सप्ताह में पांच कार्य दिवस को लेकर बैंक यूनियन की हड़ताल, बैंकिंग सेवाओं पर असर

नई दिल्ली। सप्ताह में पांच कार्य दिवस को लागू करने और अन्य समस्याओं के लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) ने शुक्रवार को हड़ताल की और इससे बैंकिंग सेवाओं विशेषकर सरकारी बैंकों पर असर हुआ है। यूएफबीयू में कुल सात बैंकिंग यूनियन शामिल हैं और इसमें सरकारी बैंकों के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारी शामिल हैं। हालांकि, इस हड़ताल का निजी बैंकों की सेवाओं पर असर नहीं हुआ है। हड़ताल में कई सरकारी बैंक कर्मचारियों के शामिल होने के कारण सरकारी बैंकों की ब्रांच या तो पूरी तरह से बंद हैं या फिर आंशिक रूप से कामकाज कर रही हैं। कई शाखाओं में नकद जमा, निकासी, चेक क्लियरेंस और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए। हालांकि, सरकारी बैंकों की डिजिटल सेवाओं पर इस हड़ताल का कोई असर नहीं हुआ है। इंटरनेट बैंकिंग के साथ-साथ यूपीआई सेवाएं भी सामान्य बनी हुई है। इसे लेकर कई सरकारी बैंक ग्राहकों को एडवाइजरी भी जारी कर चुके हैं और वैकल्पिक बैंकिंग सेवाओं को उपयोग करने की सलाह दी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने कहा है कि यूएफबीयू की 11 सितंबर को हड़ताल के कारण बैंकिंग ऑपरेशन प्रभावित हो सकते हैं। हम इस दौरान सभी जरूरी सेवाओं को देना का प्रयास करेंगे। साथ ही, ग्राहकों को सलाह दी कि इस स्थिति में वे वैकल्पिक बैंकिंग सेवाएं जैसे मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम एवं अन्य डिजिटल चैनल का उपयोग करें। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने कहा कि यूएफबीयू की 11 सितंबर, 2026 को एक दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। बैंकिंग सेवाओं को सामान्य बनाए रखने के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे। ग्राहकों से अनुरोध है कि अपनी बैंकिंग आवश्यकताओं के लिए वैकल्पिक माध्यमों जैसे पीएनबी वन, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल चैनल का उपयोग करें।

हम एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार हैं: अविनाश साबले

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है। भारतीय एथलीट इस बड़े मंच पर यादगार प्रदर्शन करने और देश के लिए पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। एशियन गेम्स में ट्रैक एंड फील्ड प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीटों की तैयारी को परखने के दृष्टिकोण से शुक्रवार को नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम (जेएलएन स्टेडियम) में इंडियन एथलेटिक्स चैंपियंस फाइनल सीरीज 2026 का आयोजन किया गया। इसमें एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रहे एथलीटों के अलावा देशभर के प्रतिभाशाली एथलीटों ने हिस्सा लिया। प्रतिस्पर्धा ने एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रहे प्रतियोगियों को न सिर्फ अभ्यास का बेहतरीन मंच दिया, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाया। स्टीपलचेज के अविनाश साबले ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, “हम एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मैं इंजरी से वापसी कर रहा हूं। रिकवरी के बाद यह मेरी पहली रेस थी। ट्रेनिंग अच्छी है, हमारा आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। उम्मीद है कि एशियन गेम्स 2026 में पहले के मुकाबले हमारा प्रदर्शन अच्छा रहेगा।” उन्होंने कहा, “एशियन गेम्स में अब बहुत कम दिन बचे हैं। ऐसे में उसकी तैयारी को जांचने के दृष्टिकोण से इस प्रतिस्पर्धा को आयोजित किया गया था। यहां आकर हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है।” अविनाश ने यहां पहला स्थान हासिल किया। अविनाश ने 2023 एशियन गेम्स में पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। एक अन्य एथलीट ने कहा, “मैं एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार हूं और बहुत रोमांचित हूं। मुझे दर्शकों के सामने प्रदर्शन करते हुए आनंद आता है। मैं इंतजार कर रहा हूं। इस प्रतिस्पर्धा में मुझे मेरे कोच ने समय की परवाह किए बिना दौड़ने को कहा था।” उन्होंने कहा, “मैं सभी एथलीटों से चाहे वे जिस प्रतिस्पर्धा से हों, उनसे कड़ी मेहनत करने और अपने राज्य और देश के लिए पदक जीतने की अपील करूंगा।

सागर शराब कांड के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

सागर । मध्य प्रदेश के सागर जिले के जहरीली शराब कांड के एक आरोपी रवि लखेरा का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है। रवि लखेरा के पैर में गोली लगी है और उसका उपचार बंडा के अस्पताल में चल रहा है । मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को रवि लखेरा की तलाश थी वह छतरपुर जिले के गढ़ी मलहरा में शराब दुकान का ठेकेदार भी है। आरोपी के बरायठा के जंगल में होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया मगर आरोपी ने पुलिस पर ही गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो वह रवि लखेरा के पैर में लगी।घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बंडा के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। दरअसल सागर जिले के बंडा इलाके में जहरीली शराब पीने से 15 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।इस मामले में सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी प्रभावितों के बीच पहुंचे थे और उन्होंने जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे, इस मामले में गिरफ्तारियों का दौर जारी है और उसी क्रम में अब रवि लखेरा पुलिस की गिरफ्त में आया है । मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत गुरुवार को तीन आरोपियों के पांच अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया था और इस तरह की कार्रवाई आगे भी प्रस्तावित है। बताया गया है कि सागर सहित राज्य के अन्य हिस्सों में पड़ोसी राज्यों से शराब की सप्लाई की जाती है और इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है जिस पर प्रशासन की नजर है। वहीं, रवि केउत्तर प्रदेश से संपर्क होने की बात कही जा रही है।

पंजाब में भाजपा और अकाली दल साथ आए तो सत्ता तक पहुंचना मुश्किल नहीं’, रामदास आठवले बोले- गठबंधन पर चल रही बातचीत

अमृतसर। पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच फिर से गठबंधन की वकालत करते हुए कहा है कि इससे राज्य में एनडीए मजबूत होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “आम आदमी पार्टी का जाना तय है और यहां एनडीए की सरकार बन सकती है। मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना ​​है कि भाजपा और अकाली दल को साथ आना चाहिए।” आठवले ने कहा, “अनेक सालों तक प्रकाश सिंह बादल और भाजपा एक साथ रहे हैं। दोनों की सत्ता पंजाब में रही। इसलिए मुझे लगता है कि कांग्रेस को रोकने के लिए भाजपा, अकाली दल और आरपीआई (रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया-अठावले) का गठबंधन जरूरी है।” उन्होंने यह भी बताया कि बातचीत चल रही है। आठवले ने कहा, “अगर दोनों (भाजपा और अकाली दल) साथ आते हैं तो सत्ता तक पहुंचने में मुश्किल नहीं होगी। इसलिए चर्चा चल रही है। आगे देखते हैं कि क्या होगा।” रामदास आठवले शुक्रवार को पंजाब के अमृतसर पहुंचे। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि वह अमृतसर में संत निरंजन दास महाराज से मुलाकात करेंगे और इसके बाद लुधियाना के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “लुधियाना में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का एक कार्यक्रम है और आने वाले विधानसभा चुनावों के सिलसिले में कई लोग मुझसे यहां मिलने वाले हैं। लुधियाना में इंडस्ट्रियल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी एक मिलन समारोह आयोजित किया है। मैं अभी अमृतसर से आया हूं। यहां संत निरंजन दास महाराज करने जा रहा हूं।” वहीं, लुधियाना में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के अपमान की घटना पर रामदास आठवले ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि कुछ असामाजिक तत्व समाज में बंटवारा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। बाबासाहेब अंबेडकर का कद बहुत ऊंचा है। उनकी मूर्ति का अपमान करने से उनका सम्मान कम नहीं होगा। ये लोग गलत कदम उठा रहे हैं। बाबासाहेब अंबेडकर की मूर्ति का अपमान करना पूरी तरह से गलत है।” आठवले ने पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। आम आदमी पार्टी और भगवंत मान को लोगों ने सत्ता सौंपी थी, लेकिन इन पांच सालों में वे पंजाब की जनता को न्याय नहीं दिला पाए हैं। यहां के किसान, गरीब, युवा, महिलाएं, दलित, सिख समुदाय और हिंदू समुदाय- सभी नाखुश हैं।