री रोकने की गुहार लगाने पर हमारे भाई गुलजार को पुलिस की बर्बरता का शिकार होना पड़ा।” उन्होंने कहा, “एक ऐसा व्यक्ति जिसका हथियारों का लाइसेंस रद्द कर दिया गया था, जो जेल की सजा काट चुका था और 2023 में वापस आया, और जिसके ठिकानों पर बार-बार छापेमारी हुई थी, उसे 2024 में फिर से हथियारों का लाइसेंस दे दिया गया। जिस पर मामले दर्ज हों, उसको दो असले का लाइसेंस कैसे मिला?” उन्होंने कहा कि परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए। वहीं, भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “ड्रग इंस्पेक्टर, जिसकी भूमिका इस हत्या से जुड़ी है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी। खबरों के अनुसार, उसके लॉकर से 7.5 करोड़ रुपए की संपत्ति, 1.5 करोड़ रुपए नकद, आधा किलो सोना और मोहाली, पंजाब व राजस्थान में करोड़ों रुपए की संपत्तियां मिली हैं। खुद डीजीपी ने कहा था कि इस इंस्पेक्टर के संबंध जेल में बंद एक ड्रग माफिया से थे और वह सीमा पार व्यापार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में शामिल था।” सुनील जाखड़ ने आगे कहा, “डीजीपी की ओर से बताए गए सबूतों के आधार पर उसके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का मामला दर्ज किया जाना चाहिए था। इसके बजाय, सरकार ने उसे जमानत दे दी और वापस काम पर रख लिया, यहां तक कि उसे मुख्यालय में एक विभाग का इंचार्ज भी बना दिया। इसका मकान गिराया जाना चाहिए था, लेकिन दूसरों के मकान ढहाए जा रहे हैं।” भाजपा नेता ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को बेवकूफ बना रही है, लेकिन इस सरकार के जाने का समय आ चुका है। लोग भी मांग कर रहे हैं कि इस सरकार को बर्खास्त किया जाए। उधर, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह ने कानून-व्यवस्था को लेकर ‘आप’ सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, “जिस तरह आज कानून व्यवस्था के हालात हैं, हम गैंगस्टर और फिरौती जैसे मामलों में पीड़ित परिवारों के पास जा रहे हैं। सरकार कहती है कि सब कुछ नियंत्रण हैं, लेकिन पंजाब की जनता इनका असली चेहरा जान चुकी है। मुझे लगता है कि वर्तमान पंजाब सरकार का कार्यकाल भी पूरा नहीं हो पाएगा।

हाथ में तिरंगा और दिल में धोखा’, सीजेपी की प्रस्तावित यात्रा पर एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित ‘तिरंगा यात्रा’ को लेकर एनडीए नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, “हाथ में तिरंगा और दिल में धोखा। यही है सीजेपी का असली चेहरा। जहां अनुमति मिल रही है, वहां ‘तिरंगा यात्रा’ जरूर निकालें। लेकिन, जहां अनुमति नहीं मिल रही है, वहां तिरंगा के नाम पर ड्रामा किया जा रहा है। असली तिरंगा वाले देश बनाते हैं और नकली वाले सिर्फ रैली निकालते हैं।” अभिजीत दिपके पर निशाना साधते हुए भाजपा विधायक राम कदम ने कहा, “कॉकरोच जनता पार्टी का नेता कितना झूठा है। जब दिल्ली पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया तो इसका पता चला। उसकी दादी का निधन हो गया था और वह (अभिजीत दिपके) झूठ कह रहा था कि मुझे बात करने नहीं दी जा रही है। जब वीडियो सामने आए तो पूरा झूठ सामने आया। जो अपनी दिवंगत दादी को लेकर झूठ बोल सकता है, वह कुछ भी झूठ बोल सकता है।” राम कदम ने आगे कहा, “हाथ में तिरंगा लिया जा रहा है, लेकिन क्या तिरंगे की कीमत उनको पता है? यह तिरंगा हमें ऐसे नहीं मिला है। इस तिरंगे को लहराने के लिए लाखों लोगों ने बलिदान दिया है। उनकी (सीजेपी) ओर से तिरंगा हाथ में लेकर ‘रक्तपात’ करने की बात की जाती है। नेहा बोरा की ओर से कहा जाता है कि जैसे बंगाल और बांग्लादेश में ‘रक्तपात’ हुआ, वैसे ही इस देश में हो। ऐसी बातें करने वाले लोगों को प्रशांत भूषण साथ में लेकर घूमते हैं। एक हाथ में संविधान लेकर लोकतंत्र की दुहाई तो जरूर दी जा रही है, लेकिन संविधान की बुनियाद न्यायपालिका और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है।” सीजेपी को लेकर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “कोई कुछ भी दावा करे, कानून अपना काम करेगा। कानून के अंतर्गत जो भी गतिविधियां हैं, वह सारी मान्य रहेंगी। लेकिन, यदि कोई कानून की अवहेलना करेगा, तो निश्चित रूप से कानून अपना काम करेगा।