सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ

गाजियाबाद। मातृशक्ति के सम्मान में मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथए उप्र सरकार द्वारा लखनऊ में रक्षाबन्धन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा प्रदान किये जाने की योजना का शुभारम्भ किया गया। इस योजना को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के नाम से प्रारम्भ किया गया। लखनऊ में किये गये उक्त आयोजन को प्रदेश के 75 जनपदों में वीडियो कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से सीधे प्रसारित किया गया। रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा माताओं बहनों एवं बेटियों को भी नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को प्रात: 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इससे पर्व के दौरान महिलाएं अपने मायके एवं अन्य गंतव्यों तक बिना किसी अतिरिक्त यात्रा व्यय के सुविधापूर्वक आवागमन कर सकेंगी।जनपद गाजियाबाद में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाईव देखने हेतु हिन्दी भवन लोहिया नगर गाजियाबाद में व्यवस्था सुनिश्चित की गयी। समारोह में मुख्य अतिथि नरेन्द्र कश्यप मा. राज्य मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्ति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार जनपद गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष भाजपा चैन पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबन्धक, उप्र परिवहन निगम गाजियाबाद क्षेत्र केसरी नन्दन चैाधरी सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मेफेयर रेजिडेंसी ने अपने फ्रीडम फ्रॉम रेंट कैंपेन के तहत 30 दिनों में 200 घरों की बिक्री दर्ज की

नई दिल्ली। सुपर सिटी डेवलपर्स के टेकजोन-4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्रोजेक्ट मेफेयर रेजिडेंसी ने अपने 20:80 फ्रीडम फ्रॉम रेंट कैंपेन के तहत महज 30 दिनों में 200 घरों की बिक्री दर्ज की है। इस कैंपेन को होमबायर्स की ओर से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इस कैंपेन का आइडिया काफी आसान है। अभी सिर्फ 20 प्रतिशत भुगतान करें और बाकी 80 प्रतिशत रकम पजेशन ऑफर होने के समय दें, लागू नियम और शर्तों के अनुसार। यह कैंपेन सुपर सिटी डेवलपर्स और प्रोजेक्ट के प्रमुख चैनल पार्टनर बिग बक्स इंडिया के बीच लगातार हुई बातचीत के बाद तैयार किया गया। होम लोन लेने वाले खरीदारों के लिए इससे लोन की बड़ी रकम का भुगतान उस समय के करीब आ जाता है, जब वे अपने नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे होते हैं। हालांकि यह संबंधित बैंक की लोन मंजूरी और डिस्बर्समेंट की शर्तों पर निर्भर करेगा। 20 प्रतिशत अभी, 80 प्रतिशत पजेशन के समय किराए से आजादी की ओर एक कदम सुपर सिटी डेवलपर्स के जुबिन मिगलानी ने कहा, जब हम मेफेयर रेजिडेंसी के अगले फेज को लेकर बिग बक्स की टीम के साथ चर्चा कर रहे थे, तो हमारा फोकस सिर्फ एक और डिस्काउंट कैंपेन बनाने पर नहीं था। जो होमबायर पहले से किराया दे रहा है, उसके लिए यह जरूरी है कि नए घर की जिम्मेदारी लेने के बाद लंबे समय तक उस पर अतिरिक्त फाइनेंशियल बोझ न रहे, जबकि वह अभी अपने घर में रह भी नहीं रहा है। इसी सोच से 20:80 स्ट्रक्चर तैयार हुआ। आज 20 प्रतिशत भुगतान करें और बाकी 80 प्रतिशत पजेशन ऑफर होने पर। उन्होंने आगे कहा यह स्ट्रक्चर मेफेयर रेजिडेंसी के मौजूदा कंस्ट्रक्शन स्टेज में हमारे भरोसे को भी दिखाता है। अभी हमारा पूरा फोकस प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने और पजेशन की दिशा में काम करने पर है। इस मॉडल में हमारे और ग्राहकों दोनों के हित एक-दूसरे से जुड़े हैं। हमारा लक्ष्य प्रोजेक्ट पूरा करके पजेशन देना है, जबकि ग्राहक की खरीद की एक बड़ी रकम उस महत्वपूर्ण पड़ाव तक सुरक्षित रहती है।

सातवें वेतन आयोग के एरियर को लेकर अनुबंधित शिक्षकों की जोन चेयरमैन के साथ बैठक

नई दिल्ली।सातवें वेतन आयोग के लंबित एरियर के भुगतान को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं अनुबंधित अध्यापक एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन चेयरमैन पंकज लूथरा के साथ बैठक की। बैठक के दौरान डीसीए लेखा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। जहां शाहदरा उत्तरी जोन के अनुबंधित अध्यापकों के लंबित एरियर के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस जोन में करीब ९०० अनुबंधित अध्यापकों को सातवें वेतन आयोग के एरियर का लाभ मिलना था। इनमें से करीब ४०० अध्यापकों को भुगतान हो चुका है, जबकि लगभग ५०० शिक्षक अभी भी एरियर से वंचित हैं। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की।बैठक में डीसीए लेखा विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लंबित सभी वाउचर का जल्द सत्यापन किया जाएगा। वाउचर में पाई जाने वाली आवश्यक आपत्तियों का समाधान कराने के बाद एरियर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। जोन चेयरमैन पंकज लूथरा ने भी शिक्षकों की मांग को गंभीरता से लेते हुए कहा कि शाहदरा उत्तरी जोन के वंचित अनुबंधित अध्यापकों को सातवें वेतन आयोग के एरियर का लाभ जल्द दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान निगम निकाय से सचिव कुलदीप कादयान, संयुक्त मंत्री सोनू कुमार नॉर्थ ईस्ट जोन से मंत्री अशोक पाल, उपाध्यक्ष अंशु शर्मा, श्रवण कुमार, पूजा कथुनिया, ख्याति, विशेश्वर कुमार, अमित प्रकाश, नैंसी जैन, प्रवेश वर्मा सहित अन्य अनुबंधित अध्यापक शामिल रहे।

सोशल मीडिया पर चलाई जा रही भ्रमात्मक पोस्ट को लेकर भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने डीसी सौंपा शिकायत पत्र

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा का एक तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस के मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह से मिला और उन्हे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सम्बंध में कांग्रेस पार्टी एवं अन्यों के द्वारा सोशल मीडिया पर चलाई जा रही एक झूठी एवं भ्रमात्मक पोस्ट को लेकर एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा। इस मौके पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि यह दुखद है की राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला करने में अक्षम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी जैसे अन्य दल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों एवं इंफलूयंसरों का दुरूपयोग करके भाजपा एवं उसके नेताओं पर आक्षेप लगा कर बदनाम करने की कोशिश करते हैं।

एशियन गेम्स 2026 में उत्तर रेलवे के 8 खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

नई दिल्ली। भारतीय रेल को देश की जीवनरेखा कहा जाता है। परिवहन के साथ-साथ देश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में भी भारतीय रेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। इसी गौरवशाली परम्परा को आगे बढ़ाते हुए उत्तर रेलवे के लिए यह हर्ष और गर्व का विषय है कि उसके 8 प्रतिभाशाली खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। रेलवे के मुताबिक चयनित खिलाड़ी कबड्डी,जयदीप दहिया,आशु मलिक, पूजा काजला, हॉकी,यशदीप सिवाच (पुरुष) नेहा, शिल्पी डबास, साक्षी राणा (महिला) मुक्केबाजी,प्रिया धनघस। उत्तर रेलवे में खेलों की इस निरंतर प्रगति के पीछे खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और उत्तर रेलवे खेलकूद संघ के पदाधिकारियों का सहयोग है। उत्तर रेलवे खेलकूद संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार तथा अवैतनिक महासचिव एवं सीएसटीई/प्रोजेक्ट वाई.एस.गुलेरिया द्वारा खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास उत्तर रेलवे की खेल उपलब्धियों को नई गति प्रदान कर रहे हैं।

पीएम मोदी के विजन के तहत हाई-डेंसिटी रूट्स को फोर-लेन करने से रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी:वैष्णव

नई दिल्ली। रेल सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत के 7 हाई-डेंसिटी रेल रूट्स को फोर-लेन करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। करीब 11,000 किलोमीटर में फैले ये 7 हाई-डेंसिटी रूट्स देश के कुल रेल ट्रैफिक का लगभग 41 प्रतिशत संभालते हैं, जबकि ये पूरे रेल नेटवर्क का केवल 16 प्रतिशत हैं। इन प्रमुख 7 हाई.डेंसिटी रूट्स में शामिल हैं। दिल्ली-हावड़ा, हावड़ा-चेन्नई, चेन्नई-मुंबई, मुंबई-दिल्ली, दिल्ली-चेन्नई, मुंबई-हावड़ा, दिल्ली-गुवाहाटी। अश्विनी वैष्णव रेल सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत इन हाई-डेंसिटी रूट्स को फोर-लेन करने से रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी और बढ़ते यात्री एवं माल परिवहन को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी। इस विस्तार से व्यस्त रेल मार्गों पर अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी, परिवहन लागत कम करने में मदद मिलेगी तथा पर्यावरण के अनुकूल और अधिक कुशल रेल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

जम्मू-कश्मीर: पुंछ सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत की आशंका, 5 घायल

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में बुधवार को हुए सड़क हादसे में छह लोगों की मौत की आशंका है और पांच अन्य घायल हो गए हैं। लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पुंछ में एक दुखद सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों को तुरंत मदद दी जाए। राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए वरिष्ठ सिविल और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जबकि स्थानीय लोग भी इस काम में शामिल हुए। अधिकारियों के अनुसार, हादसा सुरनकोट के शिएंद्रा इलाके के पास हुआ। छह लोगों की मौत की आशंका है, जबकि पांच अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान के बारे में और जानकारी का इंतजार है। पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, रियासी और उधमपुर जैसे पहाड़ी जिले जानलेवा सड़क हादसों के लिए जाने जाते हैं। विशेषज्ञ इन घटनाओं के लिए खराब सड़कों, तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार, ओवर-लोडिंग और रोड रेज को जिम्मेदार मानते हैं। ट्रैफिक अधिकारियों ने अनुशासन बनाए रखने के लिए इन जिलों में विशेष चेकिंग स्क्वाड तैनात किए हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) जम्मू-कश्मीर में अखबारों के जरिए ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर मिलने वाली सजाओं के बारे में चेतावनी जारी कर रहे हैं। इनमें रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करना, और नाबालिगों के गाड़ी चलाते पाए जाने पर माता-पिता पर जुर्माना लगाना शामिल है। पेट्रोल स्टेशनों को सलाह दी गई है कि वे बिना हेलमेट वाले दो-पहिया वाहन चालकों को फ्यूल न दें। एक और बड़ी समस्या युवाओं द्वारा स्टंट ड्राइविंग है; अधिकारी इसमें शामिल वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द कर रहे हैं और ट्रैफिक कंट्रोल रूम में माता-पिता की काउंसलिंग कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल: रेलवे लाइन और नेशनल हाईवे के बीच शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच शुरू

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर के बेल्डा के रानीसराई इलाके में बुधवार को रेलवे लाइन और नेशनल हाईवे के बीच एक रहस्यमयी शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों को शक है कि शायद हत्या करके शव को यहां फेंक दिया गया है। शव की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और बेल्डा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जिस जगह शव मिला था, उसे चिह्नित कर घेर लिया गया है। खड़गपुर के एसडीपीओ आईपीएस सिद्धार्थ सिंह डांगी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा पूरी घटना की जांच चल रही है। हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान पता लगाने की कोशिश कर रही है। वहीं, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सैंपल इकट्ठा किए। घायल हालत में मिले शव वाली जगह पर पुलिस डॉग और फोरेंसिक टीम के साथ शव की जांच और स्थानीय लोगों से बातचीत करने में जुटी है। बता दें कि बुधवार को हत्या की इसी प्रकार की दूसरी घटना झारखंड के हजारीबाग जिले से सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के दौरान एक शख्स ने अपने ही छह माह के मासूम बेटे की फर्श पर पटककर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव में एक परिवार में सास और बहू के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान आरोपी आकाश कुमार वहां पहुंचा। सास-बहू के झगड़े से उग्र होकर आकाश ने कमरे में सो रहे अपने छह महीने के बेटे अंश कुमार को उठा लिया और घर के पीछे बने कुएं के पास ढलाई वाले पक्के फर्श पर पटक दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मासूम लहूलुहान हो गया। आरोप है कि घटना के बाद बच्चे की मां निराली कुमारी ने अपने पति से बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने इलाज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद मां खुद बच्चे को लेकर हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दी।

द ग्रेट खली: बचपन में की मजदूरी, जूते खरीदने तक के नहीं थे पैसे, डब्ल्यूडब्ल्यूई वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनकर रचा इतिहास

नई दिल्ली। द ग्रेट खली के नाम से विश्व भर में मशहूर दलीप सिंह राणा किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सात फीट और एक इंच लंबे खली ने अपने विशाल कद-काठी के दम पर डब्ल्यूडब्ल्यूई में खास पहचान बनाई। वह वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय बने। 27 अगस्त, 1972 को हिमाचल प्रदेश में जन्मे खली का बचपन काफी गरीबी में बीता। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने के लिए वह बचपन से ही मजदूरी करने लगे। हालांकि, खली आम बच्चों की तरह नहीं थे। उनका शरीर शुरुआत से ही बेहद विशाल था। खली के जीवन में एक समय ऐसा भी था, जब उनके पास जूते पहनने तक के पैसे नहीं थे। तभी खली ने यह ठान लिया था कि वह जीवन में इतना पैसा कमाएंगे कि कभी उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। खली पत्थर तोड़ने का काम किया करते थे। इसके बाद उन्हें शिमला में एक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिल गई। इसी दौरान पंजाब पुलिस के एक अधिकारी की नजर खली के विशालकाय शरीर पर पड़ी और उन्होंने दलीप सिंह को पुलिस की नौकरी ऑफर की, जिसे खली ने स्वीकार कर लिया। पुलिस में भर्ती के बाद खली के पास सरकारी नौकरी थी, लेकिन उनके मन में कुछ बड़ा करने की इच्छा अभी भी पनप रही थी। पुलिस में रहते हुए ही उन्होंने बॉडी बिल्डिंग करनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जल्द ही अमेरिका बुला लिया गया और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। खली की साल 2006 में डब्ल्यूडब्ल्यूई में एंट्री हुई। खली ने डब्ल्यूडब्ल्यूई में कई दिग्गज रेसलर अंडरटेकर, ट्रिपल एच, बिग शो, बटिस्टा और जॉन सीना को धूल चटाई और वह एक साल में ही हेवीवेट चैंपियन बन गए। उन्होंने रेसलमेनिया और समरस्लैम जैसे बड़े इवेंट में भी अपना जलवा बिखेरा। साल 2014 में खली को डब्ल्यूडब्ल्यूई से रिलीज किया गया। खली फिल्मी दुनिया में भी हाथ आजमा चुके हैं। इसके साथ ही वह मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में भी नजर आ चुके हैं।

हिजाब को इस्लाम से जोड़कर असदुद्दीन ओवैसी ने नई चाल चली है : मौलाना साजिद रशीदी

नई दिल्ली। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के प्रेसिडेंट मौलाना साजिद रशीदी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के हिजाब वाले फैसले की आलोचना की। उन्होंने कई विवादित मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी, टीपू सुल्तान को पहला शहीद और मुगलों को रोल मॉडल बताया। इसके साथ ही यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) और वंदे मातरम को जरूरी करने का विरोध किया। दिल्ली में  बात करते हुए मौलाना साजिद रशीदी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले पर एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हेडस्कार्फ हिजाब नहीं है, यह बात समझनी जरूरी है। हिजाब का मतलब है कि कोई महिला या लड़की चादर या किसी और चीज से अपना पूरा शरीर ढके। मेरा मानना है कि इसे इस्लाम से जोड़कर असदुद्दीन ओवैसी ने एक नई चाल चली है और मुस्लिम वोटरों को लुभाने की कोशिश की है। कोर्ट ने कहा कि हिजाब इस्लाम का जरूरी हिस्सा नहीं है, जबकि सुप्रीम कोर्ट पहले ही कह चुका है कि यह इस्लाम का हिस्सा है और स्कूलों में इस पर रोक नहीं लगाई जा सकती।” उन्होंने कहा, “2022 में कर्नाटक हाईकोर्ट का एक फैसला था, जिसे सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज किया गया। सुप्रीम कोर्ट के जज ने उस पर फैसला दिया और कहा कि स्कूल और कॉलेजों में हिजाब पर पाबंदी नहीं लगाई जा सकती। सवाल यह है कि क्या इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज ने अपना फैसला सुप्रीम कोर्ट के जज को देखे बगैर दे दिया। कहीं उनके दिमाग में प्रमोशन की बात तो नहीं कि अगर सरकार के फेवर में फैसला देंगे तो कहीं प्रमोशन मिल जाए। दूसरी बात, वो बच्ची 10 सालों तक हेड स्कार्फ के साथ उसी स्कूल में पढ़ी, उस समय न स्कूल और न ही कोर्ट को ऐतराज था। हाईकोर्ट ने स्कूल के प्रिंसिपल को यह सवाल क्यों नहीं पूछा कि 10 सालों तक आपको क्यों ऐतराज नहीं था और अब स्कार्फ क्यों उतारना चाहते हैं। कोर्ट को स्कूल की मान्यता रद्द करके उस पर बहुत बड़ा जुर्माना लगाना चाहिए था। इस्लाम के नाम पर बच्ची को टारगेट किया गया है। ओवैसी के बयान पर उन्होंने कहा, “हेड स्कार्फ हिजाब नहीं होता। हिजाब का मतलब औरत अपने पूरे जिस्म को ढके। वहीं, स्कार्फ में सिर्फ पीछे का सिर यानी बाल कवर होता है। उसे इस्लाम से जोड़कर ओवैसी ने अपना नया खेल खेला है और अपना वोट साधने की कोशिश की है। हालांकि, हेड स्कार्फ का मतलब हिजाब नहीं है।” वंदे मातरम के मुद्दे पर साजिद रशीदी ने कहा, “कांग्रेस, सपा और दूसरी पार्टियां जो अपने आप को सेक्युलर कहती हैं, उन्होंने भाजपा के जाल में फंसकर वंदे मातरम का विरोध नहीं किया। हालांकि, उन्हें यह पता नहीं है कि यह मुसलमानों की आस्था के खिलाफ है। हम संविधान और कानून को मानने वाले लोग हैं। हम वंदे मातरम को नहीं गाएंगे।” यूसीसी पर उन्होंने कहा, “यूसीसी भी जबरदस्ती मुसलमानों पर थोपा जा रहा है। हमें तीन चीजें, निकाह, तलाक और विरासत, संविधान ने दी है। हम उसे इस्लाम के मुताबिक करेंगे। आप यूसीसी या दूसरे कानून लाइए, लेकिन हम इस्लाम को नहीं छोड़ सकते। हमारा संविधान हमें यह इजाजत देता है।” मालेगांव महानगर पालिका में टीपू सुल्तान की फोटो लगाए जाने का समर्थन करते हुए रशीदी ने कहा, “टीपू सुल्तान हिंदुस्तान में सबसे पहले अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले शहीद हैं। ऐसा नहीं है कि हम टीपू सुल्तान को मानेंगे तो देश विरोधी हो जाएंगे। मुगलों ने हिंदुस्तान का क्या बिगाड़ा है? सही मायने में वे रोल मॉडल थे। लेकिन आज उन्हीं मुगलों को आक्रांता कहा जाता है।