पीएम मोदी ने सुभाषित शेयर कर दी विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं, बोले-भारत के निर्माण में शिल्पकारों की अहम भूमिका

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सुभाषित शेयर कर भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आप सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। देवशिल्पी से जुड़े इस दिव्य अवसर पर निर्माण कार्यों में जुटे देशभर के शिल्पकारों एवं हुनरमंद साथियों को मेरा विशेष अभिनंदन।” पीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आपका कौशल एवं परिश्रम विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। राष्ट्र के नवनिर्माण की दिशा में आपके प्रयासों को हरसंभव प्रोत्साहन मिलता रहे, इसके लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।” प्रधानमंत्री ने विश्वकर्मा अष्टकम् (या विश्वकर्मा स्तोत्रम्) का एक श्लोक, “अनादिरप्रमेयश्च अरूपश्च जयाजयः। लोकरूपो जगन्नाथः विश्वकर्मन्नमो नमः॥” भी साझा किया गया, जिसका हिंदी अर्थ है कि भगवान विश्वकर्मा अनादि और अप्रमेय हैं। उनका कोई एक निश्चित रूप नहीं है। वे जय-पराजय का निर्धारण करने वाले हैं। यह सम्पूर्ण संसार भगवान विश्वकर्मा का ही स्वरूप है और वे इस जगत के पालनकर्ता हैं। ऐसे विश्व के निर्माता भगवान विश्वकर्मा को मैं बार-बार प्रणाम करता हूं।” इस श्लोक के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की गई है कि आप अनादि (जिसकी कोई शुरुआत न हो), अप्रमेय (जिसे तर्कों या प्रमाणों से पूरी तरह नपा या जाना न जा सके), अरूप (निराकार), तथा जय और पराजय (हार-जीत) दोनों से परे हैं। आप ही सम्पूर्ण लोकों के स्वरूप और इस जगत के स्वामी (जगन्नाथ) हैं। आपको हमारा बार-बार प्रणाम है।”

पीएम मोदी के जन्मदिन पर ओम बिरला और राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गजों ने दी बधाई, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास के साथ वैश्विक पटल पर अपनी नई पहचान बना रहा है। विकास, आत्मनिर्भरता, नवाचार, डिजिटल प्रगति, बुनियादी ढाँचे के विस्तार और जनकल्याण की दिशा में देश निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है।” उन्होंने कहा कि 25 वर्षों से अधिक का आपका सार्वजनिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन और देश के कमजोर-वंचित जन के लिए अत्यंत फलदायी सिद्ध हुआ है। राष्ट्र की उन्नति के लिए समर्पित आपका कर्मशील जीवन करोड़ों देशवासियों को विकसित भारत के ध्येय की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा का सामर्थ्य प्रदान करें। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक, गरीब कल्याण से लेकर नवाचार और उद्यमिता तक, हमने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय प्रगति की है। आज नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है, अवसरों का विस्तार हुआ है और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।” राजनाथ सिंह ने कहा, “मोदी जी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की महादेव से कामना करता हूं।” गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे (पीएम मोदी) दीर्घायु और स्वस्थ रहें व उनके नेतृत्व में देश प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने पोस्ट किया, “विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता, विकसित भारत निर्माण के संकल्पकर्ता, करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं देता हूं।” उन्होंने कहा, “आपके नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का संकल्प आज जन-आकांक्षा बन चुका है। नया भारत वैश्विक मंच पर अपने हितों और सामर्थ्य को दृढ़ता से स्थापित कर रहा है। 7.8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि और नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका, विश्व के सामने एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती है।” जेपी नड्डा ने कहा कि मां भारती की सेवा और राष्ट्र कल्याण के प्रति आपका कर्म, अनुशासन एवं समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से कामना करता हूं कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए असीम ऊर्जा प्रदान करें। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि कभी कोई जन्मदिन ऐसा आता है, जो करोड़ों-करोड़ जनता के दिल में आनंद और उत्साह की लहर पैदा कर देता है। ऐसा ही जन्मदिन है प्रधानमंत्री का। प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं। वे दीर्घायु हों, शतायु हों और लगातार भारत माता के चरणों की, जनता-जनार्दन की सेवा करते रहें। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के शिल्पकार हैं। करोड़ों जनता के वे हृदयहार हैं, मुकुटमणि हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था- ‘भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर खड़ी होगी और विश्व गुरु के पद पर अधिष्ठित होगी।’ एक नरेंद्र ने कहा था और दूसरे नरेंद्र के नेतृत्व में यह पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री को जन्मदिन पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।

‘भगवान विश्वकर्मा ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की परंपरा के प्रतीक’, ओम बिरला समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। ओम बिरला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सृजन, शिल्प, कारीगरी और कौशल के देव भगवान विश्वकर्मा की आराधना के पावन पर्व विश्वकर्मा पूजा की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान विश्वकर्मा जी भारतीय ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं। यह अवसर हमारे कारीगरों, शिल्पकारों, श्रमिकों, इंजीनियरों और उन सभी कर्मयोगियों के सम्मान का भी पर्व है, जो अपने हुनर और मेहनत से देश के विकास को नई गति प्रदान करते हैं।” उन्होंने आह्नान करते हुए कहा कि आइए, भगवान विश्वकर्मा जी के आशीष से हम कौशल, नवाचार और कर्मठता को अपनी शक्ति बनाएं तथा एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लें। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “आप सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। आज मैं देश के सभी शिल्पकारों, श्रमिकों और कारीगरों को नमन करता हूं, जिनका कौशल, परिश्रम और सृजनशीलता आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण को निरंतर गति प्रदान कर रही है। भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का संचार हो। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने निर्माण व सृजन के देव भगवान विश्वकर्मा की जयंती की देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “इस पावन अवसर पर अपने कौशल और परिश्रम से विकसित भारत की नींव रख रहे देश के सभी शिल्पकारों, कारीगरों और श्रमिकों को नमन करता हूं।” केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “विश्वकर्मा जयंती की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। निर्माण व सृजन के प्रतीक देव शिल्पि भगवान विश्वकर्मा जी को कोटि-कोटि नमन। देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति देने के लिए भगवान विश्वकर्मा हमें शक्ति दे।” केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पोस्ट किया, “सृष्टि के सृजनकर्ता और प्रथम शिल्पकार, भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के पावन अवसर पर देश के नवनिर्माण और प्रगति में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी कामगार, इंजीनियर और शिल्पकार बंधुओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं।” केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि निर्माण व सृजन के अधिष्ठाता, देव शिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा जी की पावन जयंती की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्री विश्वकर्मा जी हमें सृजनशीलता, उत्कृष्टता और परिश्रम की प्रेरणा देते हैं। उनकी कृपा और आशीर्वाद से हर हाथ को नई ऊर्जा मिले, हमारे देश का विकास सृजनशीलता के नए आयाम छुए, यही प्रार्थना है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि भारतीय परंपरा में भगवान विश्वकर्मा जी को रचनात्मकता और निर्माण की दिव्य शक्ति का प्रतीक माना गया है। यह अवसर हमारे शिल्पकारों, कारीगरों, अभियंताओं एवं श्रमिकों के परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी है। भगवान विश्वकर्मा जी से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का संचार हो तथा उनके आशीर्वाद से हमारा राष्ट्र नवाचार और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

एशियन गेम्स: बांग्लादेश और चीन महिला क्रिकेट टीम के बीच होने वाला मैच रद्द

निशिन। एशियन गेम्स 2026 के तहत महिला क्रिकेट में बांग्लादेश और चाइना के बीच होने वाला मुकाबला रद्द कर दिया गया है। दोनों ही टीमों को 1-1 अंक दिए गए हैं। बांग्लादेश और चाइना महिला क्रिकेट टीम के बीच गुरुवार को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 से कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में मुकाबला होना था। इस क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर एशिया के क्रिकेट फैंस की नजर थी। बारिश के कारण आउआउट गिला होने की वजह से मैच के लिए टॉस भी नहीं हो सका और इसे रद्द कर दिया गया। अंपायरों ने आउटफिल्ड ठीक होने का इंतजार किया। लंबे समय तक इंतजार के बाद भी जब मैच के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हुईं, तो मैच रद्द कर दिया गया और दोनों ही टीमों के बीच 1-1 अंक बांट दिया गया। मैच रद्द होने का नुकसान कहीं न कहीं बांग्लादेश को हुआ है। बांग्लादेश की टीम तुलनात्मक रूप से चीन की टीम से मजबूत है। मैच होने की स्थिति में बांग्लादेश की जीत की संभावना ज्यादा थी। ऐसे में मैच का न होना और चाइना की टीम के साथ 1 अंक साझा करना बांग्लादेश के लिए नुकसानदायक है। बांग्लादेश महिला टीम: दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, सोभाना मोस्टरी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर), शोरना अख्तर, शर्मिन अख्तर, फहीमा खातून, राबेया खान, नाहिदा अख्तर, सुल्ताना खातून, मारूफा अख्तर, सरमिन सुल्ताना, संजीदा अख्तर मेघला, फरिहा त्रिसना। चीन की महिला टीम: झेंग लिली, सुन मेंग याओ, मिंगुए झू, हान ली, झांग जियांग, जी मे (विकेटकीपर), हांग झुआओ (कप्तान), यांग यु जुआन, चेन जिनू, मेंगटिंग लियू, जू कियान, वेंनजिंग यीन, झी जिंयू। एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का दूसरा क्वार्टर फाइनल पाकिस्तान और थाइलैंड के बीच होना है। यह मुकाबला भी कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही होना है। इसलिए इस मुकाबला पर भी संशय है। मुकाबला होने की स्थिति में पाकिस्तान के पास जीत का अवसर है।

योगी आदित्यनाथ और मोहन यादव समेत कई मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, बताया विकसित भारत का शिल्पी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर देशभर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई ताओं ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं स्वाभिमान का नवप्रभात लाने हेतु अविराम राष्ट्रयज्ञ में समर्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा, ‘नए भारत के शिल्पी’ और हमारे मार्गदर्शक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।” उन्होंने लिखा, “‘नेशन फर्स्ट’ के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा एवं लोक-कल्याण के प्रति आपका समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के ध्येय को साकार करने का प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ व यशस्वी जीवन प्रदान करें।” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “मां भारती के अनन्य साधक, युवा, किसान और गरीब कल्याण हेतु सदैव समर्पित, विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” धामी ने कहा, “आपके मार्गदर्शन में भारत ने आत्मविश्वास, नवाचार और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। आपके कुशल नेतृत्व में करोड़ों देशवासियों के जीवन में नई आशा और नए अवसरों का संचार हुआ है। बाबा केदार से आपके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं। आपके नेतृत्व में भारत प्रगति पथ पर निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे, यही कामना है।” पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र-निर्माण के प्रति आपका अथक समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और अटूट संकल्प दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है। आपके गतिशील मार्गदर्शन में भारत प्रगति, गौरव और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयां छू रहा है। आपकी अच्छी सेहत, लंबी उम्र और असीम शक्ति के लिए प्रार्थना करता हूं, ताकि आप हमारी मातृभूमि को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाते रहें।” ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर मैं ओडिशा की पूरी जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। विकसित भारत के दूरदर्शी, राष्ट्र के स्वाभिमान और जन-सेवा के अद्वितीय प्रतीक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने आज पूरे देश में जागृति का एक नया अध्याय लिखा है।” उन्होंने कहा, “ओडिशा और यहां के लोगों के प्रति उनके गहरे स्नेह तथा राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास में उनके अपार सहयोग के लिए हम सदैव उनके आभारी रहेंगे। इस यादगार अवसर पर जन-कल्याण के प्रति मोदी के आदर्शों से प्रेरित होकर हम ‘सेवा संकल्प पर्व’ मना रहे हैं। हम समर्पित जन-सेवा, गरीबों के कल्याण और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाकर एक समृद्ध, सशक्त और विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए पुनः संकल्पित हैं।” माझी ने कहा, “मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ के श्रीचरणों में पीएम मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ और रोग-मुक्त जीवन तथा उन पर अपार कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करता हूं। जीवन और सेवा की उनकी यह लंबी और समर्पित यात्रा सदैव भारत राष्ट्र को नई दिशा प्रदान करती रहे। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का सपना साकार हो और हमारा भारत विश्व में एक विजयी राष्ट्र के रूप में निरंतर आगे बढ़ता रहे।” दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “पीएम मोदी को जन्मदिन की हृदयपूर्वक शुभकामनाएं। दिल्ली को आपका स्नेह और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहा है। आपके नेतृत्व में आज राजधानी नई गति, नए सामर्थ्य और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। शहर का स्वरूप बदल रहा है और उसके साथ लोगों के जीवन में भी नई सुविधाएं, नए अवसर और नई आशाएं जुड़ रही हैं। हमारी बहनें हों, युवा साथी हों, श्रमिक परिवार हों, वरिष्ठ नागरिक हों या भविष्य के सपने संजोए हमारे बच्चे, विकसित दिल्ली की यात्रा का केंद्र जन-जन का जीवन है।” उन्होंने कहा, “आज दिल्ली को इस बात का गौरव है कि वह अपने बढ़ते सामर्थ्य के साथ विकसित भारत के विराट संकल्प में अपनी शक्ति जोड़ रही है। प्रधानमंत्री, मां भारती की सेवा के प्रति आपका समर्पण और राष्ट्र को निरंतर आगे ले जाने का आपका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा है। बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद सदैव आप पर बना रहे। समस्त दिल्लीवासियों की ओर से जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं।” मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “जनसेवा की अविराम साधना से राष्ट्र के नवनिर्माण को नई दिशा देने वाले, जन-आकांक्षाओं के संकल्प को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ज्ञान को राष्ट्रशक्ति का आधार बनाकर आपने भारत के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। ‘विकसित भारत’ का आपका स्वप्न आज करोड़ों देशवासियों का प्रण बन चुका है। बाबा सोमनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना है।

18 सितंबर का पंचांग: संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए रखें संतान सप्तमी का व्रत

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है। कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है। पंचांग हिंदू काल-गणना पद्धति है जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है। 18 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि दोपहर 1:01 बजे तक है। इसके बाद अष्टमी तिथि शुरू हो जाएगी। इस दिन संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतान सप्तमी का व्रत के अवसर पर भगवान शिव व मां पार्वती की पूजा करना फलदाई रहेगा। शुक्रवार होने की वजह से मां संतोषी की पूजा जाती है। शुक्रवार सुबह 6:18 बजे सूर्योदय और शाम 6:24 बजे सूर्यास्त होगा। वहीं, दोपहर 12:42 चंद्रोदय और रात 11:18 बजे चंद्रास्त होगा। पंचांग के अनुसार इस दिन सूर्य हस्त नक्षत्र में स्थित रहेगा। शुक्रवार को दोपहर 1:34 बजे तक प्रीति योग प्रभावी रहेगा, इसके बाद आयुष्मान योग शुरू हो जाएगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:56 से दोपहर 12:45 बजे तक रहेगा। यह दिन का सबसे शुभ समय माना जाता है। अमृत काल दोपहर 12:53 से 2:41 बजे तक रहेगा। वहीं, राहुकाल सुबह 10:50 बजे से 12:21 बजे और गुलिक काल सुबह 7:48 से 9:19 बजे तक रहेगा। इसके अलावा, यमगंड काल दोपहर 3:22 से 4:53 बजे तक रहेगा। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, इस समय में नए कार्य शुरू करने से बचना चाहिए क्योंकि इन्हें अशुभ समय माना जाता है। शुक्रवार को इस दिन सूर्य कन्या राशि में स्थित रहेगा, जबकि चंद्रमा धनु राशि में स्थित रहेगा। पश्चिम दिशा में दिशाशूल रहेगा। ज्योतिष और वास्तु के मुताबिक, इस दिशा में यात्रा करने से बचना चाहिए। यदि यात्रा करना अनिवार्य हो, तो कुछ विशेष ज्योतिषीय उपायों को अपनाकर प्रस्थान किया जा सकता है।

सुरक्षित भारत ही समृद्ध भारत की पहली शर्त, प्रधानमंत्री मोदी ने सिद्ध कर दिखाया: अमित शाह

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने पीएम मोदी को अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है। अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने पहली बार आतंकवाद के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को धरातल पर उतरते देखा। धारा 370 का अंत, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर, इन निर्णयों ने दुनिया को बता दिया कि अब भारत केवल निंदा नहीं करता, निर्णायक जवाब देता है। नक्सलवाद समाप्त हो चुका है, पूर्वोत्तर में दशकों पुराने विवाद शांति समझौतों से सुलझे हैं और सीमाएं सुरक्षित हैं। सुरक्षित भारत ही समृद्ध भारत की पहली शर्त है, मोदी जी ने इसे सिद्ध कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी विकास की बात तक नहीं होती थी, मोदी जी के नेतृत्व में वहां आज विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा है। कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब रेलवे ब्रिज, पूर्वोत्तर में सड़कों और पुलों का जाल, वंदे भारत ट्रेनें और सेमीकंडक्टर यूनिट, ये नए भारत के प्रतीक हैं। शाह ने कहा कि जिस भारत को कभी ‘फ्रैजाइल फाइव’ कहा गया, वह आज मोदी जी के नेतृत्व में विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में है और हमारा पासपोर्ट सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। 36 देशों की ओर से मोदी जी को दिया गया सर्वोच्च सम्मान वस्तुतः सभी भारतीयों का सम्मान है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उनके शासन के केंद्र में हमेशा समाज का अंतिम व्यक्ति रहा है। जब कोई मां अपने पक्के घर की चौखट पर खड़े होकर आशीर्वाद देती है, या कोई बहन बताती है कि आयुष्मान कार्ड ने उसके परिवार को बचा लिया, तब इन योजनाओं का असली अर्थ समझ आता है। तीन तलाक से मुक्ति और नारी शक्ति वंदन अधिनियम ने महिलाओं को नया आत्मविश्वास दिया, वहीं स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और नई शिक्षा नीति से युवाओं के लिए अवसरों के द्वार खुले। करोड़ों लोगों के जीवन में आया यह बदलाव ही मोदी जी की सबसे बड़ी पूंजी है। अमित शाह ने कहा कि एक सामान्य स्वयंसेवक से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी जी की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब जीवन का लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो, तो कठिन से कठिन संकल्प भी सिद्ध किए जा सकते हैं। उन्होंने सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का साधन मान कर कार्य किया। मेरे जैसे कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें उनकी हर भूमिका में उनके साथ काम करने का अवसर मिला।

राष्ट्रपति मुर्मु ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, कहा- ‘आपने स्थापित किए सुशासन के नए प्रतिमान’

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि वे सांस्कृतिक गौरव की भावना के साथ आधुनिक प्रगति के मार्ग पर चलते हुए हमारे देशवासी, विरासत और विकास के समन्वय को साकार कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। विगत 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल में आपने सुशासन के अनेक नए प्रतिमान स्थापित किए हैं व समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति और नई दिशा प्रदान की है।” उन्होंने आगे लिखा, “सांस्कृतिक गौरव की भावना के साथ आधुनिक प्रगति के मार्ग पर चलते हुए हमारे देशवासी, विरासत और विकास के समन्वय को साकार कर रहे हैं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की प्रार्थना करती हूं, ताकि आप जन-सेवा और राष्ट्र-निर्माण के अपने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहें।” विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आइए, देश और दुनिया के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सफलता, अच्छे स्वास्थ्य और देशवासियों की सेवा में उनके लंबे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दें। आप अपने विचारों और उपलब्धियों से दुनिया भर में लोगों को प्रेरित करते रहते हैं।” केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस चुनौतीपूर्ण समय में भी आप हमारे देश को ‘विकसित भारत’ की ओर मजबूती से आगे ले जा रहे हैं। आपने हर कदम पर राष्ट्र को सर्वोपरि रखा है। सरकारी खजाने से खर्च होने वाले हर पैसे से जन-कल्याण सुनिश्चित किया है। मैं प्रार्थना करती हूं कि आप मां भारती की सेवा करते हुए दीर्घायु हों और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।” भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लिखा, “राष्ट्रसेवा और समर्पण के पर्याय, 140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ‘नेशन फर्स्ट’ के संकल्प के साथ आपकी यह यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है।” उन्होंने लिखा, “आपके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करें।

गाजा में इजरायली बमबारी में क्षतिग्रस्त बहुमंजिला इमारत गिरी, 11 बच्चों समेत 21 लोगों की मौत

गाजा। पश्चिमी गाजा शहर में एक रिहायशी इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। मृतकों में 11 बच्चे और 6 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में 25 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता महमूद बासल ने बताया कि ‘अल-सादा’ नाम की छह मंजिला इमारत बुधवार तड़के ढह गई। यह इमारत पहले इजरायली बमबारी में क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। यह इमारत निकट पूर्व में फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के मुख्यालय के पास स्थित थी। इस इमारत में लगभग 100 विस्थापित लोग रह रहे थे। स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बासल ने कहा कि बचाव टीमों ने 16 घंटे तक चले अभियान के दौरान 45 लोगों को सुरक्षित निकाला और 21 शव बरामद किए। उन्होंने बताया कि 35 अन्य लोग खुद ही निकलने में सफल रहे। इमारत के मलबे के बाहर दर्जनों शोकाकुल परिजन इकट्ठा हुए। कई लोग अपने हाथों से ही मलबा हटाकर अपने प्रियजनों को खोजने की कोशिश करते दिखाई दिए। 54 वर्षीय लुआय अल-अजला ने इस हादसे में अपने परिवार के लगभग 10 लोगों को खो दिया। फिलिस्तीनी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि बचाव कार्यों के लिए जरूरी भारी मशीनों और उपकरणों को लाने पर इजरायल की पाबंदियों के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। गाजा में हमास की ओर से संचालित मीडिया कार्यालय ने एक बयान में कहा कि पूरे गाजा पट्टी में 8,500 से अधिक लापता लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं। बयान के अनुसार, भारी मशीनरी और बचाव उपकरणों की कमी के कारण उन्हें निकालना मुश्किल हो रहा है। कार्यालय ने हजारों क्षतिग्रस्त इमारतों को टाइम बम जैसा खतरा बताया। महमूद बासल ने चेतावनी दी कि सर्दियों के करीब आने के साथ 2,000 से अधिक रिहायशी इमारतों के गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ और युद्धविराम की गारंटी देने वाले देशों से अपील की कि बचाव उपकरणों को गाजा में आने की अनुमति दिलाई जाए।ऐसा न होने पर ‘कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।’ यह इमारत ऐसे समय में गिरी है जब युद्धविराम के उल्लंघन की घटनाएं जारी हैं। अक्टूबर 2025 में लागू हुए युद्धविराम समझौते के बावजूद, हमास और इजरायल के बीच चल रही बातचीत में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।