दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, तीन हमलावरों ने जिम के बाहर मारी गोली

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के नरेला क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से सनसनी फैल गई। यह घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर पर गोली चलाई और मौके से भाग गए। इसमें प्रॉपर्टी डीलर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक प्रॉपर्टी डीलर की पहचान 42 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले के राई के अंतर्गत आने वाले नाहरी गांव के रहने वाले थे। प्रमोद कुमार मुकुल प्रॉपर्टी के संचालक थे और गांव में मुकुल गार्डन के नाम से उनका बैंक्वेट हॉल है। प्रमोद को नरेला के बांकनेर में जिम के बाहर गोली मारी गई। बताया गया कि तीन अज्ञात हमलावरों ने प्रमोद की हत्या की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के कारण प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी बीच, स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, इस हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। इससे पहले, दिल्ली के रोहिणी से बीते दिन लूट और हत्या की घटना सामने आई। मृतक की पहचान करीब 60 साल के राकेश खन्ना के रूप में हुई। शुरुआती पुलिस जांच में पता चला कि मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे तीन लोग घर में घुसे, जबकि चौथा साथी बाहर निगरानी कर रहा था। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी। रेकी 30 अगस्त को, यानी घटना से दो दिन पहले की गई थी। घर से करीब 1.5 लाख रुपए कैश और कुछ सोने के गहने लूटे गए थे। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान सिमरन तनेजा, चिराग और पारस के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 23 साल की सिमरन तनेजा, जो मृतक की भतीजी है, इस साजिश की मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई।

आंध्र प्रदेश : तिरुपति एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने की एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज

अमरावती। सीआईएसएफ की ओर से गुरुवार को तिरुपति एयरपोर्ट पर एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सीआईएसएफ की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई। ‘एक्स’ पर पोस्ट में सीआईएसएफ ने लिखा, “सीआईएसएफ यूनिट एएसजी तिरुपति में एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज आयोजित।” सीआईएसएफ ने लिखा, “तिरुपति एयरपोर्ट पर तय आपातकालीन और एंटी-हाइजैकिंग एक्सरसाइज प्लान के तहत हाइजैक किए गए विमान की लैंडिंग जैसी स्थिति का अभ्यास करने के लिए सालाना एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज (एएचएमई) 2026 आयोजित की गई। सीआईएसएफ ने लिखा, “ऑपरेशनल तैयारी का आकलन करने के लिए सीआईएसएफ, राज्य पुलिस, एएआई, बीसीएएस, आईबी, एयरलाइंस, फायर सर्विस, बीडीडीएस, मेडिकल और अन्य संबंधित एजेंसियों ने इस एक्सरसाइज में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस एक्सरसाइज से अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल, समय पर कार्रवाई और संकट के समय प्रभावी प्रतिक्रिया को और मजबूत किया गया। एयरोड्रोम कमेटी ने निष्कर्ष निकाला कि एक्सरसाइज के उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं।” इससे पहले 1 सितंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संयुक्त मॉक एक्सरसाइज की गई थी। सीआईएसएफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-2 के पास पुराने एटीसी पर आतंकवाद-रोधी संयुक्त मॉक एक्सरसाइज की गई थी। इसमें सीआईएसएफ, दिल्ली पुलिस, एनएसजी, डीएफएस, बीसीएएस, डीजीसीए, एआरएफएफ, आरएक्सए, डीआईएएल और दूसरी संबंधित एजेंसियों ने हिस्सा लिया था। सीआईएसएफ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में आगे लिखा, “इस एक्सरसाइज का मकसद असल समय में संकट के समय की प्रतिक्रिया को परखना, अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल को बेहतर बनाना, समय पर जरूरी संसाधन जुटाना और सुरक्षा से जुड़े नए खतरों का असरदार तरीके से सामना करने की तैयारी को मजबूत करना था।